शुक्रवार, 12 जून 2026

इन्वर्टर से करंट लगने पर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 शव के गाँव पहुंचते ही गांव पहुंचते ही छाया मातम

रुद्रपुर  (देवरिया) मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नेतवार निवासी एक युवक की गोरखपुर में गुरुवार की रात्री इन्वर्टर से करंट लगने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पैतृक गांव नेतवार में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को शव गांव लाया गया  जहां अंतिम दर्शन के बाद बरहज स्थित मुक्ति पथ पर अंतिम संस्कार किया गया

जानकारी के अनुसार नेतवार गांव निवासी हरिशंकर पाण्डेय भारतीय वायु सेना में कार्यरत हैं और परिवार के साथ गोरखपुर के बिलन्दपुर मोहल्ले में रहते हैं। बताया जाता है कि गुरुवार रात उनके छोटे पुत्र दीपू पाण्डेय घर में लगे इन्वर्टर से प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई।

बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे पत्नी नेहा पाण्डेय, एक पुत्र एवं एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्वजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नालों की सफाई में करोड़ों के खेल का आरोप, टास्क फोर्स गठित कर जांच की मांग

 

रुद्रपुर देवरिया बाढ़ से बचाव के लिए कराई जा रही नालों की सिल्ट सफाई में बड़े पैमाने पर अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह के प्रतिनिधि एवं समाजसेवी हरेंद्र सिंह त्यागी ने प्रशासन से टास्कफोर्स गठित कर भौतिक सत्यापनकराने की मांगकी है।

त्यागी ने आरोप लगाया कि बाढ़ खंड विभाग द्वारा जनपद के लगभग 10 नालों की खुदाई और सिल्ट सफाई का कार्य कराया गया है, लेकिन अधिकांश कार्य केवल कागजों तक ही सीमित दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर नाममात्र का कार्य कराकर पूरे प्रोजेक्ट का भुगतान करने की तैयारी चल रही है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका बढ़ गई है।

उन्होंने विशेष रूप से कुरला नाले की सफाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि वास्तविक रूप से कार्य हुआ होता तो नालों की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई देती। बरसात शुरू होने के बावजूद कई नालों में जल निकासी की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। ऐसे में बाढ़ और जलभराव का खतरा बना हुआ है, जिसका खामियाजा किसानों और ग्रामीणों को भुगतना पड़ सकता है।

हरेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए प्रशासन को अधिकारियों की एक टास्क फोर्स गठित करनी चाहिए, जो सभी नालों का भौतिक सत्यापन कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करे। उन्होंने मांग की कि जांच में यदि किसी संस्था, ठेकेदार या विभागीय अधिकारी की लापरवाही अथवा भ्रष्टाचार सामने आता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए और सरकारी धन की क्षति की भरपाई भी सुनिश्चित की जाए।

त्यागी ने कहा कि जनहित से जुड़े इस गंभीर मामले में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। यदि समय रहते नालों की वास्तविक स्थिति की जांच नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान जलभराव और बाढ़ की समस्या विकराल रूप ले सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

नालों की सफाई को लेकर उठे इन आरोपों के बाद बाढ़ खंड विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

डीएम के औचक निरीक्षण से कलेक्ट्रेट में मचा हड़कंप, समयबद्ध कार्य निष्पादन के दिए निर्देश

रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न अनुभागों और कार्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका भी देखी और सभी को समय से कार्यालय पहुंचने की हिदायत दी।

 संयुक्त कार्यालय व रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने संयुक्त कार्यालय, रिकॉर्ड रूम, नजारत तथा जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय समेत विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालयों की साफ-सफाई और पत्रावलियों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कर्मचारियों से कहा कि वे अपने कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तत्परता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा जनता से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। उनके औचक निरीक्षण से कलेक्ट्रेट परिसर में दिनभर प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं।

गुरुवार, 11 जून 2026

ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में बार एसोसिएशन ने उठाई आवाज


रुद्रपुर,देवरिया।बारएसोसिएशन संघ रुद्रपुर नेप्रदेश में प्रस्तावित ई-रजिस्ट्री व्यवस्था का विरोध करते हुए प्रमुख सचिव स्टांप एवं पंजीयन, उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम रुद्रपुरअवधेश निगम को सौंपा।ज्ञापन बार एसोसिएशन के महामंत्री विनोद कुमार पाठक के नेतृत्व में दिया गया।

महामंत्री विनोद कुमार पाठक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि स्टांप एवं पंजीयन विभाग द्वारा 4 जून 2026 को जारी पत्र के माध्यम से ई-रजिस्ट्री व्यवस्था को अधिकृत संस्थाओं के जरिए संचालित करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत आम लोगों की संपत्तियों की खरीद-फरोख्त से संबंधित दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन और पंजीकरण अधिकृत संस्थाओं के माध्यम से कराने का प्रावधान किया जा रहा है।

बार एसोसिएशन का कहना है कि इस व्यवस्था से अधिवक्ताओं की भूमिका प्रभावित होगी तथा पंजीकरण प्रक्रिया में उनकी सहभागिता कम हो जाएगी। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान व्यवस्था में अधिवक्ता दस्तावेजों की वैधानिक जांच-पड़ताल कर आमजन को आवश्यक कानूनी परामर्श प्रदान करते हैं, जिससे विवादों की संभावना कम रहती है।

संघ ने मांग की है कि अधिवक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाए तथा वर्तमान प्रणाली को यथावत रखा जाए। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।

बार एसोसिएशन संघ रुद्रपुर ने शासन से अधिवक्ताओं एवं आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए ई-रजिस्ट्री से संबंधित प्रस्तावित व्यवस्था को वापस लेने की मांग की है।

पिड़रा स्थित गोर्रा नदी में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल, बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा गया

रुद्रपुर, देवरिया। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ एवं आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के पिड़रा स्थित गोर्रा नदी पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की टीमों ने बाढ़ जैसी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।

प्रदेश सरकार द्वारा बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आयोजित मॉक ड्रिल में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। उपजिलाधिकारी अवधेश कुमार निगम के नेतृत्व में खोज एवं बचाव अभियान संचालित किया गया, जिसमें नदी में डूब रहे लोगों को पीएसी की जल पुलिस टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान किया।

मॉक ड्रिल के दौरान इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) के तहत गठित इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम (आईआरटी) ने आपदा के समय विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर ने इंसिडेंट कमांडर के रूप में जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. विपिन रंजन तथा सिंचाई विभाग (बाढ़ खंड) के सहायक अभियंता अरविंद कुमार डीईओसी में मौजूद रहे। आपदा विशेषज्ञ पंकज कुमार ने विभिन्न विभागों एवं तहसीलों के बीच समन्वय स्थापित कर मॉक ड्रिल को सफल बनाया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में आपदा लिपिक रंजन पांडेय, शिखा कुशवाहा, पंकज कुमार पांडेय सहित पीएसी, अग्निशमन, स्वास्थ्य, पुलिस, वायरलेस एवं सिंचाई (बाढ़ खंड) विभाग की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा बाढ़ सुरक्षा को लेकर तटबंधों की निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, राहत शिविरों की तैयारी तथा आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने के लिए लगातार मॉक ड्रिल एवं जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि आपदा की स्थिति में जनहानि और नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

किसान की मौत के बाद जागा प्रशासन, निराश्रित पशु पकड़कर भेजा गौ आश्रय केंद्र

 रुद्रपुर, देवरिया। पिड़रा गांव में आवारा सांड के हमले में एक किसान की मौत के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया। गुरुवार को विकास खंड अधिकारी एजाज अहमद के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर 35 निराश्रित पशुओं को पकड़कर गौ आश्रय केंद्र भेजा गया।

अभियान के तहत विकास खंड के सफाईकर्मी, ग्राम सचिव, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम विकास एवं पंचायती राज) तथा पशुपालन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। कैटल कैचर की सहायता से पकड़े गए पशुओं को वाहनों में लादकर पिपरा चंद्रभान स्थित गौ आश्रय केंद्र पहुंचाया गया। पशुओं के परिवहन के लिए विकास खंड के सचिवों द्वारा वाहनों की व्यवस्था की गई।

बीडीओ एजाज अहमद ने बताया कि क्षेत्र में निराश्रित पशुओं से किसानों को हो रही परेशानी को देखते हुए अभियान चलाया गया है। आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि लोगों को राहत मिल सके।

इस दौरान एडीओ वीरेंद्र प्रकाश मिश्रा, दीनानाथ प्रजापति, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बी.के. पटेल, सचिव विकास भारती, बैजनाथ गोंड, संतोष सिंह, आलोक सिंह, सत्यदेव पांडेय, गौरव सोनकर, विजय सिंह, जितेंद्र, राकेश यादव, नेबूलाल, राजू सिंह, सावन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में बार एसोसिएशन ने उठाई आवाज

रुद्रपुर, देवरिया। बार एसोसिएशन संघ रुद्रपुर ने प्रदेश में प्रस्तावित ई-रजिस्ट्री व्यवस्था का विरोध करते हुए प्रमुख सचिव स्टांप एवं पंजीयन, उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम रुद्रपुर अवधेश निगम को सौंपा। ज्ञापन बार एसोसिएशन संघ रुद्रपुर के नेतृत्व में दिया गया।

 एसोसिएशन संघ अपने पत्र में उल्लेख किया है कि स्टांप एवं पंजीयन विभाग द्वारा 4 जून 2026 को जारी पत्र के माध्यम से ई-रजिस्ट्री व्यवस्था को अधिकृत संस्थाओं के जरिए संचालित करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत आम लोगों की संपत्तियों की खरीद-फरोख्त से संबंधित दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन और पंजीकरण अधिकृत संस्थाओं के माध्यम से कराने का प्रावधान किया जा रहा है।

बार एसोसिएशन का कहना है कि इस व्यवस्था से अधिवक्ताओं की भूमिका प्रभावित होगी तथा पंजीकरण प्रक्रिया में उनकी सहभागिता कम हो जाएगी। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान व्यवस्था में अधिवक्ता दस्तावेजों की वैधानिक जांच-पड़ताल कर आमजन को आवश्यक कानूनी परामर्श प्रदान करते हैं, जिससे विवादों की संभावना कम रहती है।

संघ ने मांग की है कि अधिवक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाए तथा वर्तमान प्रणाली को यथावत रखा जाए। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।

बार एसोसिएशन संघ रुद्रपुर ने शासन से अधिवक्ताओं एवं आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए ई-रजिस्ट्री से संबंधित प्रस्तावित व्यवस्था को वापस लेने की मांग की है।

थोड़ी सी बारिश में जलमग्न हुआ परिसर, हाईटेक बस स्टेशन के दावे पानी में आये बहते नजर

 चौंकिए मत! यह तालाब नहीं, रुद्रपुर का बस स्टेशन है

रुद्रपुर, देवरिया। चौंकिए मत, तस्वीर में दिख रहा नजारा किसी तालाब या पोखरे का नहीं, बल्कि रुद्रपुर बस स्टेशन परिसर का है। पहली ही बारिश ने बस स्टेशन की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। परिसर पूरी तरह पानी से लबालब भर गया है, जिससे यात्रियों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रुद्रपुर बस स्टेशन इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर मीडिया की सुर्खियों तक छाया हुआ है। वर्षों से जनप्रतिनिधियों द्वारा इसे हाईटेक बस स्टेशन बनाने के सपने दिखाए जाते रहे हैं। लाखों से लेकर करोड़ों रुपये खर्च करने की घोषणाएं हुईं, योजनाएं बनीं, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

हर बरसात में जलभराव की समस्या सामने आती है। पानी भरने के बाद नगर पंचायत और प्रशासन द्वारा एसडीएम के साथ मौके पर पहुंचकर पानी निकलवाने की कवायद की जाती है और खूब प्रचार-प्रसार भी होता है, लेकिन नतीजा वही "ढाक के तीन पात" साबित होता है।

गुरुवार को हुई बारिश के बाद एक बार फिर बस स्टेशन परिसर तालाब में तब्दील हो गया। यात्रियों को पानी में होकर गुजरना पड़ा, जबकि दुकानदारों और वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

गौरतलब है कि देवरिया जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के विभाग से जुड़ा यह बस स्टेशन लंबे समय से विकास की बाट जोह रहा है। जनता को हाईटेक बस स्टेशन का सपना दिखाया गया, लेकिन आज भी मूलभूत सुविधाएं नसीब नहीं हो सकी हैं।

अब यह भी बताया जा रहा है कि बस स्टेशन के विकास कार्यों पर न्यायालय का स्टे लगा हुआ है। हालांकि सवाल यह है कि जब तक स्टे हटेगा, तब तक क्या हर बरसात में यात्रियों को इसी तरह जलभराव की समस्या झेलनी पड़ेगी?

फिलहाल रुद्रपुर की जनता पूछ रही है— आखिर हाईटेक बस स्टेशन का सपना कब हकीकत बनेगा, या फिर यह भी सिर्फ एक और चुनावी लॉलीपॉप साबित होगा?

सड़क किनारे गड्ढे में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

रुद्रपुर (देवरिया) कोतवाली क्षेत्र के महाराजगंज-बनियनी मार्ग पर रनिहवा मोड़ के समीप गुरुवार सुबह एक 45 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भलुअनी थाना क्षेत्र के बढ़या फुलवरिया निवासी जितेंद्र तिवारी (45) के रूप में हुई। बताया जाता है कि वह मदनपुर स्थित अपने ससुराल आए हुए थे। बुधवार को किसी कार्य से बाइक से बैतालपुर गए थे। देर रात अथवा भोर में वापस लौटते समय उनका शव रनिहवा मोड़ के पास सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पड़ा मिला।

गुरुवार सुबह राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची रुद्रपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

बुधवार, 10 जून 2026

आकाशीय बिजली गिरने से वृद्ध महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

रुद्रपुर (देवरिया)। क्षेत्र के जोगिया गांव में गुरुवार भोर आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर राजस्व एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार जोगिया गांव निवासी अनारी देवी (65) पत्नी सूर्यपाल गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे शौच के लिए घर से बाहर गई थीं। इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी-पानी के साथ बिजली कड़क रही थी। बताया जाता है कि अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अनिल तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराई तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

नायब तहसीलदार अनिल तिवारी ने बताया कि यह दैवीय आपदा की घटना है। शासन की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मृतका अपने पीछे एक पुत्र तथा दो विवाहित पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक सड़क हादसा में घायल

नगवा खास-असवनपार  के बीच हुआ बुधवार की सुबह हादसा

रुद्रपुर, देवरिया। यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने वाराणसी से देवरिया आ रहे एक युवक की बुधवार को सड़क दुर्घटना में घायल होने की घटना सामने आई। हादसा रुद्रपुर क्षेत्र के अशवन पुल के पास हुआ।

हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बाइक

 जानकारी के अनुसार वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवादा गांव निवासी आकाश यादव पुत्र कमलेश यादव अपने मित्र कुणाल राजभर के साथ बाइक से देवरिया स्थित अशोक इंटर कॉलेज में आयोजित यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने आ रहे थे। इसी दौरान नगवा खास-अशवन पुल के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।

दुर्घटना में आकाश यादव गंभीर रूप से चोटिल हो गए। वहीं दूसरी बाइक सवार श्रीराम पुत्र रामदास भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल घायलों की मदद कर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। चिकित्सकों द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है।

विद्यालय संचालन की समस्याओं पर हुई चर्चा, डीआईओएस ने दिया सहयोग का भरोसा

 

रुद्रपुर देवरिया। भारतीय विद्यालय प्रबंधक संघ के प्रति निधिमंडल ने बुधवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) हरिश्चन्द्र नाथ से शिष्टाचार मुलाकात कर विद्यालय संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों से अवगत कराया। इस दौरान संघ पदाधिकारियों ने निजी विद्यालयों के समक्ष आने वाली प्रशासनिक एवं शैक्षिक कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यालयों के सुचारु संचालन के लिए विभाग सदैव सकारात्मक भूमिका निभाएगा। मुलाकात के दौरान भारतीय विद्यालय प्रबंधक संघ की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मणि, राष्ट्रीय संयोजक अभय निगम, राष्ट्रीय महामंत्री राजीव कुमार मिश्रा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बागेश्वरी मिश्र, राष्ट्रीय संगठन मंत्री धनंजय नाथ त्रिपाठी, विवेकानंद पाण्डेय तथा रवि दीक्षित सहित बड़ी संख्या में विद्यालय प्रबंधक उपस्थित रहे।


संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता विपिन कुमार शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि संगठन शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों के समाधान और विद्यालयों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डीआईओएस के साथ हुई वार्ता सकारात्मक रही और इससे विद्यालय प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की उम्मीद मजबूत हुई।

भाजपा नगर मंडल रुद्रपुर ने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में चलाया स्वच्छता अभियान

स्वच्छता से ही स्वस्थ और विकसित भारत का निर्माण संभव

रुद्रपुर। स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत बुधवार को भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल द्वारा प्रसिद्ध दूग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर एवं उसके आसपास साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर  नेताओ ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य देश को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति जागरूक हो जाए तो स्वच्छ और विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार हो सकता है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों एवं अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में सफाई कर श्रद्धालुओं को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता  भाजपा नेता कौशल किशोर सिंह, मंडल महामंत्री शिवम श्रीवास्तव, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, मंडल उपाध्यक्ष शिवशरण वर्मा, राजीव गुप्ता, रामजतन पुजारी, मंडल मंत्री संजीव निगम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आखिरकार शिकंजे में आया 'खूंखार' सांड, किसान की मौत के बाद चला रेस्क्यू ऑपरेशन

रुद्रपुर, देवरिया। पिडरा गांव और आसपास के क्षेत्रों में कई दिनों से दहशत का पर्याय बने हिंसक छुट्टा सांड को बुधवार को पशुपालन विभाग की टीम ने ग्रामीणों, राजस्व विभाग और पुलिस की मदद से सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। सांड के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।

बता दें कि बुधवार सुबह इसी हिंसक सांड के हमले में पिडरा निवासी 54 वर्षीय किसान तेज बहादुर साहनी की मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।

ग्रामीणों, पुलिस और पशुपालन विभाग की संयुक्त कार्रवाई से पकड़ा गया हिंसक छुट्टा सांड

घटना की गंभीरता को देखते हुए पशुपालन विभाग की टीम तत्काल काऊ कैचर वाहन के साथ पिडरा गांव पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों और राजस्व विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से सांड को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत और सतर्कता के बाद टीम ने हिंसक सांड को काबू में कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

ग्राम प्रधान मनोज सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय में आधा दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया था। इसके कारण गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ था। बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया था।

सांड के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और पशुपालन विभाग की कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत जताई। लोगों का कहना है कि अब गांव में भय का माहौल खत्म होगा और जनजीवन सामान्य हो सकेगा।

टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं पर डीएम सख्त, करौदी व परसिया मिश्र में किया औचक निरीक्षण

गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण समय पर हो, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम

रुद्रपुर देवरिया। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और टीकाकरण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को ग्राम करौदी में आयोजित टीकाकरण सत्र तथा परसिया मिश्र स्थित आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

ग्राम करौदी में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) के टीकाकरण सत्र में पहुंचकर जिलाधिकारी ने वैक्सीन, दवाओं और अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी पात्र लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध ढंग से पहुंचाई जाएं।

डीएम ने स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की हिदायत देते हुए मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड (एमसीपी कार्ड) को वास्तविक तथ्यों के आधार पर पूर्ण एवं सही ढंग से भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड की शुद्धता स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बेहद जरूरी है।

आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र परसिया मिश्र

तत्पश्चात जिलाधिकारी परसिया मिश्र स्थित आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) के तहत चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।

धरने पर बैठे फरियादी के भूमि विवाद का हुआ निस्तारण

राजस्व टीम ने पुलिस फोर्स के साथ पहुंच कर कराया निस्तारण

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील क्षेत्र के डहरौली बुजुर्ग गांव निवासी व्यास मुनि शुक्ला द्वारा भूमि विवाद एवं कथित कब्जे की शिकायत को लेकर सोमवार को तहसील परिसर में धरना दिया गया था। यह धरना देर रात्रि तक चला, जिसके बाद नायब तहसीलदार अनिल तिवारी के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।

मामले को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को नायब तहसीलदार अनिल तिवारी राजस्व टीम एवं थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर रुद्रपुर पुलिस बल के साथ डहरौली बुजुर्ग गांव पहुंचे। मौके पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी गई तथा राजस्व अभिलेखों एवं न्यायालय के आदेशों के आधार पर विवाद का समाधान कराया गया।

नायब तहसीलदार ने बताया कि संबंधित भूमि प्रकरण में पूर्व से धारा-24 के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसके अंतर्गत सीमांकन के अनुसार पत्थर भी स्थापित कराए गए थे।

 कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों ने समाधान पर संतोष व्यक्त किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राजस्व अभिलेखों एवं न्यायालयीय आदेशों के अनुरूप ही कार्रवाई की गई है, जिससे लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया।

मंगलवार, 9 जून 2026

छुट्टा सांड के हमले में 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

मनोज रुंगटा

रुद्रपुर, देवरिया। क्षेत्र के पिड़रा गांव में बुधवार सुबह छुट्टा सांड के हमले में एक 54 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। करीब एक घंटे तक चले जाम के कारण आवागमन बाधित रहा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार पिड़रा निवासी तेज बहादुर साहनी (54) पुत्र स्वर्गीय रमाशंकर साहनी बुधवार सुबह अपने खेत जा रहे थे  इसी दौरान एक छुट्टा सांड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। सांड ने उन्हें सींग से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

नाराज ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम अवधेश निगम, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, थाना रुद्रपुर एवं एकौना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लगभग एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।

प्रधान ने डीएम के नाम दिया पत्रक की मुआवजे की मांग

इस दौरान पिड़रा के ग्राम प्रधान मनोज सिंह ने जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने, क्षेत्र में घूम रहे छुट्टा सांडों को तत्काल पकड़वाने तथा पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई न होने के मामले में संबंधित कर्मचारियों की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी छुट्टा सांडों के हमले में राम सूचित यादव, गामा यादव, दीनानाथ यादव, राम प्रताप सिंह, राम सकल यादव सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

देहात मंडल अध्यक्ष विशाल द्विवेदी, भाजपा नेता विश्वविजय निषाद, ग्राम प्रधान मनोज सिंह, भाजपा नेता डी.के. यादव एवं डॉ. पंकज सिंह शब्बीर अहमद अवधेश यादव मंतोष  तिवारीने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में घूम रहे सभी छुट्टा पशुओं को तत्काल पकड़कर गौ संरक्षण केंद्र भेजा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

खजुआ चौराहे पर देव दीपावली समिति ने लगाया शरबत वितरण स्टाल

शरबत पीकर  राहगीरों को मिली गर्मी से राहत

रुद्रपुर, देवरिया। भीषण गर्मी को देखते हुए मंगलवार को देव दीपावली समिति द्वारा खजुआ चौराहे पर शरबत वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आने-जाने वाले वाहन चालकों, राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को ठंडा शरबत पिलाकर गर्मी से राहत पहुंचाई गई।

समिति के सदस्यों ने बताया कि समाज सेवा और जनकल्याण संस्था का मुख्य उद्देश्य है। इसी भावना के तहत गर्मी के मौसम में लोगों की सहायता के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में राहगीरों ने शिविर पर पहुंचकर शरबत ग्रहण किया और समिति के इस प्रयास की सराहना की।

समिति के अध्यक्ष कौशल किशोर सिंह ने कहा कि समाज सेवा ही संस्था का मूल उद्देश्य है। भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित एवं लोककल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने लोगों से गर्मी के मौसम में अधिक पानी पीने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने की अपील की।

इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष छठठे  लाल निगम कौशल किशोर सिंह, राजा राम गुप्ता, दिनेश नारायण शुक्ला, तारकेश्वर विश्वकर्मा, मोहन उपाध्याय, राजू कनौजिया, रमेश जायसवाल, राजेंद्र शर्मा सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से शरबत वितरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

स्थानीय लोगों ने देव दीपावली समिति के इस सामाजिक कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा और सहयोग की भावना मजबूत होती है तथा जरूरतमंदों को राहत मिलती है।

पुरुषोत्तम मास में दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में विशाल भंडारा

हजारो श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण

रुद्रपुर, देवरिया। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर मंगलवार को ऐतिहासिक दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। किंग्डम होटल के प्रोपराइटर सोनू तिवारी द्वारा विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पुरुषोत्तम मास के धार्मिक महत्व को देखते हुए सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी। भगवान दुग्धेश्वर नाथ के दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। आयोजन समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था की थी, जिससे प्रसाद वितरण का कार्य सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर भी मंदिर परिसर पहुंचे और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण में सहभागिता निभाई। उन्होंने स्वयं प्रसाद वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया तथा आयोजन की सराहना की। उनकी मौजूदगी से श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।

आयोजक सोनू तिवारी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास सनातन धर्म में विशेष पुण्यदायी माना जाता है। इसी भावना के साथ श्रद्धालुओं की सेवा एवं धर्मार्थ कार्य के उद्देश्य से भंडारे का आयोजन किया गया है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रसाद वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में विनय त्रिपाठी, रोशन त्रिपाठी, आकाश कनौजिया, शशांक कनौजिया, वीर बहादुर, शेरू त्रिपाठी, प्रधान बनवारी, विक्की त्रिपाठी, अंकित त्रिपाठी आलोक त्रिपाठी .सहित अनेक लोगों ने सक्रिय सहयोग किया। देर शाम तक श्रद्धालुओं का प्रसाद ग्रहण करने का सिलसिला जारी रहा।

पुरुषोत्तम मास के दौरान दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर है। भंडारे के आयोजन ने श्रद्धालुओं के बीच सेवा, समर्पण और धार्मिक एकता का संदेश दिया।

जीएसटी विभाग द्वारा रूद्रपुर मे हुआ व्यापारी संवाद कार्यक्रम

जीएसटी के नए प्रावधानों की दी गई जानकारी, समस्याओं का हुआ समाधान

रुद्रपुर, देवरिया। राज्य कर विभाग खंड-दो, देवरिया द्वारा मंगलवार को रुद्रपुर विकास खंड सभागार में व्यापारी संवाद कार्यक्रम के तहत जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित नवीन प्रावधानों, योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें कर प्रणाली के प्रति जागरूक बनाना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभागीय अधिकारियों ने कहा कि सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा एवं कर व्यवस्था को सरल बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न फाइलिंग, समाधान योजना, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना तथा अन्य लाभकारी योजनाओं की जानकारी रखते हुए उनका लाभ उठाना चाहिए। अधिकारियों ने समय से रिटर्न दाखिल करने एवं कर संबंधी नियमों का पालन करने पर विशेष बल दिया।

इस दौरान अधिकारियों ने जीएसटी पोर्टल की तकनीकी बारीकियों, पंजीकरण के लाभ, दुर्घटना बीमा योजना, धारा 14ए के प्रावधानों तथा जीएसटी 2.0 के नवीन नियमों की विस्तृत जानकारी दी। व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विवेक कुमार मिश्रा (डीसी-1), अमित कुमार सिंह (डीसी-2), शैलेंद्र कुमार (एसी-2), श्रीमती सारिका श्रीवास्तव (एसटीओ-2), अधिवक्ता दीपू सिंह एवं अधिवक्ता शिवम श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

वहीं व्यापार मंडल की ओर से अनिल गुप्ता, श्याम जी जायसवाल, अशोक पोद्दार, सुनील जायसवाल, विजय पोद्दार, अरुण मद्धेशिया, अजय गुप्ता महिमा कुशवाहा नवीन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने व्यापारियों से सुझाव प्राप्त किए तथा आश्वासन दिया कि करदाताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभाग सदैव तत्पर रहेगा।

धरना खत्म होते ही हरकत में आया प्रशासन, पीड़ित के गांव पहुंची राजस्व टीम

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील परिसर में सपरिवार धरने पर बैठे कृतपुरा निवासी तहसीलदार निषाद के मामले में प्रशासन सक्रिय हो गया। धरना समाप्त होने के अगले ही दिन मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम पीड़ित के गांव पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनकर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को तहसीलदार निषाद अपने परिवार के साथ तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए थे। उनका आरोप था कि ग्राम कुकरिया स्थित उनके पिता द्वारा खरीदी गई भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने तहसील से लेकर जिलाधिकारी तक कई बार प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। न्याय न मिलने से परेशान होकर उन्होंने धरने का रास्ता अपनाया था।

धरने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को नायब तहसीलदार शरद सिंह, कानूनगो राजकुमार तथा लेखपाल भोला यादव को मौके पर भेजा। राजस्व टीम ने ग्राम कुकरिया पहुंचकर दोनों पक्षों की बात सुनी और न्यायालय में विचाराधीन मुकदमे को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निरीक्षण तक किसी भी पक्ष को भूमि पर हस्तक्षेप न करने की हिदायत दी। इस पर दोनों पक्ष सहमत हो गए।

नायब तहसीलदार शरद सिंह ने बताया कि राजस्व टीम ने मौके का निरीक्षण कर दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की परीक्षा ड्यूटी में व्यस्तता के कारण दोनों पक्षों को दो दिन बाद पुनः बुलाया गया है, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस पहल से फिलहाल विवादित भूमि पर तनाव कम हुआ है और दोनों पक्षों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत समाधान का भरोसा दिलाया गया है।

सोमवार, 8 जून 2026

रात में एक्शन मोड में दिखे डीएम, मेडिकल कॉलेज और वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण

डी एम ने मरीजों व परिजनों से सीधे की बातचीत, स्वास्थ्य सेवाओं और महिला सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा

रुद्रपुर देवरिया जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं और महिला सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी सोमवार की देर रात एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने अचानक मेडिकल कॉलेज और वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई।

डी एम ने मरीजों से किया सीधा संवाद जाना स्वास्थ्य सेवाओं का हाल

रात्रि करीब साढ़े आठ बजे जिलाधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने इमरजेंसी वार्ड और महिला प्रसूति वार्ड का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान भर्ती मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की। 

उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ मानवीय संवेदनाओं के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना भी की, साथ ही स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

शासन के मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं तथा महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी 

तत्पश्चात  जिलाधिकारी रात्री 9 वजे वन स्टॉप सेंटर पहुंचे और वहां महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही परामर्श, सुरक्षा, चिकित्सा एवं अन्य सहायता सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र के अभिलेखों, सुरक्षा इंतजामों और आवासीय सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि संकटग्रस्त महिलाओं को त्वरित और प्रभावी सहायता उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं तथा महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

देर रात हुए इस औचक निरीक्षण ने यह संदेश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भूमाफियाओं से परेशान पीड़ित ने सपरिवार तहसील परिसर में दिया धरना

देर रात्री धरना स्थल पहुंचे विधायक के पुत्र विश्व विजय निषाद नायव तहसीलदार के आश्वासन पर धरना हुआ समाप्त

रुद्रपुर, देवरिया। भूमाफियाओं की कथित दबंगई और प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई न होने से क्षुब्ध एक पीड़ित कृतपुरा निवासी तहसीलदार निषाद ने सपरिवार सोमवार को तहसील परिसर में धरना शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप था कि उसने अपनी समस्या को लेकर तहसील से लेकर जिलाधिकारी तक दर्जनों बार प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

धरना देर रात तक चला जहां विधायक जयप्रकाश निषाद के पुत्र विश्व विजय निषाद  पहुंचे जहा नायव तहसीलदार अनिल तिवारी के लिखित आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ

धरने पर बैठे पीड़ित ने कहा कि मेरे पिता द्वारा ग्राम कुकरिया में जमीन क्रय किया गया थाजहां भूमाफिया बलवंत यादव द्वारा उसकी भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। मामले की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई, परंतु उसे न्याय नहीं मिल सका। प्रशासन की उदासीनता से परेशान होकर वह धरना देने को मजबूर हुआ।

धरने की सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे पसन्तु धरना पर बैठे लोग एक भी बात नहीं सुनी देर रात विधायक जयप्रकाश निषाद के पुत्र विश्व विजय निषाद पहुंचे जहां नायक तहसीलदार अनिल तिवारी के लिखित आश्वासन के बाद धरना समाप्त कराया और पीड़ित की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया 

न्यायालय के आदेश की अनदेखी को लेकर पिड़ित ने दिया धरना

नायब तहसीलदार के आश्वासन पर देर रात धरना हुआ समाप्त

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील क्षेत्र के डहरौली बुजुर्ग गांव के निवासी व्यास मुनि शुक्ल ने अपनी जमीन पर जबरन पिलर गाड़कर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए तहसील परिसर में धरना दिया। जहा देर रात्री विधायक पुत्र जय प्रकाश निषाद पहुचे वहा वात चीत के दौरान नायव तहसीलदार अनिल तिवारी के आश्वसन पर धरना समाप्त हुआ

पिड़ित ने आरोप लगाया कि दीवानी न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा राजस्वकर्मियों की मिलीभगत से उनकी आराजी में पिलर गाड़े गए।पीड़ित के अनुसार ग्राम उहरौली बुजुर्ग स्थित आराजी संख्या-265 रकबा 0.95 एकड़ भूमि को लेकर दीवानी न्यायालय में वाद विचाराधीन है। न्यायालय द्वारा पूर्व में भूमि पर किसी प्रकार के हस्तक्षेप अथवा निर्माण कार्य पर रोक लगाने का आदेश भी दिया गया था। इसके बावजूद 27 मई 2026 को विपक्षी पक्ष के लोग राजस्वकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और कथित रूप से जमीन में मिट्टी भरवाकर पांच पिलर गाड़ दिए।

व्यासमुनि शुक्ल का आरोप है कि जब उन्होंने न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए विरोध किया तो उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर धन लेने की चर्चा की और न्यायालय के आदेश को नजरअंदाज किया गया।


आईजीआरएस प्रकरण का डीएम ने किया स्थलीय सत्यापन एक शिकायत सही, दूसरी निकली झूठ

डी एम ने मौके पर दिया सख्त तत्काल निर्माण कार्य रोकने का दिया निर्देश रुद्रपुर (देवरिया)। आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता परखने के...