यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के समीप हमले में हुई थी मौत, पुलिस सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार
रुद्रपुर, देवरिया। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के समीप हुए हमले में जान गंवाने वाले अभिषेक निषाद का पार्थिव शरीर उनके गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। शव देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। अभिषेक के अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पूरे गांव में मातम पसरा रहा।
पार्थिव शरीर गांव पहुंचने के बाद परिजनों ने उसे सड़क पर रखकर जाम कर दिया और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा और क्षेत्राधिकारी राजेश चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मृतक के पिता कौशल निषाद जिलाधिकारी के मौके पर पहुंचकर उनकी बात सुनने की मांग पर अड़े रहे।
एसडीएम के लिखित आश्वासन पर माने परिजन
स्थिति की जानकारी होने पर एसडीएम राजकुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। इसके बाद अभिषेक की शवयात्रा निकाली गई। पुलिस सुरक्षा के बीच उनका अंतिम संस्कार कराया गया।
डीएम-एसपी पहले भी पहुंचे थे घर
अभिषेक निषाद की यूक्रेन में मौत की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक पूर्व में भी उनके घर पहुंचे थे। अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया था। प्रशासन की ओर से परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिया गया था।
मौत की खबर से ही गम में था परिवार
अभिषेक की यूक्रेन में मौत की खबर सामने आने के बाद से ही परिवार में मातम पसरा था। परिजन लगातार उसके पार्थिव शरीर के गांव आने का इंतजार कर रहे थे। सोमवार को शव पहुंचने पर परिवार का दर्द एक बार फिर सामने आ गया। अंतिम दर्शन के दौरान परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़ प्रशासन रहा मुस्तैद
अंतिम संस्कार के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। क्षेत्राधिकारीराजेश चतुर्वेदी एसडीएमराजकुमार गुप्ता तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा और पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। परिजनों के अंतिम संस्कार के लिए राजी होने के बाद पुलिस सुरक्षा में शवयात्रा निकाली गई और अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।






























