मंगलवार, 11 अगस्त 2026

फैंसी ड्रेस में बच्चों ने बिखेरे विविध रंग, भारत माता से लेकर श्रीराम तक बने नन्हे कलाकार

रुद्रपुर (देवरिया)। एल.बी.आर. पब्लिक स्कूल में मंगलवार को नर्सरी से कक्षा तृतीय तक के छात्र-छात्राओं के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में बच्चों ने भारत माता, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, माता सीता, मां सरस्वती, भगवान शिव और बजरंगबली सहित विभिन्न पात्रों का मनमोहक रूप धारण किया। वहीं कुछ बच्चों ने रोबोट तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे समसामयिक और प्रेरणादायक विषयों पर आधारित पोशाक पहनकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों और आत्मविश्वास से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। बच्चों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर खूब तालियां बटोरीं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मनोज कुमार यादव ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने की क्षमता का विकास होता है।

अंतर-मंडलीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में देवरिया के सात तीरंदाज दिखाएंगे दमखम


रुद्रपुर (देवरिया)। कुशीनगर में आयोजित मंडलीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनित जिले के सात तीरंदाज अब 12 और 13 अगस्त को रायबरेली में आयोजित उत्तर प्रदेश अंतर-मंडलीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों के चयन से खेल प्रेमियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है।

अंडर-14 वर्ग में कंपोजिट विद्यालय निवही की रुखसाना का चयन इंडियन राउंड के लिए हुआ है। रिकर्व वर्ग में इसी विद्यालय के रमजान, मन्नत, इज्जत, सविता और रुकसार प्रतिभाग करेंगी। वहीं कंपाउंड वर्ग में कंपोजिट विद्यालय सुरौली के आर्य प्रताप सिंह जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इन सभी तीरंदाजों ने श्रीनेते ग्लोबल स्कूल में संचालित संजीव कुमार सिंह आर्चरी इंस्टीट्यूट (SSAIT) के तत्वावधान में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षक शमीमा शाहीन और सिकंदर तथा प्रबंधक एलके सिंह और जवाहर सिंह रहेंगे। जिला शिक्षा विभाग ने चयनित सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन और विजय की कामना की है। विभागीय अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

तिरंगा यात्रा में गूंजा भारत माता की जय का जयघोष, युवाओं ने दिखाया राष्ट्रप्रेम

रुद्रपुर देवरिया। भारतीय जनता पार्टी रामलक्षन मंडल के तत्वावधान में मंगलवार को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा गौरी बाजार ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विश्व विजय निषाद के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। तिरंगा लहराते हुए युवाओं ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विश्व विजय निषाद ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीनों रंग हमें त्याग, शांति और समृद्धि का संदेश देते हैं। हर भारतीय के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना होनी चाहिए और देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। युवाओं को अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों को समझते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

पांच-छह साल पुराने प्रार्थना पत्र का हुआ निस्तारण .राजस्व टीम ने गांव पहुंचकर सुलझाया विवाद

रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील समाधान दिवस में लंबित पांच-छह वर्ष पुराने प्रार्थना पत्र का मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर निस्तारण कराया। उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता के निर्देश पर नायब तहसीलदार गोपाल जी के नेतृत्व में राजस्व कर्मियों ने ग्राम भेड़ी पहुंचकर दोनों पक्षों की सहमति से प्रकरण का समाधान कराया।

जानकारी के अनुसार राम केवल, कैलाश, गणेश और योगेंद्र की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र लंबे समय से लंबित थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और ग्राम विकास अधिकारी की मौजूदगी में दोनों पक्षों से बातचीत की। संबंधित अभिलेखों की जांच के बाद दोनों पक्षों की सहमति से प्रकरण का समाधान कराया गया।

नायब तहसीलदार गोपाल जी ने कहा कि पुराने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा है। अधिकारियों और राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्षता के साथ समाधान करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का समाधान होने से आपसी सौहार्द भी बना रहता है। इस दौरान राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद थे

तहसील सभागार में व्यापारियों की हुई बैठक .कहा - बैठकें होती हैं, परन्तु कार्रवाई नहीं व्यापारियों ने जताई नाराजगी

पूर्व में बनी कार्ययोजना पर अमल नहीं होने पर एसडीएम ने दो दिन में कार्रवाई का दिया भरोसा

रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील सभागार में मंगलवार को रुद्रपुर व्यापार मंडल की बैठक एसडीएम राजकुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव के नेतृत्व में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने नगर की जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर जमकर नाराजगी जताई। व्यापारियों का कहना था कि नगर पंचायत की ओर से बार-बार बैठकें आयोजित कर समस्याएं सुनी जाती हैं और कार्ययोजना भी बनाई जाती है, लेकिन बैठक समाप्त होने के बाद उन पर अमल नहीं होता।

व्यापारियों ने कहा कि पूर्व में हुई बैठक में कई समस्याओं के समाधान को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई थी, लेकिन अब तक उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे व्यापारियों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं के समाधान के लिए बैठकें ही होती रहें और धरातल पर कोई कार्रवाई न हो तो ऐसी बैठकों का क्या औचित्य है।

बैठक में व्यापारियों ने नगर में बिजली के जर्जर तारों को बदलने, बड़े एवं भारी वाहनों के नगर में प्रवेश पर रोक लगाने, ई-रिक्शा के कारण लगने वाले जाम की समस्या का समाधान करने तथा जमुनी बाजार में ठेलों के अतिक्रमण से रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि जाम के कारण एंबुलेंस तक फंस जाती हैं, जिससे मरीजों की जान पर भी खतरा बना रहता है।

व्यापारियों ने गैस एजेंसियों द्वारा ऑनलाइन भुगतान स्वीकार नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि डिजिटल भुगतान के दौर में उपभोक्ताओं को ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा से वंचित करना उचित नहीं है। इस मामले में भी संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की गई।

दो दिन में कार्रवाई नहीं तो जिम्मेदार को नोटिस

एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और पूर्व में बनाई गई कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पूर्व में तय कार्ययोजना पर दो दिन के अंदर अमल कराया जाएगा। यदि संबंधित जिम्मेदारों की ओर से कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उपखंड अधिकारी चंदन जायसवाल, उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह व्यापारी नेता मनोज भाटिया, रमेश गुप्ता, आशीष मोदनवाल, अजय गुप्ता, ओमप्रकाश जायसवाल सहित नगर पंचायत के कर्मचारी और व्यापारी मौजूद रहे

अज्ञात बुलेट की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


रुद्रपुर (देवरिया)। सुरौली थाना क्षेत्र के पकड़ी बाजार स्थित कन्हौली के पास मंगलवार को अज्ञात बुलेट की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया। मृतक की पहचान भलुअनी थाना क्षेत्र के बभनी दुबे गांव निवासी 30 वर्षीय अभिनेश कुमार पुत्र वृज बहादुर के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि अभिनेश कुमार साइकिल से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान कन्हौली के पास पीछे से आए अज्ञात बुलेट सवार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

थानाध्यक्ष अविनाश मौर्य ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर अज्ञात बुलेट और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

विधायक जयप्रकाश निषाद के प्रयास से रुद्रपुर क्षेत्र को 14.39 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात


रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक एवं पूर्व मंत्री जयप्रकाश निषाद के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। विधायक की ओर से नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को भेजे गए पत्रों के आधार पर रुद्रपुर क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल 14 करोड़ 39 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति से संबंधित कार्रवाई आगे बढ़ी है।

मंत्री कार्यालय से जारी पत्रों में संबंधित योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने के संबंध में प्रमुख सचिव, नगर विकास विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है।

नगर विकास मंत्री को भेजे गए पत्रों पर हुई कार्रवाई, तालाब सौंदर्यीकरण, पेयजल, नाला निर्माण व सीवरेज समेत कई योजनाओं को मिलेगी वित्तीय स्वीकृति

पत्रों के अनुसार क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए अलग-अलग योजनाओं के तहत धनराशि प्रस्तावित की गई है। इनमें तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपये, दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत 2.05 करोड़ रुपये तथा 2.08 करोड़ रुपये, नगरीय पेयजल योजना के तहत 2.50 करोड़ रुपये और 1.50 करोड़ रुपये शामिल हैं।

इसके अलावा नगर सीवरेज एवं जल निकासी योजना के तहत नाला निर्माण के लिए 2.56 करोड़ रुपये तथा 2.70 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है।

इस प्रकार सभी योजनाओं को मिलाकर 14.39 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं रुद्रपुर क्षेत्र के लिए प्रस्तावित हैं। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से नगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था, जल निकासी, सीवरेज, नाला निर्माण और तालाबों के सौंदर्यीकरण सहित बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विधायक जयप्रकाश निषाद ने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी विकास की कई अन्य योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास जारी रहेगा।

न्यायालय के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

करीब दो साल पुरानी घटना में घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ व युवती को जबरन ले जाने का आरोप

रुद्रपुर (देवरिया)। न्यायालय के आदेश पर रुद्रपुर पुलिस ने करीब दो वर्ष पूर्व हुई घटना के मामले में पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों पर युवती को जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास, घर में घुसकर मारपीट करने, तोड़फोड़ करने, गाली-गलौज व जानमाल की धमकी देने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं।

रामचक निवासी अनिरुद्ध यादव ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि 7 अप्रैल 2024 की शाम करीब सात बजे उनकी बेटी शिवानी पुराने घर से नए घर की ओर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में राजीव गुप्ता , रामनिवास उर्फ झब्बू, दिनेश गुप्ता, अतुल और रोहन गुप्ता ने उसे रोक लिया। आरोपितों ने कथित रूप से जबरदस्ती वाहन में बैठाने का प्रयास किया। युवती के विरोध करने पर उसने शोर मचाया और किसी तरह वहां से बचकर घर की ओर भागी।

प्रार्थना पत्र के अनुसार आरोपित उसके पीछे घर तक पहुंच गए और दरवाजे पर लात मारकर घर में घुस गए। आरोप है कि घर के अंदर सामान तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया तथा शिवानी के साथ मारपीट की। उसे बचाने पहुंचे पिता के साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपित जानमाल की धमकी देते हुए वहां से चले गए।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद रुद्रपुर थाने और अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई। न्यायालय के आदेश पर रुद्रपुर पुलिस उक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर को सौंपी गई है।

सोमवार, 10 अगस्त 2026

मदनपुर व्यापार मंडल की हुयी बैठक में व्यापारियों ने उठाईं समस्याएं, बस सेवा से लेकर बिजली तक की मांग

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर पंचायत मदनपुर कार्यालय में सोमवार को व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने की, जबकि अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव के नेतृत्व में बैठक का संचालन हुआ। इसमें व्यापारियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

बैठक में व्यापारियों ने मदनपुर से गोरखपुर के लिए नियमित बस सेवा शुरू कराने की मांग रखी। व्यापारियों का कहना था कि बस सेवा शुरू होने से व्यापारियों के साथ आम नागरिकों और विद्यार्थियों को भी आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।व्यापारियों ने जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र बनवाने में लोगों को अनावश्यक भागदौड़ करनी पड़ रही है। इस प्रक्रिया को सरल बनाने और समय से प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग की गई।इसके अलावा क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने घरेलू और व्यावसायिक क्षेत्रों में बिजली कटौती तथा लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।

एसडीएम ने कहा, समस्याओं का कराया जाएगा समाधान

एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को संबंधित विभागों के अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। बस सेवा और विद्युत आपूर्ति जैसे मामलों में संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रयास किया जाएगा।

ईओ बोले, नगर पंचायत से जुड़ी समस्याओं का होगा त्वरित निस्तारण

अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने कहा कि नगर पंचायत से संबंधित व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा। जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य नागरिक सुविधाओं में अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों से नगर पंचायत को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने में सहयोग की अपील भी की।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अली आजम शेख, सभासद, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, व्यापारी तथा नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।




ईओ के आदेश के बावजूद बिना ग्राउटिंग लगाए जा रहे विद्युत पोल

सभासदों की शिकायत के बाद ईओ ने ठेकेदार को जारी किया था नोटिस, फिर भी मानकों की अनदेखी

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर पंचायत रुद्रपुर में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए लगाए जा रहे विद्युत पोल की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व में समाचार के माध्यम से मामला सामने आने के बाद नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर बिना ग्राउटिंग के पोल नहीं लगाने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद कार्यदायी संस्था की ओर से कई स्थानों पर बिना ग्राउटिंग के ही पोल खड़े किए जाने का आरोप है।

नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 100 नए विद्युत पोल लगाए जाने हैं। आरोप है कि पोल लगाने के दौरान निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर पोल के लिए खोदे गए गड्ढों में सीमेंट, बालू और गिट्टी के मिश्रण से ग्राउटिंग करने के बजाय केवल मिट्टी डालकर उसे भर दिया जा रहा है। इससे पोल की मजबूती और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बताया गया कि टेंडर की शर्तों के अनुसार पोल स्थापना के समय 1:3:6 के अनुपात में सीमेंट, बालू और गिट्टी से करीब पांच फुट तक ग्राउटिंग किया जाना है। ग्राउटिंग होने से पोल को मजबूती मिलती है और उसके झुकने या गिरने की संभावना कम होती है। मानकों की अनदेखी किए जाने पर भविष्य में तेज हवा या अन्य परिस्थितियों में पोल के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रह सकता है।

कुछ सभासदों ने इस संबंध में नगर पंचायत के ईओ से शिकायत कर कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद ईओ ने ठेकेदार को नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट किया था कि बिना ग्राउटिंग के पोल नहीं लगाए जाएंगे। बावजूद इसके मौके पर स्थिति में बदलाव नहीं होने से अब नगर पंचायत की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने बताया कि पोल स्थापना में निर्धारित मानकों का पालन कराया जाएगा। जहां बिना ग्राउटिंग के पोल लगाए गए हैं, वहां जांच कराकर नियमानुसार ग्राउटिंग कराई जाएगी। कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

न्यायालय की फटकार के बाद जागे थाने, खराब जनरेटर व सीसीटीवी कैमरे होने लगे दुरुस्त

रुद्रपुर (देवरिया)। थानों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों तथा आपात स्थिति में उपयोग होने वाले जनरेटरों की बदहाली अब दूर होने लगी है। भलुअनी थाने से जुड़े एक मामले में न्यायालय की सख्ती के बाद पुलिस विभाग ने थानों में खराब पड़े जनरेटर और सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने की कवायद तेज कर दी है।बताया जाता है कि भलुअनी थाने से संबंधित एक याचिका पर सुनवाई के दौरान न्यायालय ने थाने की व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस अधिकारियों से जवाब तलब किया था। मामले में थाने के सीसीटीवी कैमरों और जनरेटर के खराब होने का मुद्दा भी सामने आया था। न्यायालय की सख्ती के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा और थानों में खराब उपकरणों की स्थिति की समीक्षा शुरू की गई।

 इसी क्रम में रुद्रपुर कोतवाली में वर्षों से खराब पड़े जनरेटर को ठीक कराते हुए कर्मचारी नजर आए। विभाग का प्रयास है कि थानों में लगे सीसीटीवी कैमरे और बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जनरेटर सुचारु स्थिति में रहें, ताकि किसी घटना के दौरान रिकॉर्डिंग और अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित न हों। बताया जा रहा है कि भलुअनी थाने से जुड़े उक्त मामले को लेकर तत्कालीन थाना प्रभारी पर भी पुलिस विभाग की ओर से कार्रवाई की गई थी

। इसके बाद अब जिले के अन्य थानों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।न्यायालय की सख्ती के बाद थानों में व्यवस्थाओं की पड़ताल और खराब उपकरणों की मरम्मत को लेकर पुलिस विभाग की सक्रियता चर्चा में है।

डीएम के निर्देश पर संयुक्त टास्क फोर्स की बैठक.योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

रुद्रपुर (देवरिया)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, शिक्षा एवं पूर्ति विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स की बैठक सोमवार को तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें कार्ययोजना में शामिल कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्यालयों में आपसी समन्वय से मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के साथ ही स्वच्छता और कायाकल्प के कार्यों को कार्ययोजना में शामिल कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी स्तर पर लापरवाही न हो और नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण किया जाए।

बैठक में रूद्रपुर ब्लॉक के15 विद्यालयों के कायाकल्प, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के नामांकन, वात्सल्य योजना तथा बाल वाटिका के संचालन पर चर्चा हुई। श्रीनगर कोल्हुआ में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र में पेयजल की व्यवस्था तथा रामचक में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

पूर्ति विभाग की ओर से विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के लिए गैस कनेक्शन एवं गैस की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में भोजन व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में खंड विकास अधिकारी एजाज अहमद, खंड शिक्षा अधिकारी राजकिशोर सिंह, डा. सुशील मल, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक विकास गौतम, आरती गौड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

अब रोवर से होगी जमीन की सटीक पैमाइश, चार गांवों में धारा 24 की हुई मापी

रुद्रपुर (देवरिया)। भूमि संबंधी विवादों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के लिए शासन की मंशा के अनुरूप रुद्रपुर तहसील क्षेत्र में पारंपरिक तरीके के बजाय अत्याधुनिक रोवर मशीन से जमीन की पैमाइश शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम कोइलगडहा तिवई सहित चार गांवों में धारा 24 के अंतर्गत भूमि की पैमाइश की।पैमाइश के दौरान राजस्व टीम ने आधुनिक रोवर उपकरण की मदद से संबंधित भूमि की सीमाओं और स्थिति का मौके पर सत्यापन किया। धारा 24 के मामलों में भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन महत्वपूर्ण होता है, ऐसे में तकनीक के इस्तेमाल से अभिलेख और मौके की स्थिति का बेहतर मिलान किया जा सकता है।

उप जिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता नेकहा कि .रोवर तकनीक से पैमाइश होने से भूमि की सीमाओं का निर्धारण अधिक सटीक तरीके से किया जा रहा है। इससे पैमाइश में मानवीय त्रुटि की संभावना कम होने के साथ ही भूमि विवादों के निस्तारण में भी तेजी आने की उम्मीद है।

 शासन की ओर से राजस्व मामलों में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़े और लोगों को अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।

रोवर से पैमाइश की कार्रवाई राजस्व निरीक्षक दुर्गेश श्रीवास्तव की देखरेख में हुई। टीम में लेखपाल सचिन, अजय पाल, सुनील, भास्कर, मिथिलेश और मणिन्द्र शामिल रहे।

तिरंगे के सम्मान में निकली यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे

रुद्रपुर (देवरिया)। आजादी के अमृत भाव को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से सोमवार को रामजी सहाय पीजी कॉलेज प्रांगण  से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा नगर के मुख्य मार्ग होते हुए आदर्श प्राथमिक पाठशाला पहुंची। इस दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया नमन 

तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. रतन पाल सिंह सहित कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक डा रतन पाल सिंह

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ. रतन पाल सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और वीर जवानों के बलिदान का प्रतीक है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे तिरंगा यात्रा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से तिरंगे का सम्मान करने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और देश के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए।

यात्रा में छठेलाल निगम, सुभाषचंद्र मद्धेशिया, रमेश सिंह, जितेंद्र गुप्ता, विश्वविजय निषाद, सुशीलचंद्र निगम, डीके यादव, मनीष गुप्ता, दिलीप जायसवाल, विनोद गुप्ता, रामसुधारे पासवान, जनार्दन राव, सुनील गुप्ता, प्रमोद दूबे, संतोष शुक्ला और वैभव सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे

हर-हर महादेव से गूंज उठी छोटी काशी, हजारों कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक

 द्वितीय सोमवार को दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था


रुद्रपुर (देवरिया)। सावन माह के द्वितीय सोमवार को छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध रुद्रपुर स्थित पौराणिक दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर परिसर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की कतार लग गई। मंदिर के कपाट खुलते ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा देवालय परिसर गूंज उठा। हजारों कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए रात से ही मंदिर में विशेष तैयारियां की गई थीं। श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और जलाभिषेक के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। देर शाम तक मंदिर में कांवड़ियों के पहुंचने और जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा।

पौराणिक है दुग्धेश्वर नाथ मंदिर का महत्व

रुद्रपुर का दुग्धेश्वर नाथ मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। सावन में यहां दूर-दराज से श्रद्धालु और कांवड़िये पहुंचते हैं। मान्यता है कि भगवान शिव के इस प्राचीन धाम में सावन के सोमवार को जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते सावन में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इसी धार्मिक महत्ता के कारण रुद्रपुर को ‘छोटी काशी’ के नाम से भी जाना जाता है।


एसपी ने लिया सुरक्षा ब्यवस्था का जायजा

त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश-निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति का निरीक्षण किया।

एसपी ने ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन और विनम्र व्यवहार करने के साथ ही पूरी सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नगर पंचायत ने संभाली सफाई और खोया-पाया व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत की ओर से खोया-पाया केंद्र बनाया गया था। इसके साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। पुलिस और प्रशासनिक टीम लगातार भीड़ की निगरानी करती रही, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक में किसी तरह की परेशानी न हो।

रविवार, 9 अगस्त 2026

सेवानिवृत्त सैनिक सत्य प्रकाश चौबे का रुद्रपुर में हुआ स्वागत

रुद्रपुर (देवरिया)। विधानसभा रुद्रपुर के ग्राम भरोहिया निवासी सत्य प्रकाश चौबे के भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने पर रुद्रपुर में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर सेवानिवृत्त सैनिक का सम्मान किया।

सतासी इंटर कॉलेज रुद्रपुर से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में सैकड़ों नौजवान साथी शामिल हुए। यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों के बीच पूर्व सैनिक सत्य प्रकाश चौबे का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में शामिल होकर सुनील निषाद ने श्री चौबे को उनके सैन्य सेवा के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सुनील निषाद ने कहा कि देश की सेवा से सेवानिवृत्त होना गौरव का विषय है। उन्होंने सत्य प्रकाश चौबे के सामाजिक जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रुद्रपुर की माटी के लाल का सम्मान क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।कार्यक्रम के दौरान तिरंगा यात्रा में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। स्थानीय लोगों ने भी सेवानिवृत्त सैनिक का स्वागत कर उनके योगदान की सराहना की।

मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

नए कानून, हेल्पलाइन नंबर और कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

रुद्रपुर (देवरिया)। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार को रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेलकुंडा में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा भारत सरकार द्वारा लागू किए गए नए कानूनों की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।

मिशन शक्ति टीम के प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश शुक्ला, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, कांस्टेबल राजेश यादव, महिला कांस्टेबल वंदना यादव एवं महिला आरक्षी कंचन यादव ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। टीम ने उन्हें महिला अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभागों से सहायता लेने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

महिलाओं को 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन तथा 102 व 108 एंबुलेंस सेवा के बारे में बताया गया। साथ ही साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने के प्रति भी सचेत किया गया।

टीम ने बाल विवाह के खिलाफ भी किया जागरूक

टीम ने बाल विवाह को अपराध बताते हुए इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। तथा महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा बाल विवाह की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की 

15 दिन से आतंक मचा रहा काला बंदर पकड़ा गया, कुसम्ही जंगल भेजा

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले करीब 15 दिनों से आतंक का पर्याय बने काले बंदर को शनिवार को नगर पंचायत की टीम ने पकड़ लिया। बंदर के पकड़े जाने के बाद नगरवासियों ने राहत की सांस ली। नगर पंचायत की गाड़ी से उसे गोरखपुर के कुसम्ही जंगल में छोड़ने के लिए भेज दिया गया।

बताया जाता है कि काला बंदर पहले सतुआभार क्षेत्र में आतंक मचा रहा था। वहां करीब आधा दर्जन लोगों को उसने काटकर घायल कर दिया था। लोगों के खदेड़ने के बाद बंदर रुद्रपुर नगर की ओर आ गया। पिछले चार दिनों से खजुहा चौराहे से इमामबाड़ा चौराहे तक उसका आतंक बना हुआ था। बंदर के डर से कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर देते थे। खजुहा चौराहे पर भी उसने एक युवक को काट लिया था।

लगातार बंदर के आतंक की सूचना मिलने के बाद नगर पंचायत की टीम ने शनिवार को अभियान चलाकर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे नगर पंचायत के वाहन से गोरखपुर स्थित कुसम्ही जंगल ले जाकर छोड़ दिया गया। बंदर के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही लोगों ने राहत की सांस ली।

15 दिन से आतंक मचा रहा काला बंदर पकड़ा गया, न.पं ने भेजा कुसम्ही जंगल

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले करीब 15 दिनों से आतंक का पर्याय बने काले बंदर को शनिवार को नगर पंचायत की टीम ने पकड़ लिया। बंदर के पकड़े जाने के बाद नगरवासियों ने राहत की सांस ली। नगर पंचायत की गाड़ी से उसे गोरखपुर के कुसम्ही जंगल में छोड़ने के लिए भेज दिया गया।

बताया जाता है कि काला बंदर पहले सतुआभार क्षेत्र में आतंक मचा रहा था। वहां करीब आधा दर्जन लोगों को उसने काटकर घायल कर दिया था। लोगों के खदेड़ने के बाद बंदर रुद्रपुर नगर की ओर आ गया। पिछले चार दिनों से खजुहा चौराहे से इमामबाड़ा चौराहे तक उसका आतंक बना हुआ था। बंदर के डर से कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर देते थे। खजुहा चौराहे पर भी उसने एक युवक को काट लिया था।

लगातार बंदर के आतंक की सूचना मिलने के बाद नगर पंचायत की टीम ने शनिवार को अभियान चलाकर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे नगर पंचायत के वाहन से गोरखपुर स्थित कुसम्ही जंगल ले जाकर छोड़ दिया गया। बंदर के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही लोगों ने राहत की सांस ली।

कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट की पहल से बुजुर्ग दंपती और परिजनों में हुआ सुलह-समझौता

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के छितही वाजार गांव निवासी बुजुर्ग दंपती के पारिवारिक विवाद का कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट (सी.पी.यू (की पहल पर पुलिस ने काउंसलिंग के माध्यम से समाधान कराया। 

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर एवं सी पी यू विनोद शर्मा ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझाया। इसके बाद दोनों पक्षों में आपसी सहमति से सुलह-समझौता करा दिया गया। बताया जाता है कि छितही निवासी सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हरबंश सिंह ने रविवार को रुद्रपुर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर अपने अधिवक्ता पुत्र और नाती पर मारपीट करने, डराने-धमकाने तथा रुपये लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पेंशन की रकम भी उनसे ले ली जाती है।

मामले की जानकारी होने पर कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट के माध्यम से पुलिस ने परिवार के सदस्यों से बातचीत की और काउंसलिंग कर पारिवारिक विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर और सी पी यू विनोद शर्मा की काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी और विवाद का निस्तारण कराया गया।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट के माध्यम से पारिवारिक विवाद में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराकर समझौता कराया गया है। बुजुर्ग दंपती को आश्वस्त किया गया है कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी होने पर बिना किसी हिचक के दिए गए मोबाइल नंबर पर अपनी बात बता सकते हैं। पुलिस उनकी समस्या के समाधान के लिए हरसंभव मदद करेगी।

फैंसी ड्रेस में बच्चों ने बिखेरे विविध रंग, भारत माता से लेकर श्रीराम तक बने नन्हे कलाकार

रुद्रपुर (देवरिया)। एल.बी.आर. पब्लिक स्कूल में मंगलवार को नर्सरी से कक्षा तृतीय तक के छात्र-छात्राओं के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन...