शनिवार, 1 अगस्त 2026

जनहित के मामलों में कार्रवाई न होने पर अधिवक्ता ने डीएम से लगाई गुहार


रुद्रपुर, देवरिया। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अन्नपूर्णा ट्रस्ट के सदस्य एवं अधिवक्ता गोपीनाथ यादव ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर जनहित से जुड़े मामलों में कार्रवाई न होने की शिकायत की।

उन्होंने कहा कि विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर पूर्व में संबंधित विभागों को प्रार्थना पत्र दिए गए थे, लेकिन अब तक उनका निस्तारण नहीं किया गया। इससे आम जनता की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं और लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अधिवक्ता गोपीनाथ यादव ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने तथा लंबित जनहित के प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय रुद्रपुर का किया निरीक्षण

शिक्षण कार्य कर बीएसए ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

रुद्रपुर, देवरिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शनिवार को कंपोजिट विद्यालय रुद्रपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपस्थिति, पठन-पाठन एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बीएसए स्वयं कक्षा में पहुंचे और विद्यार्थियों को पढ़ाकर उनका मार्गदर्शन किया।

बीएसए ने बच्चों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और उनकी सीखने की क्षमता का आकलन करते हुए शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय में बीएसए का शिक्षण कार्य करते देख छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल रहा। उनके इस कदम को केवल औपचारिक निरीक्षण नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समर्पण, उत्तरदायित्व और नेतृत्व का प्रेरणादायी उदाहरण माना गया। शिक्षकों ने भी इसे बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का यह प्रयास स्पष्ट संदेश देता है कि एक सच्चा शिक्षाविद् केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहता, बल्कि स्वयं शिक्षण प्रक्रिया से जुड़कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता है। उनके इस प्रेरणादायी प्रयास की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

डीएम ने तहसीलदार न्यायालय का किया निरीक्षण, पुराने वादों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

रुद्रपुर (देवरिया)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को रुद्रपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने से पहले तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुराने लंबित राजस्व वादों की पत्रावलियों का अवलोकन कर मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने न्यायालय की पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रखरखाव, न्यायालयीय कार्यवाही का नियमित एवं अद्यतन अंकन तथा तहसील परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि न्यायालय की कार्यप्रणाली पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए, ताकि फरियादियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष न्याय दिलाना राजस्व अधिकारियों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्ता के साथ समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी रुद्रपुर, तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

डीएम के निर्देश पर तत्काल सुधरा राजस्व रिकॉर्ड, महिला को मिली संशोधित खतौनी

रुद्रपुर (देवरिया)। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के त्वरित हस्तक्षेप से एक महिला की वर्षों पुरानी राजस्व अभिलेख संबंधी समस्या का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। राजस्व रिकॉर्ड में नाम की त्रुटि :दूर होने पर फरियादी ने राहत की सांस ली और जिलाधिकारी का आभार जताया।

ग्राम जद्दु परसिया निवासी जदुरानी समाधान दिवस में अपनी शिकायत लेकर पहुंची थीं। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि उनकी खतौनी में उनका नाम त्रुटिवश 'यदुरानी' दर्ज हो गया है, जिससे उन्हें विभिन्न कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नाम संशोधित कराने की मांग की।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने उपजिलाधिकारी एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अभिलेखों की जांच कर मौके पर ही त्रुटि का संशोधन कराया और सही नाम दर्ज करते हुए नई खतौनी तैयार कर दी।

इसके बाद जिलाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से संशोधित खतौनी जदुरानी को सौंप दी। तत्काल समाधान मिलने पर फरियादी ने खुशी जताते हुए जिलाधिकारी एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समाधान दिवस में अन्य शिकायतों के भी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।

समाधान दिवस में सपा नेता ने उठाए जन समस्याओं के मुद्दे, डीएम को सौंपा मांगपत्र

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर विधानसभा के पूर्व सपा प्रत्याशी एवं समाजवादी पार्टी नेता प्रदीप यादव ने शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी को क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित एक मांगपत्र सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के कारण क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।मांगपत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं कराया गया तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता तहसील परिसर में आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

सड़क से लेकर बिजली वंधा तक सपा नेता ने की शिकायत

पत्रक मे नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जगह-जगह फेंके गए कूड़े का तत्काल निस्तारण रुद्रपुर के पुराने बस स्टेशन परिसर में वर्षों से जलभराव की समस्या का स्थायी रुद्रपुर-करहकोल मार्ग पर पिंडरा पुल के एप्रोच के कटान को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा कार्य तिघरा मराछी बांध पर कराए गए कटानरोधी कार्यों की गुणवत्ता की जांच तथा रुद्रपुर-नरकहवा मार्ग की जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जिससे आए दिन हो रहे हादसों पर रोक लग सके।

उन्होंने नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर विद्युत तारों को बदलकर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

सपा नेता प्रदीप यादव ने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी  जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

दुग्धेश्वरनाथ मंदिर पोखरे में गंदगी से मर रहीं मछलियां गेस्ट हाउस बुकिंग में धन उगाही का आरोप

रुद्रपुर (देवरिया)। संपूर्ण समाधान दिवस में पूर्व सभासद सच्चिदानंद उर्फ गुड्डन शुक्ला ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर दुग्धेश्वरनाथ मंदिर परिसर स्थित पोखरे की सफाई कराने और नगर पंचायत की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की।

पत्रक में पूर्व सभासद ने आरोप लगाया है कि दुग्धेश्वरनाथ मंदिर स्थित दोनो  पोखरे मे लंबे समय से गंदगी फैली हुई है, जिससे पोखरे में रहने वाली मछलियां मर रही हैं। उनका कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक सफाई की प्रभावी व्यवस्था नहीं कराई गई है।

शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत द्वारा संचालित गेस्ट हाउस एवं बहुद्देशीय हाल की बुकिंग में श्रद्धालुओं से निर्धारित शुल्क से अधिक धन उगाही की जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

पूर्व सभासद सच्चिदानंद उर्फ गुड्डन शुक्ला ने जिलाधिकारी से मांग की कि मंदिर परिसर की साफ-सफाई तत्काल कराई जाए, पोखरे में फैली गंदगी हटाकर श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित की जाए तथा गेस्ट हाउस व बहुद्देशीय हाल की बुकिंग प्रक्रिया की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।

रुद्रपुर तहसील में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें, राजस्व अफसरों को लगाई फटकार

 प्राप्त 92 शिकायतों में 10 का मौके पर निस्तारण, 

रुद्रपुर (देवरिया)। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

तहसीलदार करे लेखपालों व कानूनगो की कार्यप्रणाली पर प्रभावी निगरानी 

डीएम ने तहसीलदार को लेखपालों और कानूनगो की कार्यप्रणाली पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने धारा-24 और धारा-116 के पुराने मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी पुरानी पत्रावली लंबित नहीं रहनी चाहिए। जिन मामलों में प्रारंभिक आख्या या आदेश के अनुपालन की कार्रवाई बाकी है, उसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

डी एम ने लंबित वरासत की समीक्षा भूमि विवादों को प्राथमिकता से निपटाने का दिया निर्देश

वरासत के निरस्त मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वरासत और अंश निर्धारण के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। साथ ही कानूनगोवार एक माह के भीतर प्राप्त, स्वीकृत और निरस्त वरासत मामलों का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

समाधान दिवस में ग्राम वारीडीहा के पौहारी ने भूमिधरी भूमि पर अवैध कब्जे, बनियइनी के रामकेवल ने अपनी जमीन पर कब्जे, माहीगंज के सोमनाथ ने वरासत में नाम दर्ज न होने तथा रामचक के दीनानाथ ने सीमांकन व पैमाइश कराकर कब्जा हटवाने की शिकायत की। डीएम ने सभी मामलों में उपजिलाधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित थानाध्यक्षों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


📦 समाधान दिवस एक नजर में

  • कुल प्राप्त शिकायतें : 92
  • मौके पर निस्तारित : 10
  • राजस्व विभाग : 49
  • पुलिस विभाग : 8
  • विकास विभाग : 8
  • खाद्य एवं रसद विभाग : 7
  • अन्य विभाग : 20

📦 प्रमुख निर्देश

  • धारा-24 व 116 के पुराने मामलों का शीघ्र निस्तारण।
  • वरासत व अंश निर्धारण के मामलों को प्राथमिकता।
  • लेखपाल व कानूनगो की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा।
  • फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाए जाएं।
  • सभी लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता, तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मालाइव तहसीलदार अनिल तिवारी शरद सिंह उप संचालक चकबंदी पवन कुमार पांडेय, तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे

गुरुवार, 30 जुलाई 2026

रुद्रपुर क्षेत्र को मिली सीएनजी सुविधा की सौगात, अरोमा पेट्रोल पंप पर विक्रय केंद्र का शुभारंभ



रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर क्षेत्र के रामलक्षन स्थित अरोमा पेट्रोल पंप पर गुरुवार को सीएनजी गैस विक्रय केंद्र का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं देवरिया के पूर्व सांसद  रहे, जिन्होंने फीता काटकर केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर अरोमा पेट्रोल पंप के प्रोपराइटर एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष छठ्ठे लाल निगम, जिला मंत्री महेश मणि तथा सुनील गुप्ता सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रुद्रपुर क्षेत्र में लंबे समय से सीएनजी गैस की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस केंद्र के शुरू होने से वाहन चालकों को स्वच्छ, किफायती एवं पर्यावरण अनुकूल ईंधन की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।


सड़क हादसे में युवक की मौत पर फूटा गुस्सा, परिजनों ने वंजरग चौराहे पर शव रखकर लगाया जाम

रुद्रपुर/देवरिया। एकौना थाना क्षेत्र के नगवा खास, मराछी टोला निवासी 65 वर्षीय रामप्रीत साहनी की सड़क हादसे में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना से नाराज लोगों ने वंजरग चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

परिजनों का आरोप है कि हादसा पुलिस विभाग के एक  वाइक की टक्कर से हुआ, जिसके कारण रामप्रीत साहनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि जब तक दोषी पुलिसकर्मी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई नहीं की जाएगी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं दिया जाएगा, तब तक जाम समाप्त नहीं किया जाएगा।

जाम की सूचना मिलते ही एकौना थाना पुलिस सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता शुरू की। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।घटना को देखते हुए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। कई घंटे तक चले जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन और परिजनों के बीच वार्ता जारी थी तथा जाम समाप्त कराने के प्रयास किए जा रहे थे।

पुणे गया युवक डेढ़ माह से लापता, पत्नी व मां ने थाने पहुंच लगाई न्याय की गुहार

रुद्रपुर (देवरिया) रुद्रपुर थाना क्षेत्र के दुग्धेश्वर नाथ वार्ड निवासी एक युवक के महाराष्ट्र के पुणे में मजदूरी करने के दौरान लापता होने का मामला सामने आया है। युवक के घर नहीं लौटने और उससे संपर्क न हो पाने पर उसकी पत्नी और मां ने रुद्रपुर थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए युवक की सकुशल बरामदगी की मांग की है।

लापता हुआ संदीप सैनी मोबाइल स्वीच हुआ आफ

परिजनों के अनुसार, संदीप सैनी 11 जून को अपने पड़ोसी विश्वविजय उर्फ विक्की के साथ मजदूरी करने के लिए पुणे (महाराष्ट्र) गया था। आरोप है कि कुछ समय बाद विश्वविजय वापस घर लौट आया, लेकिन संदीप का अब तक कोई पता नहीं चल सका। परिवार के लोग लगातार उससे संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है।

पति के लापता होने से पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि संदीप की गुमशुदगी से पूरे घर पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। दो छोटे बच्चों, बुजुर्ग माता-पिता और पत्नी का भरण-पोषण दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में फूल-पत्ती बेचकर किसी तरह किया जा रहा है।

पीड़ित परिवार ने रुद्रपुर थाने में तहरीर देकर पुलिस से मामले की जांच कर युवक की शीघ्र तलाश कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कहा  तहरीर के आधार पर  मामले की जांच की जा रही है युवक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है

बुधवार, 29 जुलाई 2026

सूरत में करंट लगने से युवक की मौत, घर में मचा कोहराम

रुद्रपुर (देवरिया), संवाददाता। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के चनगहा गांव के एक युवक की गुजरात के सूरत में काम करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, चनगहा निवासी 22 वर्षीय अवनीश निषाद पुत्र धर्मेंद्र निषाद रोजी-रोटी की तलाश में 22 जून को एक ठेकेदार के माध्यम से सूरत गया था। वह वहां इलेक्ट्रीशियन का कार्य कर रहा था। मंगलवार को काम के दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। साथियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां ललिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, अवनीश परिवार का सबसे छोटा सदस्य था और रोजगार की तलाश में बाहर गया था। ग्रामीणों ने बताया कि अवनीश मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव का युवक था। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजन उसके शव के सूरत से गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

स्कूल में प्रवेश नहीं मिला तो छात्र ने कोतवाली मे लगायी गुहार कहा- प्रवेश दिला दे थानाध्यक्ष ने प्रधानाचार्य को किया फोन

रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर कोतवाली में बुधवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हर किसी को चौंका दिया। अब तक थाने में मारपीट, चोरी, जमीन विवाद और पारिवारिक झगड़ों की शिकायतें आती रही हैं, लेकिन पहली बार एक छात्र स्कूल में प्रवेश न मिलने की शिकायत लेकर सीधे पुलिस के पास पहुंच गया।

रुद्रपुर थाना क्षेत्र के सतासी इंटर कॉलेज में प्रवेश नहीं मिलने से परेशान अकटहा गांव निवासी छात्र रविन्द्र निषाद अपनी समस्या लेकर कोतवाली पहुंचा। उसने थाना प्रभारी  कल्याण सिंह से मिलकर बताया कि कॉलेज में उसका दाखिला नहीं हो पा रहा है, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्र ने पुलिस से ही उसका एडमिशन कराने की गुहार लगाई।

छात्र की बात सुनकर थानाध्यक्ष कल्याण सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल सतासी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वी.एन. कुशवाहा से फोन पर बातचीत की और छात्र की समस्या से अवगत कराया। साथ ही छात्र को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया।

प्रधानाचार्य वी.एन. कुशवाहा ने बताया कि थानाध्यक्ष का फोन आने के बाद छात्र को कॉलेज बुलाया गया है। नियमानुसार उसके अभिलेखों की जांच कर प्रवेश के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह अनोखा मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि शिक्षा पाने की चाह में एक छात्र को स्कूल के बजाय थाने का दरवाजा खटखटाना पड़ा। यह घटना शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों की परेशानियों पर भी कई सवाल खड़े करती है।

चर्चा में क्यों है मामला?

रुद्रपुर कोतवाली में यह शायद पहला मामला है, जब किसी छात्र ने मारपीट, जमीन या अपराध नहीं, बल्कि स्कूल में एडमिशन दिलाने की मांग लेकर पुलिस से गुहार लगाई। थानाध्यक्ष की संवेदनशील पहल के बाद अब सभी की नजर कॉलेज प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।

बिना ग्राउटिंग के लगाए जा रहे बिजली के पोल, गुणवत्ता पर उठे सवाल

सभासदों ने ईओ से की शिकायत, अधिशासी अधिकारी बोले- कराई जाएगी ग्राउटिंग

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर पंचायत रुद्रपुर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए लगभग 100 नए विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं। हालांकि पोल स्थापना के कार्य में गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि कार्यदायी संस्था द्वारा कई स्थानों पर बिना ग्राउटिंग के ही पोल खड़े कर दिए गए हैं और गड्ढों को केवल मिट्टी से भरकर कार्य पूरा किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, टेंडर की शर्तों के मुताबिक पोल स्थापना के समय 1:3:6 के अनुपात (सीमेंट : बालू : गिट्टी) से लगभग 5 फुट ग्राउटिंग किया जाना आवश्यक है, ताकि पोल मजबूत और सुरक्षित रहे। लेकिन मौके पर ऐसा नहीं किया जा रहा है, जिससे भविष्य में पोल के झुकने या गिरने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय सभासदों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से शिकायत की है। उनका कहना है कि गुणवत्ता से समझौता कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।

इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने बताया कि सभासदों से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जानकारी ठेकेदार को दे दी गई है तथा सभी स्थापित पोलों की नियमानुसार ग्राउटिंग कराई जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, अब तक दो दर्जन से अधिक पोल बिना ग्राउटिंग के स्थापित किए जा चुके हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या ठेकेदार पहले से लगे पोलों को उखाड़कर मानक के अनुरूप दोबारा ग्राउटिंग करेगा, या फिर केवल ऊपर से एक फुट तक ग्राउटिंग कर औपचारिकता पूरी की जाएगी। यह जांच का विषय बना हुआ है।

सूत्रों का यह भी कहना है कि किसी भी टेंडर से पहले आवश्यकता के अनुसार लाइन चार्ट तैयार किया जाता है और उसी के अनुरूप पोल लगाए जाते हैं। लेकिन नगर में कई स्थानों पर तय योजना से हटकर मनमाने तरीके से पोल स्थापित किए जाने की भी चर्चा है।

अब नगरवासियों की निगाहें नगर पंचायत प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराया जाता है या नहीं।

गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर : छठ्ठे लाल निगम

 गुरु पूर्णिमा पर छठठे लाल निगम ने पत्नी संघ गुरुओं को अंग वस्त्र प्रदान कर लिया आशीर्वाद

रुद्रपुर (देवरिया)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा निगम एवं उनके प्रतिनिधि छठ्ठे लाल निगम ने रुद्रपुर तहसील परिसर स्थित श्री सिद्धेश्वर नाथ हनुमान मंदिर के महंत श्री नारायण मिश्र तथा श्री करमेल देवी माता मंदिर के महंत राम सरिक भारती को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर छठ्ठे लाल निगम ने कहा कि गुरु और शिष्य का संबंध भारतीय संस्कृति की सबसे पवित्र परंपराओं में से एक है। गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा और संस्कार भी प्रदान करते हैं। गुरु पूर्णिमा हमें अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देती है।

कार्यक्रम में रुद्रपुर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, मंडल महामंत्री शिवम श्रीवास्तव, बूथ अध्यक्ष दीपक जायसवाल, राजेश सिंह, रामज्ञा पासवान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में सभी ने गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजेगी छोटी काशी, हजारों श्रद्धालु करेंगे भगवान शिव का जलाभिषेक सभी तैयारिया पूर्ण


रुद्रपुर (देवरिया)। सावन मास के प्रथम दिन छोटी काशी के नाम से विख्यात प्राचीन एवं स्वयंभू भगवान दुग्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। भोर से ही हजारों कांवड़िये और शिवभक्त गंगाजल एवं पवित्र नदियों का जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। पूरे मंदिर परिसर में "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष गूंजेंगे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर पंचायत द्वारा विश्वकर्मा मंदिर के पास से बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं के आवागमन की अलग व्यवस्था बनाई गई है। श्रद्धालु निर्धारित मार्ग से गर्भगृह में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे, जिससे दर्शन-पूजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके

मंदिर के महंत रामशंकर विद्यार्थी तथा विजयशंकर उर्फ पप्पू छोटू महंत ने बताया कि सावन में भगवान शिव के जलाभिषेक का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि स्वयंभू शिवलिंग पर श्रद्धापूर्वक जल अर्पित करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मंदिर के चारों ओर फूल, प्रसाद, बेलपत्र और पूजन सामग्री की दुकानें भी सज गई हैं।

उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुचारु व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गर्भगृह से लेकर पूरे मेला परिसर तक महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में कांवड़ियों के साथ डीजे के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे।

सावन के पहले सोमवार को लेकर पूरे रुद्रपुर नगर में भक्ति का माहौल है। प्रशासन को उम्मीद है कि दिनभर हजारों श्रद्धालु बाबा दुग्धेश्वरनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक करेंगे।

मंगलवार, 28 जुलाई 2026

चाइल्ड डेथ ऑडिट टीम ने दीनापार पहुंचकर किया नवजात मृत्यु प्रकरण का सत्यापन

डॉक्टर ने सुरक्षित संस्थागत प्रसव पर दिया जोर

रुद्रपुर (देवरिया)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर के अंतर्गत मंगलवार को चाइल्ड डेथ ऑडिट टीम ने ग्राम दीनापार पहुंचकर नवजात मृत्यु से संबंधित प्रकरण की समीक्षा की। जिला मातृत्व स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल के नेतृत्व में टीम ने परिजनों से घटना की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।

टीम के साथ अधीक्षक डॉ. बी. वी. सिंह एवं स्वास्थ्य पर्यवेक्षक विकास गौतम भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिजनों को सुरक्षित मातृत्व एवं नवजात शिशु की देखभाल के संबंध में जागरूक करते हुए भविष्य में सभी गर्भवती महिलाओं का प्रसव सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, विशेषकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराने की अपील की।

ऑडिट के दौरान बताया गया कि ग्राम दीनापार निवासी किरण कुशवाहा, पत्नी सुग्रीव कुशवाहा, का 3 जुलाई को एक निजी अस्पताल में प्रसव हुआ था। उसी दिन रात में नवजात शिशु की मृत्यु हो गई थी। शासन के निर्देशानुसार ऐसे प्रत्येक प्रकरण का चाइल्ड डेथ ऑडिट कर कारणों की समीक्षा एवं आवश्यक सुधारात्मक पहल की जाती है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पंजीकरण कराकर नियमित जांच एवं संस्थागत प्रसव कराना चाहिए, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।

काले बंदर का आतंक: दुकानों में घुसकर मचा रहा उत्पात, आधा दर्जन से अधिक लोगों को काटा

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर में एक काले बंदर का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। बंदर दुकानों में घुसकर बैठ जा रहा है और उसे भगाने की कोशिश करने पर लोगों पर हमला कर काट लेता है। इसके कारण दुकानदारों और राहगीरों में दहशत का माहौल है।

सोमवार को खजुआ चौराहे से लेकर इमामबाड़ा चौराहे तक बंदर का आतंक देखने को मिला। कई दुकानदारों ने बताया कि बंदर अचानक दुकानों में घुस जाता है। जब लोग उसे बाहर निकालने का प्रयास करते हैं तो वह आक्रामक होकर दौड़ाता है और काट लेता है। भय के कारण कई दुकानदारों को कुछ समय के लिए अपनी दुकानें बंद कर सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों को बंदर काट चुका है। खजुआ चौराहा स्थित भरटोला वार्ड में एक युवक पर बंदर ने हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई और मांस तक बाहर निकल आया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

दवा व्यवसायी सतीश जायसवाल ने बताया कि बंदर को पकड़वाने के लिए पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने वन विभाग से संपर्क करने की सलाह दी, जबकि वन विभाग ने नगर पंचायत का मामला बताते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। नगर पंचायत की ओर से भी तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बंदर पहले ग्रामीण क्षेत्र में उत्पात मचा रहा था और अब नगर में पहुंच गया है। दुकानदारों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि बंदर को शीघ्र पकड़वाया जाए, ताकि किसी बड़ी घटना से पहले लोगों को राहत मिल सके।

लाखो की लागत से नगर मे लगे सीसीटीवी कैमरे पड़े बेकार नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर पंचायत की ओर से नगर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से करीब 18 लाख रुपये की लागत से विभिन्न चौराहों एवं प्रमुख स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे इन दिनों शोपीस बनकर रह गए हैं। कैमरे बंद होने से छोटी-बड़ी घटनाएं रिकॉर्ड नहीं हो पा रही हैं, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

नगर के लगभग 17 स्थानों पर 54 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन वर्तमान में अधिकांश कैमरे खराब पड़े हैं। कई कैमरे खंभों से लटक रहे हैं तो कई के तार टूट चुके हैं। ऐसे में किसी भी घटना की निगरानी संभव नहीं हो पा रही है।

कुछ माह पूर्व एक अनियंत्रित ट्रक ने पीछा कर रहे तत्कालीन क्षेत्राधिकारी (सीओ) एवं एसडीएम के वाहन को टक्कर मार दी थी। खजुहा चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे से घटना का फुटेज भी नहीं मिल सका, क्योंकि कैमरा उस समय बंद था।

तहसील समाधान दिवस के दौरान पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी की मौजूदगी में नगर के सीसीटीवी कैमरों को पुलिस के त्रिनेत्र सिस्टम से जोड़ने की मांग भी उठी थी, ताकि पुलिस को घटनाओं की तत्काल जानकारी मिल सके। हालांकि अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।

नगरवासियों का कहना है कि सार्वजनिक धन से लगाए गए कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि चौराहों और प्रमुख मार्गों पर होने वाली घटनाओं की प्रभावी निगरानी हो सके।

अधिवक्ता कृष्णमूर्ति त्रिपाठी ने कहा कि लाखों रुपये की लागत से लगाए गए कैमरों की गुणवत्ता और रखरखाव की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, जिससे जिम्मेदारी तय हो सके।

*क्या बोले अधिशासी अधिकारी*

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नीतीश गौरव ने बताया कि खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जहां-जहां तार टूटे हैं, उन्हें बदलवाया जा रहा है। जल्द ही सभी कैमरे सुचारु रूप से संचालित होने लगेंगे, जिससे नगर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

प्रकृति संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी : मनोज कुमार भाटिया


रुद्रपुर (देवरिया)। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर मंगलवार को कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय, रुद्रपुर में प्रकृति संरक्षण विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने, पौधरोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर अपने विचार रखे।

विचार प्रतियोगिता में पारुल पांडे, अंशिका पांडे और नेहा साहनी का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा। छात्राओं ने प्रकृति के संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए सभी से पर्यावरण बचाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिक्षक मनोज कुमार भाटिया ने कहा कि प्रकृति मानव जीवन का आधार है। प्रकृति हमें जल, वायु, वन और अन्य संसाधनों के रूप में अमूल्य धरोहर प्रदान करती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्राकृतिक संसाधनों का दुरुपयोग न करे तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए।

इस अवसर पर दयाशंकर पांडे, प्रीति श्रीवास्तव, धर्मेंद्र सिंह एवं नौशाद अली सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे

इमामबाड़ा चौराहे पर टूटा टेलीकॉम स्लैब बना हादसे का कारण जनहित में तत्काल बदलने की मांग

रुद्रपुर, देवरिया। नगर के व्यस्ततम इमामबाड़ा चौराहे पर टेलीकॉम कंपनी द्वारा अंडरग्राउंड केबल बिछाने के दौरान बनाए गए जंक्शन बॉक्स का स्लैब टूट जाने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। चौराहे के टर्निंग प्वाइंट पर स्थित यह टूटा स्लैब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन गया है। स्थानीय लोगों ने जनहित में इसकी तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, विभिन्न टेलीकॉम कंपनियां 3G, 4G, 5G और ब्रॉडबैंड सेवाओं के विस्तार के लिए नगर में अंडरग्राउंड केबल बिछा रही हैं। इसके लिए सड़क किनारे जंक्शन बॉक्स बनाए गए हैं, जिन पर कंक्रीट के स्लैब लगाए गए हैं। इमामबाड़ा चौराहे पर बने ऐसे ही एक जंक्शन बॉक्स का स्लैब टूट चुका है, जिससे वहां गड्ढा खुल गया है।

यह स्थान चौराहे के मोड़ पर होने के कारण प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में किसी भी समय दोपहिया वाहन चालक या पैदल राहगीर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। बरसात के दौरान पानी भर जाने से यह खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि गड्ढा दिखाई नहीं देता।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि टेलीकॉम कंपनियां जगह-जगह सड़क और नालियों के किनारे खुदाई कर केबल तो बिछा देती हैं, लेकिन बाद में गड्ढों की समुचित मरम्मत और पिचिंग नहीं करातीं। समय बीतने के साथ ये स्थान धंसने लगते हैं और बरसात में बड़े गड्ढों का रूप ले लेते हैं।

इस संबंध में नगर पंचायत के अधिकारियों का कहना है कि अंडरग्राउंड केबल डालने वाली कंपनियों को खुदाई के बाद गड्ढों को भरकर सड़क की पूर्व स्थिति बहाल करना अनिवार्य है। यदि कहीं मानकों का पालन नहीं किया गया है तो संबंधित कंपनी को आवश्यक कार्रवाई कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए जाएंगे।

जनहित को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित टेलीकॉम कंपनी से मांग की है कि इमामबाड़ा चौराहे पर टूटे स्लैब को तत्काल बदलवाकर सुरक्षित कराया जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

सोमवार, 27 जुलाई 2026

सीएचसी रुद्रपुर में बायोमेडिकल कचरे का अंबार, नगर पंचायत पर उठे सवाल

रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में मरीजों के उपचार के दौरान निकलने वाले कचरे के समय पर निस्तारण न होने से ठोस अपशिष्ट निस्तारण स्थल पर कचरे का ढेर लग गया है। इससे अस्पताल परिसर में गंदगी फैलने के साथ-साथ संक्रमण और संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नगर पंचायत को कई बार मौखिक रूप से कूड़ा उठाने के लिए अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिणामस्वरूप अस्पताल परिसर में एकत्र कचरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

रुद्रपुर का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगर का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां प्रतिदिन हजारों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों के उपचार के दौरान निकलने वाली रुई, पट्टियां तथा अन्य ठोस अपशिष्ट निर्धारित स्थल पर एकत्र किए जा रहे हैं, लेकिन समय पर उनका उठान नहीं हो पा रहा है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. बी.बी. सिंह ने बताया कि नगर पंचायत को कई बार कूड़ा उठाने के लिए कहा जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कूड़ा नहीं उठाया गया तो इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सहित उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

वहीं, अस्पताल परिसर में बढ़ते कचरे को लेकर मरीजों और तीमारदारों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र जैसे संवेदनशील स्थान पर नियमित सफाई और कचरे का समय पर निस्तारण होना आवश्यक है, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा न रहे। अब लोगों की निगाहें नगर पंचायत की कार्रवाई पर टिकी हैं।

शनिवार, 25 जुलाई 2026

थाना समाधान दिवस में 21 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर निस्तारण

रुद्रपुर (देवरिया)। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को रुद्रपुर सर्कल के मदनपुर, रुद्रपुर कोतवाली व एकौना थानों में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। तीनों थानों में कुल 21 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र एवं निष्पक्ष समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

मदनपुर थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र कुमार राय भी मौजूद रहे। यहां कुल सात प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से एक का मौके पर निस्तारण किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से समाधान हो। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद, कब्जा और अन्य राजस्व संबंधी मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करें तथा शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

 रुद्रपुर कोतवाली में नायब तहसीलदार अनिल तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल आठ प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से चार का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 एकौना थाने में तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां छह प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, लेकिन किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

तीनों थानों में आयोजित समाधान दिवस के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों के साथ राजस्व विभाग के कर्मचारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम के आह्वान पर स्कूल चलो अभियान को मिलेगी नई गति

बीईओ ने ग्राम प्रधानों से मांगा सहयोग

रुद्रपुर (देवरिया)। जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित स्कूल चलो अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह ने रुद्रपुर विकासखंड के ग्राम प्रधान डाला मुलायम यादव को जिलाधिकारी द्वारा ग्राम प्रशासकों के नाम जारी पत्र सौंपते हुए अभियान में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे। उन्होंने ग्राम प्रधान से घर-घर संपर्क कर विद्यालय से बाहर बच्चों का नामांकन कराने, अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर छोटे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने में सहयोग देने का अनुरोध किया।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने अपने पत्र में ग्राम प्रशासकों से अपील की है कि वे गांवों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करें। साथ ही प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें तथा विद्यालयों में कायाकल्प के 19 मानकों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करें।

राज किशोर सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से स्कूल चलो अभियान को व्यापक सफलता मिलेगी और प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ पहुंच सकेगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों से अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की।

जंतर-मंतर पर धरने को समर्थन, 27 जुलाई को शांतिपूर्ण जन-जागरण रैली निकालने की पत्र सौपकर माँगी अनुमति



रुद्रपुर (देवरिया)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर धरने पर बैठे छात्रों के समर्थन में रुद्रपुर क्षेत्र के युवाओं ने भी आवाज बुलंद की है। 

शनिवार को मुकुल सर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नायव तहसीलदार अनिल तिवारी को एस डी एम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए 27 जुलाई को शांतिपूर्ण जन-जागरण रैली एवं जुलूस निकालने की अनुमति मांगी।

ज्ञापन में कहा गया है कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में छात्र-युवाओं एवं जागरूक नागरिकों द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग शासन तक पहुंचाने के लिए जन-जागरण रैली का आयोजन प्रस्तावित है।

ज्ञापन के अनुसार, 27 जुलाई (सोमवार) को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक रैली सतासी इंटर कॉलेज, रुद्रपुर से शुरू होकर खजुहा चौराहा, बस स्टेशन होते हुए तहसील परिसर पहुंचेगी, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। आयोजकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संविधान सम्मत होगा तथा कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा।

इस अवसर पर मुकुल सर सहित आर्यन, संजय कुमार यादव, आलोक यादव, राजकुमार, विनीत नायक, धीरज उपाध्याय, अभिषेक पांडेय, गौरव, रामप्रवेश भारती और अर्चित भारती सहित अन्य युवा उपस्थित थे

फैंसी ड्रेस में बच्चों ने बिखेरे विविध रंग, भारत माता से लेकर श्रीराम तक बने नन्हे कलाकार

रुद्रपुर (देवरिया)। एल.बी.आर. पब्लिक स्कूल में मंगलवार को नर्सरी से कक्षा तृतीय तक के छात्र-छात्राओं के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन...