मंगलवार, 16 जून 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में तहसील परिसर में दूसरे दिन हुआ योगाभ्यास

 "हर घर योग, हर दिन योग" का दिया गया संदेश

रुद्रपुर, देवरिया। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जयराम यादव के निर्देश पर तथा डीएचओ देवरिया डॉ. संजय कुमार सिंह एवं डीपीएम गौरव शाही के कुशल मार्गदर्शन में मंगलवार को तहसील परिसर रुद्रपुर में दूसरे दिन योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन एसडीएम रुद्रपुर के सानिध्य में किया गया, जिसमें तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षक विक्रमजोत पांडेय ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

इस अवसर पर लोगों को योग के प्रति जागरूक करते हुए "हर घर योग, हर दिन योग", "सुबह हो या शाम, योग देता है आराम" तथा "करो योग, रहो निरोग" का संदेश दिया गया। 

अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं और इसे जीवन धर्म के रूप में अपनाकर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की ओर अग्रसर हों।

योगाभ्यास कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।

पीडीए चौपाल में सपा नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना 2027 में बदलाव का किया आह्वान

रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अवस्थी में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रदीप यादव के नेतृत्व में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में प्रदीप यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों, किसानों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों पर जनता खुद को उपेक्षित महसूस कर रही है।

प्रदीप यादव ने उपस्थित लोगों से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाकर प्रदेश में बदलाव लाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली तथा महिलाओं को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने जैसी योजनाओं को लागू किया जाएगा।

चौपाल में वक्ताओं ने पीडीए समाज की भागीदारी और अधिकारों को सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया तथा सामाजिक न्याय और समान अवसर की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रामकेवल यादव, सभासद विजय यादव, संध्या जायसवाल, सुदर्शन यादव, रामवृक्ष राजपूत, जयगोपाल राजभर, राहुल यादव, अमानत अंसारी, अजय विश्वकर्मा, रमेश मिश्रा, गुलाबी देवी, रेनू देवी एवं जोनिया देवी सहित अनेक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

हत्या के प्रयास में वांछित दो अभियुक्तो को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

 
रुद्रपुर (देवरिया)। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एकौना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार थाना एकौना में दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे से संबंधित वांछित अभियुक्त शेषनाथ पुत्र विसर्जन (40 वर्ष) एवं साहब पुत्र शोभी (54 वर्ष) निवासी ग्राम हौली बलिया, थाना एकौना को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपित काफी दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सतेन्द्र कुमार राय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान थाना एकौना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को दबोच लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त थाना एकौना में पंजीकृत मुकदमा संख्या 67/2026 की विभिन्न धाराओं के तहत वांछित थे। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

अधिवक्ताओं का धरना दूसरे दिन भी रहा जारी

तहसील प्रशासन के खिलाफ जताया रोष

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील बार एसोसिएशन रुद्रपुर द्वारा पीठा सीन अधिकारियों एवं उनके कार्यालयों की कार्यप्रणाली के विरोध में शुरू किया गया धरना-प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में एकत्र होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यानंद पांडे के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि पीठासीन अधिकारियों एवं उनके कार्यालयों की कार्यप्रणाली से न्यायिक एवं राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वादकारियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है तथा मामलों के निस्तारण में अनियमितता और मनमानी बरती जा रही है।

धरने को संबोधित करते हुए अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि न्यायिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर अधिवक्ताओं की आवाज को नजरअंदाज करना उचित नहीं होगा।

धरना-प्रदर्शन में बार संघ के पूर्व अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी, पूर्व मंत्री आनंद शंकर मणि, एल्डर्स कमेटी के सदस्य विजय सिंह, नागेंद्र राव, सुधांशु मौलि ओझा, परमहंस यादव, कृष्णमूर्ति मणि त्रिपाठी, शशिभूषण, सत्यप्रकाश, सौरभ गुप्ता, अशफाक अहमद, रणधीर सिंह, विकास दुबे, पंकज शुक्ला, गोपीनाथ यादव, विनय शुक्ला सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

दो घरों के ताले तोड़ लाखों के जेवरात पार, गांव में दहशत

पुलिस ने किया अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर/देवरिया। मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसम्हा में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। जहां पुलिस में पीड़ित के तहरीर पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया वही घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, मुकदमा दर्ज के वाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी गोविंद जायसवाल मुंबई में रहकर व्यवसाय करते हैं। उनके घर पर पत्नी गुड्डी देवी और बेटी साक्षी जायसवाल रहती हैं। रविवार रात भोजन करने के बाद मां-बेटी अपने कमरे में सो गईं। रात करीब 3:30 बजे गुड्डी देवी की नींद खुली तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे और घर का सामान बिखरा पड़ा था तथा अलमारी का ताला टूटा हुआ था।

पीड़िता के अनुसार, घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है, चोरी हो गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई।

इसी दौरान चोरों ने गांव के ही विशाल के घर को भी निशाना बनाया। वहां ग्रील तोड़कर घर में घुसे बदमाश दो थान आभूषण लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मदनपुर नंदा प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

 पीड़ितों ने पुलिस को दी तहरीर

इस संबंध में थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि पीड़ितों के तहरीर पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर  मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटना से लोगों में भय का माहौल है। 

बेसिक शिक्षा की प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान, एम एल सी ने सराहा शिक्षकों का प्रयास


रुद्रपुर, देवरिया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड रुद्रपुर स्थित दुग्धेश्वरनाथ मंदिर के पीछे बने बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित तीन दिवसीय मेले में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं, नवाचारों और बच्चों की शैक्षिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।खंड शिक्षा धिकारी राज किशोर सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं और शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की जानकारी दी।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य रतन पाल सिंह ने शिक्षकों और बच्चों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग बच्चों के भविष्य निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार प्राथमिक शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं और आगे भी यह प्रयास जारी रहेंगे। 

उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा दिलाने की अपील करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने प्रदर्शनी में शामिल शिक्षकों, विद्यार्थियों और अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य के लिए कंपोजिट विद्यालय जाफराबाद के सहायक अध्यापक बलवंत कुमार की विशेष प्रशंसा की तथा उन्हें सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में एआरपी घनश्याम त्रिपाठी, अभय शुक्ला, विनय यादव, कौशल किशोर शर्मा, मनोज यादव, अनीता सिंह, संजीव सिंह, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का हुआ शुभारंभ

योग से स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ें अनिल तिवारी

रुद्रपुर, देवरिया। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में "स्वस्थ आयु के लिए योग"  विषय पर तहसील सभागार रुद्रपुर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नायब तहसीलदार अनिल तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर योग प्रशिक्षक विक्रम ज्योति पांडे ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

नायब तहसीलदार अनिल तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने रुद्रपुर क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिदिन प्रातःकाल योग कार्यक्रम में शामिल होने और स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित योग से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी दूर होता है तथा व्यक्ति स्वस्थ वृद्धावस्था की ओर अग्रसर होता है

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत पूरे सप्ताह प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से तहसील रुद्रपुर परिसर में योगाभ्यास कराया जाएगा, जिसमें आमजन भी सहभागिता कर सकते हैं।


पीठासीन अधिकारियों की कार्यशैली के विरोध में अधिवक्ताओं का धरना, प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप

रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील बार एसोसिएशन रुद्रपुर के अधिवक्ताओं ने सोमवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यानंद पांडे के नेतृत्व में तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर पीठासीन अधिकारियों एवं उनके कार्यालयों की कार्यप्रणाली के खिलाफ नाराजगी जताई। अधिवक्ताओं ने न्यायिक एवं राजस्व कार्यों के निष्पादन में अनियमितता, मनमानी तथा वादकारियों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि तहसील स्तर पर न्यायिक और राजस्व मामलों के निस्तारण में लगातार लापरवाही बरती जा रही है, जिससे अधिवक्ताओं के साथ-साथ वादकारियों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में कई बार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अधिकारियों की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ।

अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है। धरने के दौरान दिनभर नारेबाजी कर अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में बार संघ के पूर्व अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी, पूर्व मंत्री आनंद शंकर मणि, एल्डर्स कमेटी के सदस्य विजय सिंह, नागेंद्र राव, सुधांशु मौलि ओझा, परमहंस यादव, कृष्णमूर्ति मणि त्रिपाठी, शशिभूषण, सत्यप्रकाश, सौरभ गुप्ता, अशफाक अहमद, रणधीर सिंह, विकास दुबे, पंकज शुक्ला, गोपीनाथ यादव, विनय शुक्ला समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

रविवार, 14 जून 2026

सोमवती अमावस्या पर दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

रुद्रपुर, देवरिया। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधिवत पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल कामना की।

विशेष रूप से महिलाओं ने सोमवती अमावस्या के महत्व को ध्यान में रखते हुए पीपल वृक्ष की पूजा-अर्चना की तथा उसकी परिक्रमा कर धागा बांधा। 

सोमवती अमावस्या के दिन महिलाओ ने की पीपल वृक्ष की पूजा

मान्यता है कि सोमवती अमावस्या के दिन पीपल वृक्ष की पूजा एवं परिक्रमा करने से सौभाग्य, सुख-शांति और दीर्घायु का आशीर्वाद प्राप्त होता है। महिलाओं ने विधि-विधान से व्रत रखकर परिवार के कल्याण की कामना की।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की गई थीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, बेलपत्र, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या का विशेष महत्व माना जाता है। जब अमावस्या सोमवार के दिन पड़ती है तो उसका पुण्य फल कई गुना बढ़ जाता है। इसी कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर स्नान, दान एवं पूजा-पाठ कर धर्मलाभ प्राप्त करते हैं। दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा और पूरा क्षेत्र भक्ति एवं श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया।

पीठासीन अधिकारियों की कार्यशैली के विरोध में सोमवार को अधिवक्ता वैठेंगे धरना पर

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील प्रशासन एवं पीठासीन अधिकारियों के कार्यालयों की कार्यशैली से नाराज बार एसोसिएशन रुद्रपुर ने 15 जून से धरना-प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि पूर्व में दिए गए ज्ञापन और मांगपत्रों पर प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यानंद पांडेय के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रुद्रपुर को पत्रक सौंपकर अपनी मांगों और शिकायतों से अवगत कराया था। अधिवक्ताओं के अनुसार 4 जून को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पीठासीन अधिकारियों एवं उनके कार्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग की गई थी।

बार पदाधिकारियों का कहना है कि न्यायालयों में वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को विभिन्न प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार आवश्यक कार्य समय से नहीं हो पाते, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित होती है। इस संबंध में प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

जिसके कारण बार एसोसिएशन ने आंदोलन का निर्णय लिया है। जो 15 जून से तहसील परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जो मांगों के समाधान तक जारी रह सकता है।

बार एसोसिएशन के महामंत्री विनोद पाठक सहित रामेश्वर मणि, पंकज शुक्ला, कृष्णमूर्ति मणि एवं अन्य अधिवक्ताओं ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान करने तथा न्यायिक व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है।

पुलिस ने किशोरी को एक साल बाद सकुशल किया बरामद

 मां से नाराज होकर दोस्त के साथ चली गई थी मुंबई

रुद्रपुर, देवरिया। थाना रुद्रपुर पुलिस ने करीब एक वर्ष से लापता चल रही एक किशोरी को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। किशोरी अपनी मां से नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थी और मुंबई में रह रही थी।

पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस को यह सफलता मिली।

जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल 2025 को कुशीनगर जनपद के हाटा थाना क्षेत्र के पैकौली गांव निवासी अनिता देवी अपनी पुत्री विद्या के साथ किसी कार्य से रुद्रपुर स्थित काशीपुरम कॉलोनी आई थीं। इसी दौरान उनकी पुत्री अचानक लापता हो गई। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर रुद्रपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

किशोरी की बरामदगी में विलंब होने पर मामले की विवेचना एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) को स्थानांतरित कर दी गई। इसके बाद पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी रही।

शनिवार को उपनिरीक्षक अंकित यादव, कांस्टेबल राजेश यादव तथा महिला कांस्टेबल वंदना यादव ने मुखबिर की सूचना पर कस्बा रुद्रपुर स्थित नाथ बाबा मंदिर के पास से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपनी मां से नाराज होकर करीब एक वर्ष पूर्व अपने मित्र सन्नी विश्वकर्मा के साथ मुंबई चली गई थी और वहीं रह रही थी। वहीं बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

शनिवार, 13 जून 2026

मोहर्रम को लेकर रुद्रपुर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक

 डीजे पर प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

रुद्रपुर (देवरिया)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को रुद्रपुर कोतवाली परिसर में थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजियादारों, अखाड़ा संचालकों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य लोगों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।

बैठक को संबोधित करते हुए नायब तहसीलदार अनिल तिवारी ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और अनुशासन का प्रतीक है। सभी आयोजनकर्ता प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने कहा कि सभी कार्यक्रम परंपरागत तरीके से आयोजित किए जाएं और निर्धारित मार्गों पर ही ताजिया जुलूस निकाला जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार प्रतिबंधित डीजे का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निर्धारित रूट पर निकलेगी जुलूस

बैठक में बताया गया कि ताजिया की ऊंचाई 10 से 15 फीट से अधिक नहीं होगी जो निश्चित रूप पर ही निकलेंगी जुलूस मार्गों पर लटके बिजली के तारों को दुरुस्त कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाएगा। प्रत्येक अखाड़े में कम से कम पांच स्वयंसेवक नामित किए जाएंगे, जिनके पहचान पत्र होंगे तथा उनकी जानकारी प्रशासन और पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों को अपने कार्यक्रमों की पूर्व सूचना देने, आयोजनकर्ता का नाम व मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही बताया गया कि अखाड़ों के साथ अलग से बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी।

बैठक के दौरान सभासद सज्जाक अली ने नवमी और दसवीं मोहर्रम पर आयोजित होने वाले मिलन कार्यक्रम में अधिक भीड़ होने का मुद्दा उठाते हुए संबंधित मार्गों पर यातायात डायवर्जन की मांग की।

बैठक में नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, राम लक्षन चौकी इंचार्ज सौरभ सिंह उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, ज्ञान प्रकाश शुक्ला, सभासद सज्जाक अली कयामुद्दीन राइनी फैयाज कुरैशी अब्दुल मजिद सहित ताजियादार, अखाड़ा संचालक और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से नीलगाय की दर्दनाक मौत

 ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के रामनगर गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक नीलगाय की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के समीप गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार काफी समय से नीचे लटक रहा था। इस संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा कई बार बिजली विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

बताया जाता है कि शुक्रवार देर रात एक नीलगाय खेतों की ओर जाते समय नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने लटक रहे तार को ठीक करा दिया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने आशंका जताई कि इसी तरह की लापरवाही भविष्य में किसी व्यक्ति या अन्य पशु के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है।


ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल क्षेत्र में जर्जर एवं नीचे लटक रहे तारों की मरम्मत कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर रुद्रपुर में सम्मान समारोह व स्वास्थ्य मेले का आयोजन

विधायक जयप्रकाश निषाद ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

रुद्रपुर, देवरिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर "विश्वास, जनकल्याण, सेवा, संस्कार एवं सुशासन" विषयक कार्यक्रम का आयोजन रुद्रपुर स्थित दुग्धेश्वर नाथ मंदिर के बहुउद्देशीय सभागार में किया गया। कार्यक्रम के साथ ही आमजन को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से लेकर अब तक केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है।

 संबोधन में विधायक जयप्रकाश निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, हर घर जल, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने देश की तस्वीर बदलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का केंद्र बिंदु समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे, हवाई अड्डों और डिजिटल सेवाओं के विस्तार ने भारत को नई पहचान दिलाई है। आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में चिकित्सकों द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा विभिन्न बीमारियों के संबंध में परामर्श और जागरूकता प्रदान की गई। स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की सरकार की मंशा को इस आयोजन के माध्यम से रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख उषा पासवान, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, देहात मंडल अध्यक्ष विशाल द्विवेदी, अनिरुद्ध चौधरी, दिवाकर निषाद, रमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट द्वारा बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों से किया गया संवाद

रुद्रपुर, देवरिया। अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन, गोरखपुर के निर्देशानुसार वर्तमान सामाजिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए गठित कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) के तहत जनपद देवरिया में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

 पुलिस अधीक्षक देवरिया के निर्देशन में शनिवार को रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा दुग्धेश्वर नाथ मंदिर, सहनकोटि देवी लोकनाथ मंदिर एवं विभिन्न ग्रामों और वार्डों में निवास कर रहे बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों से संवाद स्थापित किया गया।

वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा दैनिक जीवन से संबंधित समस्याओं की  जानकारी की प्राप्त

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लगभग दो दर्जन वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा दैनिक जीवन से संबंधित समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उनसे संपर्क बनाए रखने हेतु मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान भी किया गया।

"कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट ने बुजुर्गों से किया संवाद, सुरक्षा व साइबर जागरूकता का दिया संदेश"

पुलिस टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया तथा उन्हें पुलिस हेल्पलाइन सेवाओं एवं आपातकालीन सहायता नंबरों की जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया।

संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम समाज और पुलिस के बीच विश्वास, सहयोग एवं समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय ने कहाकी "वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं सम्मान पुलिस विभाग की प्राथमिकता है। कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत किया जा रहा है, जिससे बुजुर्गों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



थाना समाधान दिवस में 17 शिकायतें पहुंचीं, 9 का मौके पर निस्तारण

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर सर्कल के अंतर्गत थाना मदनपुर,  एकौना और रुद्रपुर कोतवाली में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तीनों थानों में कुल 17 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 9 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

मदनपुर थाने में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अवधेश निगम एवं क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राव के नेतृत्व में थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 5 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से राजस्व संबंधी 3 मामलों का निस्तारण कर दिया गया।

एकौना थाने में तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 2 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। हालांकि किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।

रुद्रपुर कोतवाली में 12 प्रार्थना पत्र पड़े जिसमें 7 का हुआ निस्तारण

 रुद्रपुर कोतवाली में नायब तहसीलदार अनिल तिवारी की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस संपन्न हुआ। यहां कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 मामलों का निस्तारण कर दिया गया।

इस अवसर पर एसडीएम अवधेश निगम ने कहा कि "थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करना है। राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।"

कार्यक्रम में रुद्रपुर थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर, एकौना थाना प्रभारी आनंद कुमार पांडेय, मदनपुर थाना प्रभारी नंदा प्रसाद, अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव तथा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अली आजम शेख सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, मदनपुर पुलिस की कार्रवाई

रुद्रपुर/देवरिया। थाना मदनपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को ग्राम गायघाट टोला रामपुर से आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येंद्र कुमार राय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार थाना मदनपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 53/2026 के तहत आरोपी राहुल यादव (28 वर्ष), रामध्यान (23 वर्ष) पुत्रगण दिनेश यादव तथा जयहिन्द यादव (33 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश यादव, निवासी गायघाट टोला रामपुर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

खेत की मेड़ बांधने को लेकर हुआ था विवाद

थाना मदनपुर में दर्ज तहरीर के अनुसार वादी राधेश्याम यादव ने बताया कि 10 जून को वह अपने खेत में मेड़ बांधने गए थे। इसी दौरान राहुल यादव ने गाली-गलौज करते हुए विरोध किया। आरोप है कि उसी शाम आरोपी पक्ष के लोगों ने वादी के घर पहुंचकर उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। घटना में वादी के नाती के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसे पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला मानते हुए मुकदमा दर्ज किया।

एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रामध्यान के खिलाफ मदनपुर थाने में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध वर्ष 2023, 2024 और 2025 में मारपीट, धमकी तथा अन्य धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।

गिरफ्तारी टीम में रहे शामिल

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल रामजी राम, कांस्टेबल धीरज गोंड़, आरक्षी बहादुर यादव, दिनकर सिंह एवं अंकित कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसडीएम ने किया मदनपुर केवटलिया तटबंध का निरीक्षण दिया आवश्यक निर्देश

बरसात से पहले तटबंध सुरक्षा कार्य पूरा करें, गुणवत्ता में कोई समझौता न हो : एसडीएम अवधेश निगम

रुद्रपुर, देवरिया। आगामी बरसात को देखते हुए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अवधेश निगम ने शनिवार को मदनपुर-केवटलिया तटबंध का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सहायक अभियंता उपेंद्र प्रसाद एवं अवर अभियंता शुभम गुप्ता भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने तटबंध की सुरक्षा के लिए 228 लाख रुपये की लागत से चल रहे बोल्डर पिचिंग कार्य का जायजा लिया। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बरसात शुरू होने से पहले हर हाल में परियोजना का कार्य पूर्ण कर लिया जाए तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

सहायक अभियंता ने तटबंध पर हो रहे कटाव (रेन कट) को रोकने के लिए मिट्टी स्टॉक की समस्या से अवगत कराया। इस पर एसडीएम अवधेश निगम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव एवं विवरण पोर्टल/ऐप पर तत्काल अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जा सके।

एसडीएम ने कहा कि तटबंध की सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी नियमित निगरानी करते हुए कार्य की प्रगति सुनिश्चित करें, जिससे बरसात के दौरान क्षेत्र को बाढ़ और कटाव से सुरक्षित रखा जा सके।

तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से बालक गंभीर घायल, पैर हुआ फ्रैक्चर

रुद्रपुर, देवरिया। नगर के बरई वार्ड में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आने से सात वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार राजकुमार (7 वर्ष) पुत्र सुनील कारुष, निवासी बरई वार्ड, अपने घर से खेलने के लिए निकला था। इसी दौरान थाना रोड पर उमा कसौधन के मकान के सामने तेज गति से आ रही एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

दुर्घटना में राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने तथा लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अज्ञात मोटरसाइकिल की ठोकर से दो स्कूली छात्राएं घायल

रुद्रपुर, देवरिया। नगर क्षेत्र स्थित राहुल गांधी विद्यालय की दो छात्राएं स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने घर लौट रही थीं कि रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें ठोकर मार दी। हादसे में दोनों छात्राएं घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार डाला गांव निवासी करिश्मा (11 वर्ष) पुत्री वशिष्ठ तथा अर्पिता (7 वर्ष) प्रतिदिन की तरह विद्यालय से पढ़ाई पूरी कर अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान सेमरौना-डाला मार्ग पर तेज गति से आ रही एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे में करिश्मा के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि अर्पिता को भी चोटें लगी हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों छात्राओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और दुर्घटना करने वाले वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।

शुक्रवार, 12 जून 2026

डीएम के निर्देश पर अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली व लोडर सील

 

रुद्रपुर (देवरिया)। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी खनन में लगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर को पकड़कर सील कर दिया। कार्रवाई से अवैध खनन में जुटे लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान रुद्रपुर मार्ग स्थित जोगिया चौराहे के पास अवैध रूप से मिट्टी खनन कर ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया गया। मौके पर खनन कार्य में लगा लोडर भी पुलिस के कब्जे में ले लिया गया। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर को थाने लाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद एसडीएम अवधेश निगम एवं क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय के निर्देश पर नायब तहसीलदार अनिल तिवारी ने दोनों वाहनों को सील कर दिया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर ने बताया कि जांच के दौरान वाहन चालकों द्वारा खनन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। बिना अनुमति मिट्टी का खनन और परिवहन किया जा रहा था। इस कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

डीएम के सख्त निर्देश पर जारी है अभियान

जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

आईजीआरएस प्रकरण का डीएम ने किया स्थलीय सत्यापन एक शिकायत सही, दूसरी निकली झूठ

डी एम ने मौके पर दिया सख्त तत्काल निर्माण कार्य रोकने का दिया निर्देश

रुद्रपुर (देवरिया)। आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता परखने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को खुद मैदान में उतरकर रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के तीन प्रकरणों का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान एक मामले में शिकायत की पुष्टि हुई, जबकि दूसरे मामले में शिकायतकर्ता ही अतिक्रमण करता मिला। इस पर जिलाधिकारी ने उसे तत्काल निर्माण कार्य रोकने और अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।

सिर्फ कागजी रिपोर्ट नहीं, अब होगी मौके पर जांच

ग्राम तिवईनिवासी इंद्रदेव नायक ने गाटा संख्या 329 की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई थी। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निस्तारण आख्या का परीक्षण किया और वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। जांच के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसी गांव के गौरीशंकर नायक ने शिकायत की थी कि गाटा संख्या 616 में निर्माण कार्य के दौरान ग्राम प्रधान और अन्य लोग उन्हें रोक रहे हैं। लेकिन जब जिलाधिकारी ने स्थल पर जांच कराई तो तस्वीर कुछ और ही निकली। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता स्वयं खलिहान की भूमि गाटा संख्या 615 पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य करा रहा था। शिकायत असत्य पाए जाने पर जिलाधिकारी ने उसे कड़ी हिदायत देते हुए अतिक्रमण से दूर रहने को कहा।

वहीं ग्राम कोइलगढ़हा निवासी संध्या देवी के मामले की भी जिलाधिकारी ने मौके पर जांच की। यह विवाद पारिवारिक संपत्ति से जुड़ा पाया गया। जांच में पता चला कि राजस्व विभाग पहले ही दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास कर चुका है। आवासीय हिस्सेदारी के विवाद के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने फरियादी को धारा-116 के तहत उपजिलाधिकारी न्यायालय में वाद दाखिल करने की सलाह दी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश निगम को स्पष्ट निर्देश दिए कि आईजीआरएस शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी रिपोर्ट के आधार पर नहीं, बल्कि वास्तविक तथ्यों की जांच के बाद किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में शिकायतकर्ता असंतुष्ट फीडबैक देता है, उनमें तहसीलदार और नायब तहसीलदार स्वयं मौके पर पहुंचकर सत्यापन करें। केवल लेखपाल या राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट पर निर्भरता स्वीकार नहीं की जाएगी।

डीएम ने कहा कि शिकायतों का रैंडम आधार पर भौतिक सत्यापन कराया जाए और हर प्रकरण का समयबद्ध, निष्पक्ष तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता का भरोसा शिकायत निवारण प्रणाली पर बना रहे।

इन्वर्टर से करंट लगने पर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 शव के गाँव पहुंचते ही गांव पहुंचते ही छाया मातम

रुद्रपुर  (देवरिया) मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नेतवार निवासी एक युवक की गोरखपुर में गुरुवार की रात्री इन्वर्टर से करंट लगने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पैतृक गांव नेतवार में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को शव गांव लाया गया  जहां अंतिम दर्शन के बाद बरहज स्थित मुक्ति पथ पर अंतिम संस्कार किया गया

जानकारी के अनुसार नेतवार गांव निवासी हरिशंकर पाण्डेय भारतीय वायु सेना में कार्यरत हैं और परिवार के साथ गोरखपुर के बिलन्दपुर मोहल्ले में रहते हैं। बताया जाता है कि गुरुवार रात उनके छोटे पुत्र दीपू पाण्डेय घर में लगे इन्वर्टर से प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई।

बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे पत्नी नेहा पाण्डेय, एक पुत्र एवं एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्वजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नालों की सफाई में करोड़ों के खेल का आरोप, टास्क फोर्स गठित कर जांच की मांग

 

रुद्रपुर देवरिया बाढ़ से बचाव के लिए कराई जा रही नालों की सिल्ट सफाई में बड़े पैमाने पर अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह के प्रतिनिधि एवं समाजसेवी हरेंद्र सिंह त्यागी ने प्रशासन से टास्कफोर्स गठित कर भौतिक सत्यापनकराने की मांगकी है।

त्यागी ने आरोप लगाया कि बाढ़ खंड विभाग द्वारा जनपद के लगभग 10 नालों की खुदाई और सिल्ट सफाई का कार्य कराया गया है, लेकिन अधिकांश कार्य केवल कागजों तक ही सीमित दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर नाममात्र का कार्य कराकर पूरे प्रोजेक्ट का भुगतान करने की तैयारी चल रही है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका बढ़ गई है।

उन्होंने विशेष रूप से कुरला नाले की सफाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि वास्तविक रूप से कार्य हुआ होता तो नालों की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई देती। बरसात शुरू होने के बावजूद कई नालों में जल निकासी की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। ऐसे में बाढ़ और जलभराव का खतरा बना हुआ है, जिसका खामियाजा किसानों और ग्रामीणों को भुगतना पड़ सकता है।

हरेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए प्रशासन को अधिकारियों की एक टास्क फोर्स गठित करनी चाहिए, जो सभी नालों का भौतिक सत्यापन कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करे। उन्होंने मांग की कि जांच में यदि किसी संस्था, ठेकेदार या विभागीय अधिकारी की लापरवाही अथवा भ्रष्टाचार सामने आता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए और सरकारी धन की क्षति की भरपाई भी सुनिश्चित की जाए।

त्यागी ने कहा कि जनहित से जुड़े इस गंभीर मामले में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। यदि समय रहते नालों की वास्तविक स्थिति की जांच नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान जलभराव और बाढ़ की समस्या विकराल रूप ले सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

नालों की सफाई को लेकर उठे इन आरोपों के बाद बाढ़ खंड विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

आईजीआरएस में लापरवाही पड़ी भारी: दो अधिकारियों पर गिरी गाज

डीएम ने खंड विकास अधिकारी भाटपार रानी व एडीओ पंचायत रुद्रपुर को दी प्रतिकूल प्रविष्टि रुद्रपुर देवरिया आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लाप...