शनिवार, 13 जून 2026

थाना समाधान दिवस में 17 शिकायतें पहुंचीं, 9 का मौके पर निस्तारण

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर सर्कल के अंतर्गत थाना मदनपुर,  एकौना और रुद्रपुर कोतवाली में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तीनों थानों में कुल 17 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 9 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

मदनपुर थाने में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अवधेश निगम एवं क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राव के नेतृत्व में थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 5 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से राजस्व संबंधी 3 मामलों का निस्तारण कर दिया गया।

एकौना थाने में तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 2 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। हालांकि किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।

रुद्रपुर कोतवाली में 12 प्रार्थना पत्र पड़े जिसमें 7 का हुआ निस्तारण

 रुद्रपुर कोतवाली में नायब तहसीलदार अनिल तिवारी की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस संपन्न हुआ। यहां कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 मामलों का निस्तारण कर दिया गया।

इस अवसर पर एसडीएम अवधेश निगम ने कहा कि "थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करना है। राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।"

कार्यक्रम में रुद्रपुर थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर, एकौना थाना प्रभारी आनंद कुमार पांडेय, मदनपुर थाना प्रभारी नंदा प्रसाद, अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव तथा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अली आजम शेख सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, मदनपुर पुलिस की कार्रवाई

रुद्रपुर/देवरिया। थाना मदनपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को ग्राम गायघाट टोला रामपुर से आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येंद्र कुमार राय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार थाना मदनपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 53/2026 के तहत आरोपी राहुल यादव (28 वर्ष), रामध्यान (23 वर्ष) पुत्रगण दिनेश यादव तथा जयहिन्द यादव (33 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश यादव, निवासी गायघाट टोला रामपुर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

खेत की मेड़ बांधने को लेकर हुआ था विवाद

थाना मदनपुर में दर्ज तहरीर के अनुसार वादी राधेश्याम यादव ने बताया कि 10 जून को वह अपने खेत में मेड़ बांधने गए थे। इसी दौरान राहुल यादव ने गाली-गलौज करते हुए विरोध किया। आरोप है कि उसी शाम आरोपी पक्ष के लोगों ने वादी के घर पहुंचकर उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। घटना में वादी के नाती के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसे पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला मानते हुए मुकदमा दर्ज किया।

एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रामध्यान के खिलाफ मदनपुर थाने में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध वर्ष 2023, 2024 और 2025 में मारपीट, धमकी तथा अन्य धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।

गिरफ्तारी टीम में रहे शामिल

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल रामजी राम, कांस्टेबल धीरज गोंड़, आरक्षी बहादुर यादव, दिनकर सिंह एवं अंकित कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसडीएम ने किया मदनपुर केवटलिया तटबंध का निरीक्षण दिया आवश्यक निर्देश

बरसात से पहले तटबंध सुरक्षा कार्य पूरा करें, गुणवत्ता में कोई समझौता न हो : एसडीएम अवधेश निगम

रुद्रपुर, देवरिया। आगामी बरसात को देखते हुए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अवधेश निगम ने शनिवार को मदनपुर-केवटलिया तटबंध का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सहायक अभियंता उपेंद्र प्रसाद एवं अवर अभियंता शुभम गुप्ता भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने तटबंध की सुरक्षा के लिए 228 लाख रुपये की लागत से चल रहे बोल्डर पिचिंग कार्य का जायजा लिया। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बरसात शुरू होने से पहले हर हाल में परियोजना का कार्य पूर्ण कर लिया जाए तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

सहायक अभियंता ने तटबंध पर हो रहे कटाव (रेन कट) को रोकने के लिए मिट्टी स्टॉक की समस्या से अवगत कराया। इस पर एसडीएम अवधेश निगम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव एवं विवरण पोर्टल/ऐप पर तत्काल अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जा सके।

एसडीएम ने कहा कि तटबंध की सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी नियमित निगरानी करते हुए कार्य की प्रगति सुनिश्चित करें, जिससे बरसात के दौरान क्षेत्र को बाढ़ और कटाव से सुरक्षित रखा जा सके।

तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से बालक गंभीर घायल, पैर हुआ फ्रैक्चर

रुद्रपुर, देवरिया। नगर के बरई वार्ड में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आने से सात वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार राजकुमार (7 वर्ष) पुत्र सुनील कारुष, निवासी बरई वार्ड, अपने घर से खेलने के लिए निकला था। इसी दौरान थाना रोड पर उमा कसौधन के मकान के सामने तेज गति से आ रही एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

दुर्घटना में राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने तथा लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अज्ञात मोटरसाइकिल की ठोकर से दो स्कूली छात्राएं घायल

रुद्रपुर, देवरिया। नगर क्षेत्र स्थित राहुल गांधी विद्यालय की दो छात्राएं स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने घर लौट रही थीं कि रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें ठोकर मार दी। हादसे में दोनों छात्राएं घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार डाला गांव निवासी करिश्मा (11 वर्ष) पुत्री वशिष्ठ तथा अर्पिता (7 वर्ष) प्रतिदिन की तरह विद्यालय से पढ़ाई पूरी कर अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान सेमरौना-डाला मार्ग पर तेज गति से आ रही एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे में करिश्मा के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि अर्पिता को भी चोटें लगी हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों छात्राओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और दुर्घटना करने वाले वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।

शुक्रवार, 12 जून 2026

डीएम के निर्देश पर अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली व लोडर सील

 

रुद्रपुर (देवरिया)। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी खनन में लगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर को पकड़कर सील कर दिया। कार्रवाई से अवैध खनन में जुटे लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान रुद्रपुर मार्ग स्थित जोगिया चौराहे के पास अवैध रूप से मिट्टी खनन कर ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया गया। मौके पर खनन कार्य में लगा लोडर भी पुलिस के कब्जे में ले लिया गया। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर को थाने लाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद एसडीएम अवधेश निगम एवं क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय के निर्देश पर नायब तहसीलदार अनिल तिवारी ने दोनों वाहनों को सील कर दिया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर ने बताया कि जांच के दौरान वाहन चालकों द्वारा खनन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। बिना अनुमति मिट्टी का खनन और परिवहन किया जा रहा था। इस कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

डीएम के सख्त निर्देश पर जारी है अभियान

जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

आईजीआरएस प्रकरण का डीएम ने किया स्थलीय सत्यापन एक शिकायत सही, दूसरी निकली झूठ

डी एम ने मौके पर दिया सख्त तत्काल निर्माण कार्य रोकने का दिया निर्देश

रुद्रपुर (देवरिया)। आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता परखने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को खुद मैदान में उतरकर रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के तीन प्रकरणों का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान एक मामले में शिकायत की पुष्टि हुई, जबकि दूसरे मामले में शिकायतकर्ता ही अतिक्रमण करता मिला। इस पर जिलाधिकारी ने उसे तत्काल निर्माण कार्य रोकने और अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।

सिर्फ कागजी रिपोर्ट नहीं, अब होगी मौके पर जांच

ग्राम तिवईनिवासी इंद्रदेव नायक ने गाटा संख्या 329 की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई थी। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निस्तारण आख्या का परीक्षण किया और वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। जांच के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसी गांव के गौरीशंकर नायक ने शिकायत की थी कि गाटा संख्या 616 में निर्माण कार्य के दौरान ग्राम प्रधान और अन्य लोग उन्हें रोक रहे हैं। लेकिन जब जिलाधिकारी ने स्थल पर जांच कराई तो तस्वीर कुछ और ही निकली। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता स्वयं खलिहान की भूमि गाटा संख्या 615 पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य करा रहा था। शिकायत असत्य पाए जाने पर जिलाधिकारी ने उसे कड़ी हिदायत देते हुए अतिक्रमण से दूर रहने को कहा।

वहीं ग्राम कोइलगढ़हा निवासी संध्या देवी के मामले की भी जिलाधिकारी ने मौके पर जांच की। यह विवाद पारिवारिक संपत्ति से जुड़ा पाया गया। जांच में पता चला कि राजस्व विभाग पहले ही दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास कर चुका है। आवासीय हिस्सेदारी के विवाद के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने फरियादी को धारा-116 के तहत उपजिलाधिकारी न्यायालय में वाद दाखिल करने की सलाह दी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश निगम को स्पष्ट निर्देश दिए कि आईजीआरएस शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी रिपोर्ट के आधार पर नहीं, बल्कि वास्तविक तथ्यों की जांच के बाद किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में शिकायतकर्ता असंतुष्ट फीडबैक देता है, उनमें तहसीलदार और नायब तहसीलदार स्वयं मौके पर पहुंचकर सत्यापन करें। केवल लेखपाल या राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट पर निर्भरता स्वीकार नहीं की जाएगी।

डीएम ने कहा कि शिकायतों का रैंडम आधार पर भौतिक सत्यापन कराया जाए और हर प्रकरण का समयबद्ध, निष्पक्ष तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता का भरोसा शिकायत निवारण प्रणाली पर बना रहे।

इन्वर्टर से करंट लगने पर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 शव के गाँव पहुंचते ही गांव पहुंचते ही छाया मातम

रुद्रपुर  (देवरिया) मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नेतवार निवासी एक युवक की गोरखपुर में गुरुवार की रात्री इन्वर्टर से करंट लगने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पैतृक गांव नेतवार में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को शव गांव लाया गया  जहां अंतिम दर्शन के बाद बरहज स्थित मुक्ति पथ पर अंतिम संस्कार किया गया

जानकारी के अनुसार नेतवार गांव निवासी हरिशंकर पाण्डेय भारतीय वायु सेना में कार्यरत हैं और परिवार के साथ गोरखपुर के बिलन्दपुर मोहल्ले में रहते हैं। बताया जाता है कि गुरुवार रात उनके छोटे पुत्र दीपू पाण्डेय घर में लगे इन्वर्टर से प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई।

बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे पत्नी नेहा पाण्डेय, एक पुत्र एवं एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्वजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नालों की सफाई में करोड़ों के खेल का आरोप, टास्क फोर्स गठित कर जांच की मांग

 

रुद्रपुर देवरिया बाढ़ से बचाव के लिए कराई जा रही नालों की सिल्ट सफाई में बड़े पैमाने पर अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह के प्रतिनिधि एवं समाजसेवी हरेंद्र सिंह त्यागी ने प्रशासन से टास्कफोर्स गठित कर भौतिक सत्यापनकराने की मांगकी है।

त्यागी ने आरोप लगाया कि बाढ़ खंड विभाग द्वारा जनपद के लगभग 10 नालों की खुदाई और सिल्ट सफाई का कार्य कराया गया है, लेकिन अधिकांश कार्य केवल कागजों तक ही सीमित दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर नाममात्र का कार्य कराकर पूरे प्रोजेक्ट का भुगतान करने की तैयारी चल रही है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका बढ़ गई है।

उन्होंने विशेष रूप से कुरला नाले की सफाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि वास्तविक रूप से कार्य हुआ होता तो नालों की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई देती। बरसात शुरू होने के बावजूद कई नालों में जल निकासी की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। ऐसे में बाढ़ और जलभराव का खतरा बना हुआ है, जिसका खामियाजा किसानों और ग्रामीणों को भुगतना पड़ सकता है।

हरेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए प्रशासन को अधिकारियों की एक टास्क फोर्स गठित करनी चाहिए, जो सभी नालों का भौतिक सत्यापन कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करे। उन्होंने मांग की कि जांच में यदि किसी संस्था, ठेकेदार या विभागीय अधिकारी की लापरवाही अथवा भ्रष्टाचार सामने आता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए और सरकारी धन की क्षति की भरपाई भी सुनिश्चित की जाए।

त्यागी ने कहा कि जनहित से जुड़े इस गंभीर मामले में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। यदि समय रहते नालों की वास्तविक स्थिति की जांच नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान जलभराव और बाढ़ की समस्या विकराल रूप ले सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

नालों की सफाई को लेकर उठे इन आरोपों के बाद बाढ़ खंड विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

डीएम के औचक निरीक्षण से कलेक्ट्रेट में मचा हड़कंप, समयबद्ध कार्य निष्पादन के दिए निर्देश

रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न अनुभागों और कार्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका भी देखी और सभी को समय से कार्यालय पहुंचने की हिदायत दी।

 संयुक्त कार्यालय व रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने संयुक्त कार्यालय, रिकॉर्ड रूम, नजारत तथा जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय समेत विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालयों की साफ-सफाई और पत्रावलियों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कर्मचारियों से कहा कि वे अपने कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तत्परता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा जनता से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। उनके औचक निरीक्षण से कलेक्ट्रेट परिसर में दिनभर प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं।

गुरुवार, 11 जून 2026

ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में बार एसोसिएशन ने उठाई आवाज


रुद्रपुर,देवरिया।बारएसोसिएशन संघ रुद्रपुर नेप्रदेश में प्रस्तावित ई-रजिस्ट्री व्यवस्था का विरोध करते हुए प्रमुख सचिव स्टांप एवं पंजीयन, उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम रुद्रपुरअवधेश निगम को सौंपा।ज्ञापन बार एसोसिएशन के महामंत्री विनोद कुमार पाठक के नेतृत्व में दिया गया।

महामंत्री विनोद कुमार पाठक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि स्टांप एवं पंजीयन विभाग द्वारा 4 जून 2026 को जारी पत्र के माध्यम से ई-रजिस्ट्री व्यवस्था को अधिकृत संस्थाओं के जरिए संचालित करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत आम लोगों की संपत्तियों की खरीद-फरोख्त से संबंधित दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन और पंजीकरण अधिकृत संस्थाओं के माध्यम से कराने का प्रावधान किया जा रहा है।

बार एसोसिएशन का कहना है कि इस व्यवस्था से अधिवक्ताओं की भूमिका प्रभावित होगी तथा पंजीकरण प्रक्रिया में उनकी सहभागिता कम हो जाएगी। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान व्यवस्था में अधिवक्ता दस्तावेजों की वैधानिक जांच-पड़ताल कर आमजन को आवश्यक कानूनी परामर्श प्रदान करते हैं, जिससे विवादों की संभावना कम रहती है।

संघ ने मांग की है कि अधिवक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाए तथा वर्तमान प्रणाली को यथावत रखा जाए। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।

बार एसोसिएशन संघ रुद्रपुर ने शासन से अधिवक्ताओं एवं आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए ई-रजिस्ट्री से संबंधित प्रस्तावित व्यवस्था को वापस लेने की मांग की है।

पिड़रा स्थित गोर्रा नदी में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल, बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा गया

रुद्रपुर, देवरिया। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ एवं आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के पिड़रा स्थित गोर्रा नदी पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की टीमों ने बाढ़ जैसी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।

प्रदेश सरकार द्वारा बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आयोजित मॉक ड्रिल में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। उपजिलाधिकारी अवधेश कुमार निगम के नेतृत्व में खोज एवं बचाव अभियान संचालित किया गया, जिसमें नदी में डूब रहे लोगों को पीएसी की जल पुलिस टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान किया।

मॉक ड्रिल के दौरान इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) के तहत गठित इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम (आईआरटी) ने आपदा के समय विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर ने इंसिडेंट कमांडर के रूप में जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. विपिन रंजन तथा सिंचाई विभाग (बाढ़ खंड) के सहायक अभियंता अरविंद कुमार डीईओसी में मौजूद रहे। आपदा विशेषज्ञ पंकज कुमार ने विभिन्न विभागों एवं तहसीलों के बीच समन्वय स्थापित कर मॉक ड्रिल को सफल बनाया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में आपदा लिपिक रंजन पांडेय, शिखा कुशवाहा, पंकज कुमार पांडेय सहित पीएसी, अग्निशमन, स्वास्थ्य, पुलिस, वायरलेस एवं सिंचाई (बाढ़ खंड) विभाग की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा बाढ़ सुरक्षा को लेकर तटबंधों की निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, राहत शिविरों की तैयारी तथा आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने के लिए लगातार मॉक ड्रिल एवं जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि आपदा की स्थिति में जनहानि और नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

किसान की मौत के बाद जागा प्रशासन, निराश्रित पशु पकड़कर भेजा गौ आश्रय केंद्र

 रुद्रपुर, देवरिया। पिड़रा गांव में आवारा सांड के हमले में एक किसान की मौत के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया। गुरुवार को विकास खंड अधिकारी एजाज अहमद के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर 35 निराश्रित पशुओं को पकड़कर गौ आश्रय केंद्र भेजा गया।

अभियान के तहत विकास खंड के सफाईकर्मी, ग्राम सचिव, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम विकास एवं पंचायती राज) तथा पशुपालन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। कैटल कैचर की सहायता से पकड़े गए पशुओं को वाहनों में लादकर पिपरा चंद्रभान स्थित गौ आश्रय केंद्र पहुंचाया गया। पशुओं के परिवहन के लिए विकास खंड के सचिवों द्वारा वाहनों की व्यवस्था की गई।

बीडीओ एजाज अहमद ने बताया कि क्षेत्र में निराश्रित पशुओं से किसानों को हो रही परेशानी को देखते हुए अभियान चलाया गया है। आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि लोगों को राहत मिल सके।

इस दौरान एडीओ वीरेंद्र प्रकाश मिश्रा, दीनानाथ प्रजापति, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बी.के. पटेल, सचिव विकास भारती, बैजनाथ गोंड, संतोष सिंह, आलोक सिंह, सत्यदेव पांडेय, गौरव सोनकर, विजय सिंह, जितेंद्र, राकेश यादव, नेबूलाल, राजू सिंह, सावन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में बार एसोसिएशन ने उठाई आवाज

रुद्रपुर, देवरिया। बार एसोसिएशन संघ रुद्रपुर ने प्रदेश में प्रस्तावित ई-रजिस्ट्री व्यवस्था का विरोध करते हुए प्रमुख सचिव स्टांप एवं पंजीयन, उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम रुद्रपुर अवधेश निगम को सौंपा। ज्ञापन बार एसोसिएशन संघ रुद्रपुर के नेतृत्व में दिया गया।

 एसोसिएशन संघ अपने पत्र में उल्लेख किया है कि स्टांप एवं पंजीयन विभाग द्वारा 4 जून 2026 को जारी पत्र के माध्यम से ई-रजिस्ट्री व्यवस्था को अधिकृत संस्थाओं के जरिए संचालित करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत आम लोगों की संपत्तियों की खरीद-फरोख्त से संबंधित दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन और पंजीकरण अधिकृत संस्थाओं के माध्यम से कराने का प्रावधान किया जा रहा है।

बार एसोसिएशन का कहना है कि इस व्यवस्था से अधिवक्ताओं की भूमिका प्रभावित होगी तथा पंजीकरण प्रक्रिया में उनकी सहभागिता कम हो जाएगी। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान व्यवस्था में अधिवक्ता दस्तावेजों की वैधानिक जांच-पड़ताल कर आमजन को आवश्यक कानूनी परामर्श प्रदान करते हैं, जिससे विवादों की संभावना कम रहती है।

संघ ने मांग की है कि अधिवक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाए तथा वर्तमान प्रणाली को यथावत रखा जाए। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।

बार एसोसिएशन संघ रुद्रपुर ने शासन से अधिवक्ताओं एवं आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए ई-रजिस्ट्री से संबंधित प्रस्तावित व्यवस्था को वापस लेने की मांग की है।

थोड़ी सी बारिश में जलमग्न हुआ परिसर, हाईटेक बस स्टेशन के दावे पानी में आये बहते नजर

 चौंकिए मत! यह तालाब नहीं, रुद्रपुर का बस स्टेशन है

रुद्रपुर, देवरिया। चौंकिए मत, तस्वीर में दिख रहा नजारा किसी तालाब या पोखरे का नहीं, बल्कि रुद्रपुर बस स्टेशन परिसर का है। पहली ही बारिश ने बस स्टेशन की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। परिसर पूरी तरह पानी से लबालब भर गया है, जिससे यात्रियों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रुद्रपुर बस स्टेशन इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर मीडिया की सुर्खियों तक छाया हुआ है। वर्षों से जनप्रतिनिधियों द्वारा इसे हाईटेक बस स्टेशन बनाने के सपने दिखाए जाते रहे हैं। लाखों से लेकर करोड़ों रुपये खर्च करने की घोषणाएं हुईं, योजनाएं बनीं, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

हर बरसात में जलभराव की समस्या सामने आती है। पानी भरने के बाद नगर पंचायत और प्रशासन द्वारा एसडीएम के साथ मौके पर पहुंचकर पानी निकलवाने की कवायद की जाती है और खूब प्रचार-प्रसार भी होता है, लेकिन नतीजा वही "ढाक के तीन पात" साबित होता है।

गुरुवार को हुई बारिश के बाद एक बार फिर बस स्टेशन परिसर तालाब में तब्दील हो गया। यात्रियों को पानी में होकर गुजरना पड़ा, जबकि दुकानदारों और वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

गौरतलब है कि देवरिया जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के विभाग से जुड़ा यह बस स्टेशन लंबे समय से विकास की बाट जोह रहा है। जनता को हाईटेक बस स्टेशन का सपना दिखाया गया, लेकिन आज भी मूलभूत सुविधाएं नसीब नहीं हो सकी हैं।

अब यह भी बताया जा रहा है कि बस स्टेशन के विकास कार्यों पर न्यायालय का स्टे लगा हुआ है। हालांकि सवाल यह है कि जब तक स्टे हटेगा, तब तक क्या हर बरसात में यात्रियों को इसी तरह जलभराव की समस्या झेलनी पड़ेगी?

फिलहाल रुद्रपुर की जनता पूछ रही है— आखिर हाईटेक बस स्टेशन का सपना कब हकीकत बनेगा, या फिर यह भी सिर्फ एक और चुनावी लॉलीपॉप साबित होगा?

सड़क किनारे गड्ढे में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

रुद्रपुर (देवरिया) कोतवाली क्षेत्र के महाराजगंज-बनियनी मार्ग पर रनिहवा मोड़ के समीप गुरुवार सुबह एक 45 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भलुअनी थाना क्षेत्र के बढ़या फुलवरिया निवासी जितेंद्र तिवारी (45) के रूप में हुई। बताया जाता है कि वह मदनपुर स्थित अपने ससुराल आए हुए थे। बुधवार को किसी कार्य से बाइक से बैतालपुर गए थे। देर रात अथवा भोर में वापस लौटते समय उनका शव रनिहवा मोड़ के पास सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पड़ा मिला।

गुरुवार सुबह राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची रुद्रपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

बुधवार, 10 जून 2026

आकाशीय बिजली गिरने से वृद्ध महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

रुद्रपुर (देवरिया)। क्षेत्र के जोगिया गांव में गुरुवार भोर आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर राजस्व एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार जोगिया गांव निवासी अनारी देवी (65) पत्नी सूर्यपाल गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे शौच के लिए घर से बाहर गई थीं। इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी-पानी के साथ बिजली कड़क रही थी। बताया जाता है कि अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अनिल तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराई तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

नायब तहसीलदार अनिल तिवारी ने बताया कि यह दैवीय आपदा की घटना है। शासन की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मृतका अपने पीछे एक पुत्र तथा दो विवाहित पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक सड़क हादसा में घायल

नगवा खास-असवनपार  के बीच हुआ बुधवार की सुबह हादसा

रुद्रपुर, देवरिया। यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने वाराणसी से देवरिया आ रहे एक युवक की बुधवार को सड़क दुर्घटना में घायल होने की घटना सामने आई। हादसा रुद्रपुर क्षेत्र के अशवन पुल के पास हुआ।

हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बाइक

 जानकारी के अनुसार वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवादा गांव निवासी आकाश यादव पुत्र कमलेश यादव अपने मित्र कुणाल राजभर के साथ बाइक से देवरिया स्थित अशोक इंटर कॉलेज में आयोजित यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने आ रहे थे। इसी दौरान नगवा खास-अशवन पुल के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।

दुर्घटना में आकाश यादव गंभीर रूप से चोटिल हो गए। वहीं दूसरी बाइक सवार श्रीराम पुत्र रामदास भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल घायलों की मदद कर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। चिकित्सकों द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है।

विद्यालय संचालन की समस्याओं पर हुई चर्चा, डीआईओएस ने दिया सहयोग का भरोसा

 

रुद्रपुर देवरिया। भारतीय विद्यालय प्रबंधक संघ के प्रति निधिमंडल ने बुधवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) हरिश्चन्द्र नाथ से शिष्टाचार मुलाकात कर विद्यालय संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों से अवगत कराया। इस दौरान संघ पदाधिकारियों ने निजी विद्यालयों के समक्ष आने वाली प्रशासनिक एवं शैक्षिक कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यालयों के सुचारु संचालन के लिए विभाग सदैव सकारात्मक भूमिका निभाएगा। मुलाकात के दौरान भारतीय विद्यालय प्रबंधक संघ की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मणि, राष्ट्रीय संयोजक अभय निगम, राष्ट्रीय महामंत्री राजीव कुमार मिश्रा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बागेश्वरी मिश्र, राष्ट्रीय संगठन मंत्री धनंजय नाथ त्रिपाठी, विवेकानंद पाण्डेय तथा रवि दीक्षित सहित बड़ी संख्या में विद्यालय प्रबंधक उपस्थित रहे।


संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता विपिन कुमार शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि संगठन शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों के समाधान और विद्यालयों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डीआईओएस के साथ हुई वार्ता सकारात्मक रही और इससे विद्यालय प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की उम्मीद मजबूत हुई।

भाजपा नगर मंडल रुद्रपुर ने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में चलाया स्वच्छता अभियान

स्वच्छता से ही स्वस्थ और विकसित भारत का निर्माण संभव

रुद्रपुर। स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत बुधवार को भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल द्वारा प्रसिद्ध दूग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर एवं उसके आसपास साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर  नेताओ ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य देश को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति जागरूक हो जाए तो स्वच्छ और विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार हो सकता है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों एवं अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में सफाई कर श्रद्धालुओं को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता  भाजपा नेता कौशल किशोर सिंह, मंडल महामंत्री शिवम श्रीवास्तव, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, मंडल उपाध्यक्ष शिवशरण वर्मा, राजीव गुप्ता, रामजतन पुजारी, मंडल मंत्री संजीव निगम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आखिरकार शिकंजे में आया 'खूंखार' सांड, किसान की मौत के बाद चला रेस्क्यू ऑपरेशन

रुद्रपुर, देवरिया। पिडरा गांव और आसपास के क्षेत्रों में कई दिनों से दहशत का पर्याय बने हिंसक छुट्टा सांड को बुधवार को पशुपालन विभाग की टीम ने ग्रामीणों, राजस्व विभाग और पुलिस की मदद से सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। सांड के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।

बता दें कि बुधवार सुबह इसी हिंसक सांड के हमले में पिडरा निवासी 54 वर्षीय किसान तेज बहादुर साहनी की मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।

ग्रामीणों, पुलिस और पशुपालन विभाग की संयुक्त कार्रवाई से पकड़ा गया हिंसक छुट्टा सांड

घटना की गंभीरता को देखते हुए पशुपालन विभाग की टीम तत्काल काऊ कैचर वाहन के साथ पिडरा गांव पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों और राजस्व विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से सांड को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत और सतर्कता के बाद टीम ने हिंसक सांड को काबू में कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

ग्राम प्रधान मनोज सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय में आधा दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया था। इसके कारण गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ था। बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया था।

सांड के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और पशुपालन विभाग की कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत जताई। लोगों का कहना है कि अब गांव में भय का माहौल खत्म होगा और जनजीवन सामान्य हो सकेगा।

टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं पर डीएम सख्त, करौदी व परसिया मिश्र में किया औचक निरीक्षण

गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण समय पर हो, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम

रुद्रपुर देवरिया। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और टीकाकरण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को ग्राम करौदी में आयोजित टीकाकरण सत्र तथा परसिया मिश्र स्थित आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

ग्राम करौदी में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) के टीकाकरण सत्र में पहुंचकर जिलाधिकारी ने वैक्सीन, दवाओं और अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी पात्र लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध ढंग से पहुंचाई जाएं।

डीएम ने स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की हिदायत देते हुए मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड (एमसीपी कार्ड) को वास्तविक तथ्यों के आधार पर पूर्ण एवं सही ढंग से भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड की शुद्धता स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बेहद जरूरी है।

आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र परसिया मिश्र

तत्पश्चात जिलाधिकारी परसिया मिश्र स्थित आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) के तहत चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।

धरने पर बैठे फरियादी के भूमि विवाद का हुआ निस्तारण

राजस्व टीम ने पुलिस फोर्स के साथ पहुंच कर कराया निस्तारण

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील क्षेत्र के डहरौली बुजुर्ग गांव निवासी व्यास मुनि शुक्ला द्वारा भूमि विवाद एवं कथित कब्जे की शिकायत को लेकर सोमवार को तहसील परिसर में धरना दिया गया था। यह धरना देर रात्रि तक चला, जिसके बाद नायब तहसीलदार अनिल तिवारी के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।

मामले को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को नायब तहसीलदार अनिल तिवारी राजस्व टीम एवं थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर रुद्रपुर पुलिस बल के साथ डहरौली बुजुर्ग गांव पहुंचे। मौके पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी गई तथा राजस्व अभिलेखों एवं न्यायालय के आदेशों के आधार पर विवाद का समाधान कराया गया।

नायब तहसीलदार ने बताया कि संबंधित भूमि प्रकरण में पूर्व से धारा-24 के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसके अंतर्गत सीमांकन के अनुसार पत्थर भी स्थापित कराए गए थे।

 कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों ने समाधान पर संतोष व्यक्त किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राजस्व अभिलेखों एवं न्यायालयीय आदेशों के अनुरूप ही कार्रवाई की गई है, जिससे लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया।

मंगलवार, 9 जून 2026

छुट्टा सांड के हमले में 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

मनोज रुंगटा

रुद्रपुर, देवरिया। क्षेत्र के पिड़रा गांव में बुधवार सुबह छुट्टा सांड के हमले में एक 54 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। करीब एक घंटे तक चले जाम के कारण आवागमन बाधित रहा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार पिड़रा निवासी तेज बहादुर साहनी (54) पुत्र स्वर्गीय रमाशंकर साहनी बुधवार सुबह अपने खेत जा रहे थे  इसी दौरान एक छुट्टा सांड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। सांड ने उन्हें सींग से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

नाराज ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम अवधेश निगम, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, थाना रुद्रपुर एवं एकौना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लगभग एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।

प्रधान ने डीएम के नाम दिया पत्रक की मुआवजे की मांग

इस दौरान पिड़रा के ग्राम प्रधान मनोज सिंह ने जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने, क्षेत्र में घूम रहे छुट्टा सांडों को तत्काल पकड़वाने तथा पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई न होने के मामले में संबंधित कर्मचारियों की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी छुट्टा सांडों के हमले में राम सूचित यादव, गामा यादव, दीनानाथ यादव, राम प्रताप सिंह, राम सकल यादव सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

देहात मंडल अध्यक्ष विशाल द्विवेदी, भाजपा नेता विश्वविजय निषाद, ग्राम प्रधान मनोज सिंह, भाजपा नेता डी.के. यादव एवं डॉ. पंकज सिंह शब्बीर अहमद अवधेश यादव मंतोष  तिवारीने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में घूम रहे सभी छुट्टा पशुओं को तत्काल पकड़कर गौ संरक्षण केंद्र भेजा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

बैतालपुर में दो कारों की भीषण टक्कर, एक की मौत; i20 में लगी आग, नौ घायल

रुद्रपुर। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर में रविवार देर रात एचपी पेट्रोल पंप के सामने दो कारों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे के ...