शुक्रवार, 5 जून 2026

पेड़ केवल पर्यावरण नहीं, आने वाली पीढ़ियों की धरोहर हैं” — सांसद कमलेश पासवान

विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

रुद्रपुर, देवरिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण किया गया। इस दौरान लोगों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया।

ग्रामीण विकाश मंत्री सांसद कमलेश पासवान ने रुट्रपुर व्लाक परिसर मे एक लगाया पेड़ माँ के नाम 

इस दौरान ग्रामीण विकाश मंत्री सांसद कमलेश पासवान ने रुट्रपुर व्लाक परिसर मे एक पेड़ माँ के नाम लगाया तत्पश्चात अपने सम्बोधन मे  कहा कि “पेड़ केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी अमूल्य धरोहर हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है।”

विधायक जयप्रकाश निषाद ने बूथ संख्या-97 पर आम का पौधा रोपित किया

विधायक जयप्रकाश निषाद नेवोट संख्या 97 परआम का पौधा आरोपित किया  नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा निगम ने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर के पीछे स्थित सरोवर परिसर में पौधरोपण किया। वहीं पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह (खोखा सिंह) के प्रतिनिधि हरेन्द्र सिंह त्यागी ने मंदिर परिसर में एक पेड़ माँ के नाम लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान ने लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने का कार्य किया।

तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में अधिवक्ताओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील बार एसोसिएशन रुद्रपुर द्वारा बुधवार को आयोजित बैठक में लिए गए बिंदुवार निर्णयों के क्रम में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश निगम को एक ज्ञापन सौंपकर तहसील में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार एवं अव्यवस्थाओं की शिकायत की।

ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसील में धनउगाही, मनमानी तथा नायब तहसीलदार द्वारा अमर्यादित व्यवहार किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि संबंधित अधिकारी की कार्यशैली अधिवक्ता समाज की गरिमा एवं प्रतिष्ठा के विपरीत है, जिससे न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

अधिवक्ताओं ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों का शीघ्र निस्तारण नहीं किया गया तो अधिवक्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में बार एसोसिएशन के महामंत्री विनोद पाठक, पूर्व अध्यक्ष फणीन्द्र नाथ पांडेय, अधिवक्ता विश्व विजय मल्ल, शशिभूषण सिंह, मीडिया प्रभारी सत्य प्रकाश गुप्ता, एल्डर्स कमेटी सदस्य विजय सिंह, राजेश्वरी मिश्रा, नागेंद्र राव, सुधांशु मौलि ओझा, विकास त्रिपाठी, गोपीनाथ यादव, प्रवीण पाण्डेय, कृष्ण मूर्ति मणि सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

तहसील परिसर से सटे नगर पंचायत का सामुदायिक शौचालय बना शोपीस

शौचालय वंद से अधिवक्ताओं व आमजन को हो रही भारी परेशान

रुद्रपुर, देवरिया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पंचायत द्वारा तहसील परिसर से सटे बाउंड्री के पास निर्मित सामुदायिक शौचालय वर्षों से बंद पड़ा है। शौचालय के उपयोग में न होने से तहसील आने वाले फरियादियों, अधिवक्ताओं तथा आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

वन्द शौचालय पर सफाई कर्मी व केयरटेकर की भी है नियुक्ति

अधिवक्ता गोपी चंद यादव व कृष्ण मूर्ति त्रिपाठी ने बताया कि नगर पंचायत ने वर्षों पूर्व लाखों रुपये की लागत से इस सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया था, लेकिन आज तक इसका नियमित संचालन नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि शौचालय के रखरखाव (मेंटेनेंस) के नाम पर प्रतिवर्ष लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके लिए केयरटेकर और सफाई कर्मियों की भी नियुक्ति की गई है तथा शौचालय का संचालन सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित है, लेकिन वास्तविकता यह है कि आज तक इसका ताला नहीं खुला।

उन्होंने कहा कि तहसील परिसर में शौचालय की समुचित व्यवस्था न होने के कारण मुकदमों की पैरवी के लिए आने वाले महिला एवं पुरुषों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है।

इस संबंध में पूछे जाने पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अवधेश निगम ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से जानकारी प्राप्त कर मामले की जांच कराई जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

तहसील परिसर जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर निर्मित सामुदायिक शौचालय का वर्षों से बंद रहना स्वच्छता व्यवस्था और जनसुविधाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए कितनी शीघ्रता से कदम उठाता है।

सीएम डैशबोर्ड परियोजनाओं की समीक्षा में डीएम ने दिखायती सख्त तेवर

लापरवाही पर कार्रवाई, सड़क निर्माण में देरी करने वाले ठेकेदार पर एफआईआर के निर्देश

रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड से संबंधित कार्य परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में देरी और अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

अनुपस्थित अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस, वेतन रोकने की चेतावनी

परसिया चकलाल मार्ग निर्माण परियोजना की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा कार्य में अत्यधिक विलंब किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता आरईडी को संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

आधे दर्जन विभागों के अधिकारी बैठक से गायब

समीक्षा बैठक में यूपीआरएमएसएस, सीएलडीएफ, यूपीपीसीएल, नलकूप विभाग, मंडी परिषद, वक्फ विकास निगम तथा नगर पालिका परिषद देवरिया के अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इन विभागों की परियोजनाओं की प्रगति भी संतोषजनक नहीं मिली।

इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर वेतन रोकने की कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रतिनिधि नहीं, अब स्वयं आएंगे अधिशासी अभियंता

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भविष्य की समीक्षा बैठकों में संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता स्वयं उपस्थित रहेंगे। उनकी जगह किसी प्रतिनिधि या प्रतिस्थानी अधिकारी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पर्यटन और सेतु निगम परियोजनाओं पर भी फोकस

पर्यटन विकास परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पर्यटन विकास कार्यालय के लिए भूमि आवंटित हो चुकी है। उन्होंने संबंधित विभाग को शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सेतु निगम की परियोजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा करने का निर्देश भी दिया।

मेहरौना आश्रम पद्धति विद्यालय को प्राथमिकता

आश्रम पद्धति विद्यालय, मेहरौना के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत संयोजन एवं विद्युत एस्टीमेट से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम का स्पष्ट संदेश

जिलाधिकारी ने कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्यदायी संस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करें तथा निर्माण कार्यों की प्रगति, पूर्णता और हैंडओवर की स्थिति का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने दिया सख्त निर्देश नहीं तो होगी कार्रवाई

👉परसिया-चकलाल सड़क निर्माण में देरी पर ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर के निर्देश।

👉सात विभागों के अधिकारी बैठक से नदारद, कारण बताओ नोटिस जारी।
👉कार्यों में सुधार न होने पर वेतन रोकने की चेतावनी।👉 समीक्षा बैठकों में अब प्रतिनिधि नहीं, स्वयं अधिशासी अभियंता होंगे उपस्थित।
👉 पर्यटन कार्यालय निर्माण और मेहरौना विद्यालय परियोजना को मिली प्राथमिकता।

चार साल बाद भी नहीं सुधरा पिड़रा पुल का कटा एप्रोच, मानसून से पहले बढ़ी ग्रामीणों की चिंता

रुद्रपुर, देवरिया। दोआबा क्षेत्र को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रुद्रपुर-पिड़रा मार्ग पर स्थित गोर्रा नदी के पिड़रा पुल का कटा हुआ एप्रोच चार वर्ष बीत जाने के बाद भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं बनाया जा सका है। मानसून सिर पर होने के बावजूद एप्रोच पर स्थायी मरम्मत एवं बोल्डर पिचिंग का कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे क्षेत्रीय लोगों में चिंता और आक्रोश व्याप्त है।

वर्ष 2022 में आई भीषण बाढ़ के दौरान पिड़रा पुल का एप्रोच आधे से अधिक हिस्से में कट गया था। उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं तत्कालीन पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र ने संयुक्त निरीक्षण कर संबंधित विभागों को कटान रोकने तथा तत्काल मिट्टी भराई कराने के निर्देश दिए थे। विभाग द्वारा अस्थायी मरम्मत पर लाखों रुपये भी खर्च किए गए, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं निकल सका।

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में कटान का खतरा बढ़ जाता है और सुरक्षा की दृष्टि से भारी वाहनों का आवागमन रोकना पड़ता है। इसके बावजूद चार वर्षों में न तो बोल्डर पिचिंग का कार्य कराया गया और न ही कटान रोकने के लिए कोई प्रभावी योजना लागू की गई।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद, मंत्री, विधायक तथा विधान परिषद सदस्यों द्वारा समय-समय पर स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए जाते रहे हैं, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।

अतिरिक्त पायों का प्रस्ताव भी ठंडे बस्ते में

जानकारी के अनुसार, पचलड़ी की ओर पुल के तीन अतिरिक्त पाये (पिलर) बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था और इसका सर्वे भी कराया गया था। हालांकि लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी इस योजना की प्रगति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

ग्रामीणो ने की स्थायी समाधान की मांग

क्षेत्रीय लोगों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि मानसून के दौरान किसी संभावित दुर्घटना और मार्ग बाधित होने की स्थिति से बचने के लिए पिड़रा पुल के कटे एप्रोच पर शीघ्र बोल्डर पिचिंग कराई जाए तथा पुल सुरक्षा की दीर्घकालिक योजना को अमल में लाया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आगामी बाढ़ में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

अधिकमास मेले का एसडीएम ने किया निरीक्षण

 मन्दिर मे अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

रुद्रपुर, देवरिया छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में चल रहे एक माह के अधिकमास मेले का शुक्रवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अवधेश निगम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच व्याप्त अव्यवस्थाओं पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पाया कि मंदिर परिसर में लगाए गए अधिकांश सीसीटीवी कैमरे कार्य नहीं कर रहे हैं। वहीं गर्भगृह में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई थी, लेकिन भीड़ प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल रुद्रपुर कोतवाली से संपर्क कर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित कराया गया तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया।

एसडीएम अवधेश निगम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सीसीटीवी कैमरों को शीघ्र दुरुस्त कराने तथा मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि अधिकमास के अवसर पर प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को हजारों श्रद्धालु दुग्धेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालु मेला परिसर में खरीदारी का भी आनंद लेते हैं। मेले में मिठाई, खिलौने, गुब्बारे तथा बच्चों के मनोरंजन के लिए चरखी समेत विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी हुई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और उत्सवी माहौल बना हुआ है।

आमने-सामने बाइक भिड़ंत के बाद बोलेरो की चपेट में आया युवक, गंभीर घायल

रुद्रपुर देवरिया सुरौली थाना क्षेत्र के ग्राम तिवई के समीप गुरुवार देर रात दो मोटर साइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बोलेरो के सामने जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, तिवई बड़ी चखनी निवासी विशाल राजभर (पुत्र जयराम राजभर) गुरुवार रात बाइक से अपने घर लौट रहा था। तिवई गांव के समीप सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि विशाल बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा और अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बोलेरो की चपेट में आ गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है तथा उसका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

गुरुवार, 4 जून 2026

देवरिया मे आयोजित टीजीटी परीक्षा केंद्रों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता डी ए म

रुद्रपुर देवरिया। जनपद में आयोजित टीजीटी परीक्षा के प्रथम सत्र के दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अवैधानिक गतिविधि किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने एस.एस.बी.एल. इंटर कॉलेज, दीना नाथ पांडेय राजकीय महिला पी.जी. कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज तथा महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

केंद्र व्यवस्थापकों से ली परीक्षा संचालन की जानकारी

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिया कि शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराएं।

अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

बुधवार, 3 जून 2026

आईजीआरएस में लापरवाही पर डीएम का सख्त एक्शन, बिजली विभाग व खनन अधिकारी को नोटिस

वसूली लक्ष्य पूरा न करने वालों पर भी कड़ी चेतावनी, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर, राजस्व वसूली, चकबंदी, आबकारी, रिट प्रकरण, ऑडिट एवं आईजीआरएस कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में शिकायतों के निस्तारण और राजस्व वसूली की प्रगति पर असंतोष जताते हुए डीएम ने कई अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।

आईजीआरएस शिकायतों के वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर अधिशासी अभियंता विद्युत गण तथा जिला खनन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर पंचायत गौरीबाजार के अधिशासी अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश भी दिए गए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि विभागीय लापरवाही से जनपद की आईजीआरएस रैंकिंग प्रभावित हुई तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले अधिकारियों को भी सख्त चेतावनी दी।

70 प्रतिशत से कम वसूली पर मिलेगी प्रतिकूल प्रविष्टि


राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि अगले माह भी किसी नगर निकाय की वसूली 70 प्रतिशत से कम पाई गई तो संबंधित अधिशासी अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। साथ ही लंबित आरसी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और वसूली आंकड़ों के सत्यापन पर जोर दिया।

पुराने राजस्व वादों और अतिक्रमण मामलों पर फोकस

बैठक में लंबित राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण तथा पुराने मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान तेज करने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

चकबंदी, रिट और ऑडिट मामलों की भी समीक्षा

चकबंदी विभाग को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर किसानों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए। वहीं न्यायालयों में लंबित रिट मामलों में समयसीमा के भीतर काउंटर एफिडेविट दाखिल करने तथा ऑडिट आपत्तियों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।

लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एकौना पुलिस को मिली सफलता चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार

रुद्रपुर देवरिया जनपद में अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एकौना पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक देवरिया के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में थाना एकौना पुलिस ने थाना स्थानीय पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 85/2026 धारा 303(2), 324(4) बीएनएस एवं बढ़ोत्तरी धारा 317(2) बीएनएस से संबंधित नामजद अभियुक्त राहुल यादव (25 वर्ष) निवासी डढ़िया थाना एकौना तथा लव यादव (24 वर्ष) निवासी चिलवा मोहान थाना रुद्रपुर को बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर बजरंग चौराहे के पास से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (काला रंग) बिना नंबर प्लेट के बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 2 जून 2026 को वादी उदयभान यादव निवासी डढ़िया थाना एकौना ने तहरीर देकर बताया था कि वह 1 जून को नरायनपुर से डढ़िया जा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे बंध तिराहा पर पहुंचने के बाद वह अपनी बाइक वहीं खड़ी कर कुछ दूरी पर चले गए। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपित उनकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना एकौना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

गिरफ्तारी करने वालो मे उपनिरीक्षक प्रेमशंकर दूवे उप निरीक्षक अम्बरीश बहादुर मुख्य आरक्षी जिउतराम आरक्षी सोनू भारती आरक्षी सौरभ सिंह आरक्षी मोहम्मद सैफ खान थे

जिलाधिकारी के निर्देश पर आपराधिक प्रकरण में शस्त्र लाइसेंस हुआ निलंबित

रुद्रपुर देवरिया  आपराधिक गतिविधियों के एक प्रकरण के संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट मधुसूदन हुल्गी ने एक शस्त्र लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्रकरण की गंभीरता तथा शस्त्र के संभावित दुरुपयोग की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने अपने 2 जून  के आदेश क्रम सख्या मे मदनपुर थाना के ग्राम पकड़ी तिवारी निवासी गामा यादव पुत्र स्वर्गीय विश्वनाथ यादव, निवासी ग्राम पकड़ी तिवारी, थाना मदनपुर, के विरुद्ध थाना मदनपुर में मुकदमा अपराध संख्या 107/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 191(3), 351(3), 352 एवं 103(1) में अभियोग पंजीकृत है। शस्त्र के संभावित दुरूपयोग को देखते हुये जिलाधिकारी के आदेश द्वारा शस्त्र लाइसेंस संख्या 704/थाना मदनपुर पर धारित 7.62 एमएम पिस्टल (संख्या In-MSD-25-FI-015595) के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जिलाधिकारी ने प्रभारी निरीक्षक, थाना मदनपुर को निर्देशित किया है कि संबंधित शस्त्र एवं शस्त्र लाइसेंस को तत्काल अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित एवं संरक्षित रखा जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संभावित अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों में सतर्कता बरतते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

रुद्रपुर-निवही मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से किशोर गंभीर घायल

 

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर-निवही मार्ग पर बुधवार की सुबह एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चौरीचौरा थाना क्षेत्र के बरही गांव निवासी राहुल (15 वर्ष) अपने मित्र मनजीत के साथ बाइक से रुद्रपुर गैस लेने आ रहा था। इसी दौरान रुद्रपुर-निवही मार्ग पर मंदिर के पीछे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार राहुल के सिर में गंभीर चोट लगी है और उसका इलाज जारी है।


घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।

खंड शिक्षा अधिकारी ने नवागत बीएसए का पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत

नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने संभाला कार्यभार .सकारात्मक सोच से योजनाओं के क्रियान्वयन पर दिया जोर

रुद्रपुर देवरिया जनपद के नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि विभाग की योजनाओं एवं शासन की प्राथमिकताओं को सकारात्मक सोच, पारदर्शिता तथा सभी के सहयोग से प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को अपनी प्राथमिकता बताया।

कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत खंड शिक्षा अधिकारी रुद्रपुर राज किशोर सिंह ने शिष्टाचार भेंट कर नवागत बीएसए का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों अधिकारियों के बीच बेसिक शिक्षा के विकास, विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।

डॉ. मौर्य ने कहा कि शिक्षकों, अधिकारियों एवं अभिभावकों के सहयोग से जनपद की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग नई उपलब्धियां हासिल करेगा और शिक्षा के क्षेत्र में जनपद को नई पहचान मिलेगी।

सोमवार, 1 जून 2026

अखंड ज्योति शताब्दी वर्ष कार्यक्रम हुआ संपन्न

महायज्ञ में गूंजे संस्कार और राष्ट्र निर्माण के संदेश

रुद्रपुर देवरिया अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में अखंड ज्योति शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रुद्रपुर विकासखंड के महुआ पोखर स्थित शिव-दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित पावन प्रज्ञा पुराण कथा एवं नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का श्रद्धा और भक्ति के साथ समापन हो गया। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महायज्ञ में आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति तथा विश्व कल्याण की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार के वक्ताओं ने शिक्षा, विद्या और संस्कारों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को जीविका अर्जित करने योग्य बनाती है, जबकि विद्या उसे विनम्रता, सदाचार और समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराती है। जीवन में सफलता तभी सार्थक मानी जाती है, जब उसमें विनय, नैतिकता और मानवीय मूल्यों का समावेश हो।

वक्ताओं ने कहा कि केवल व्यक्तिगत स्वार्थ तक सीमित रहने से समाज में गलत संदेश जाता है। राष्ट्र के सर्वांगीण विकास और सशक्त निर्माण के लिए त्याग, सेवा, सहयोग और सद्भाव की भावना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज के उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया।

महायज्ञ एवं कथा के दौरान पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण के साथ यज्ञ में सहभागिता कर धर्म, संस्कृति और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रविवार, 31 मई 2026

सहनकोट माता मंदिर के पास युवक गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस किया बरामद

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

रुद्रपुर, देवरिया। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस ने एक युवक को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में रविवार सुबह थाना रुद्रपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध असलहा लेकर सहनकोट माता मंदिर के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार सूरज यादव (28) निवासी काशीपुर श्रीनगर कोल्हुआ, थाना रुद्रपुर को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना रुद्रपुर में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार, कांस्टेबल अंकित राय तथा कांस्टेबल मनोज सिंह यादव शामिल रहे

शनिवार, 30 मई 2026

भ्रामक रिपोर्ट पर ईओ-डूडा को डी एम ने भेजा नोटिस, पांच दिन में मांगा जवाब

जनता दर्शन में खुली पोल आई जी आरएस शिकायत में दिखाया गया था फर्जी निस्तारण

रुद्रपुर देवरिया आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और भ्रामक आख्या लगाने के मामले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त रुख अपनाया है। जनता दर्शन में सामने आए एक मामले की जांच के बाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी डूडा को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पांच दिनों के भीतर जवाब तलब किया गया है।

जनता दर्शन में अंबा रोड, वार्ड संख्या-24 हाइडिल कॉलोनी निवासी प्रियेश कुमार ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि उनके क्षेत्र में अधूरे सड़क निर्माण के कारण पिछले तीन वर्षों से नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है और जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से अलग-अलग समय पर विरोधाभासी और भ्रामक आख्या अपलोड कर शिकायत का निस्तारण दिखा दिया गया। इतना ही नहीं, रिपोर्ट में शिकायतकर्ता को संतुष्ट भी दर्शा दिया गया, जबकि वास्तविकता इसके विपरीत है।

मामले की जांच में प्रथम दृष्टया शिकायत सही मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बिना मौके का सत्यापन किए तथ्यहीन और भ्रामक रिपोर्ट लगाना गंभीर लापरवाही है। इससे शासन की मंशा प्रभावित होती है और जनता का भरोसा भी कमजोर पड़ता है।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आईजीआरएस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, गलत रिपोर्टिंग या तथ्यों को छिपाने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाली छात्राओं का हुआ सम्मान

शिक्षा के साथ प्रतिभा निखारना  विद्यालय का उद्देश्य निदेशक मनोज कुमार

रुद्रपुर देवरिया रुद्रपुर पिड़रा मार्ग स्थित एल.बी.आर. पब्लिक स्कूल में शनिवार को 23वीं नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन करने वाली छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने मेडल विजेता छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के प्रबंधक विजय कुमार यादव और निदेशक मनोज कुमार यादव ने छात्राओं को माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। 

गौरतलब है कि 16 एवं 17 मई को कानपुर में आयोजित 23वीं नेशनल ताइक्वांडो चैंपियन शिप-2026 में विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया था।

प्रतियोगिता में कक्षा नौ की छात्रा शीतल विश्वकर्मा ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं कक्षा छह की छात्रा आर्या निषाद ने 38 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके अलावा कक्षा चार की छात्रा अनन्या साहनी ने 30 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

इस अवसर पर प्रबंधक विजय कुमार यादव ने कहा कि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खेलकूद की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं, इसलिए विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

निदेशक मनोज कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से प्रशिक्षक विशाल कुमार के मार्गदर्शन में एल.बी.आर. स्पोर्ट्स एकेडमी की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

प्रधानाचार्य अभय कुमार श्रीवास्तव ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। वहीं समन्वयक विक्रम यादव एवं नितेश शर्मा ने भी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रशिक्षक विशाल कुमार के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कोरवा मे हुयी अभिभावक व शिक्षको की बैठक

रुद्रपुर, देवरिया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कोरवा रुद्रपुर में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया।

 बैठक की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी रुद्रपुर राज किशोर सिंह ने की।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया और विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों तथा छात्राओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

बैठक को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा उनकी पढ़ाई और सर्वांगीण विकास में सहयोग करें।

खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह ने अभिभावकों को दिलाया गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का भरोसा

राज किशोर सिंह ने कहा कि विद्यालय प्रशासन छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। किसी भी छात्रा की शारीरिक, मानसिक अथवा शैक्षिक समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा। अभिभावकों को छात्राओं की प्रगति और व्यवहार की जानकारी प्राप्त करने के लिए समय-समय पर विद्यालय आने के लिए भी प्रेरित किया गया।

बैठक में विद्यालय प्रशासन एवं अभिभावकों के बीच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी। तय किया गया कि बिना उचित कारण के किसी भी छात्रा को घर नहीं ले जाया जाएगा, छात्राओं की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित की जाएगी तथा विद्यालय परिसर में किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जिला समन्वयक (डीसी) बालिका को अवगत कराया जाएगा।

खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्राओं को आत्मनिर्भर, संस्कारित और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनाना है। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किए जाने की भी बात कही।

बैठक के अंत में अभिभावकों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए छात्राओं के हित में विद्यालय प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक में 50 से अधिक अभिभावकों  उपस्थिति थे

बरसात से पहले डीएम का एक्शन कटान रोधी परियोजनाओं का किया औचक निरीक्षण

 अफसरों को दी चेतावनी—गुणवत्ता से समझौता हुआ तो होगी कार्रवाई

रुद्रपुर देवरिया। बरसात से पहले घाघरा नदी के कटान से तटीय इलाकों को सुरक्षित करने की कवायद तेज हो गई है। शनिवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जिले में चल रही तीन महत्वपूर्ण कटानरोधी परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की हकीकत परखी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और तकनीकी मानकों की जांच की तथा अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

सबसे पहले डीएम ने सरयू (घाघरा) नदी के बाएं तट पर छित्तूपुर-भागलपुर तटबंध के किमी 0.825 से 1.140 के मध्य करीब 5.84 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे कटानरोधी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नदी के बढ़ते जलस्तर से पहले सभी कार्य पूरे हो जाने चाहिए। गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके बाद डीएम भागलपुर कस्बे की सुरक्षा के लिए करीब 6.79 करोड़ रुपये की लागत से 330 मीटर लंबाई में चल रहे कटानरोधी कार्य स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने और मानसून से पूर्व परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाघरा नदी के बाएं तट पर स्थित तुर्ती पार-चुरिया तटबंध की सुरक्षा के लिए करीब 7.53 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे पीचिंग एवं कटानरोधी कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी हों और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

डीएम ने कहा कि कटानरोधी योजनाएं हजारों लोगों की सुरक्षा से जुड़ी हैं। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी कर कार्यों को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता बाढ़ राधेश्याम प्रसाद, सहायक अभियंता उपेंद्र कुमार, राहुल चौधरी, विवेक कुमार, जूनियर इंजीनियर सोनू कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

अखंड ज्योति शताब्दी वर्ष पर दुग्धेश्वर नाथ मन्दिर से निकली भव्य कलश शोभा यात्रा

रुद्रपुर, देवरिया। अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा बसंत पंचमी वर्ष 1926 में प्रज्वलित अखंड ज्योति के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे विश्व में चल रहे विचार क्रांति अभियान के क्रम में रुद्रपुर विकासखंड के महुआ पोखर स्थित शिव-दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले पावन प्रज्ञा पुराण कथा एवं नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ को लेकर शनिवार को भव्य कलश एवं शोभायात्रा निकाली गई। .

महुआ पोखर मे गायत्री महायज्ञ को लेकर उमड़ा जन सैलाव

शोभायात्रा का शुभारंभ दुग्धेश्वर नाथ मंदिर से हुआ। गायत्री मंत्रों के गूंजते स्वर, पीतवस्त्रधारी श्रद्धालुओं तथा कलश धारण किए महिलाओं की सहभागिता से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए महुआ पोखर स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने बताया कि अखंड ज्योति शताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रज्ञा पुराण कथा, गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कारों के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों, सद्भावना, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और विचार क्रांति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। यज्ञ का उद्देश्य व्यक्ति, परिवार और समाज के सर्वांगीण उत्थान के साथ विश्व शांति एवं मानव कल्याण की भावना को सशक्त बनाना है।

शोभायात्रा का नेतृत्व टोली नायक सुरेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर आयोजक राम दरस कुशवाहा,रामगति कुशवाहा, मुल्कराज, अशोक जी, जनार्दन पांडेय, महेश जायसवाल, दिनेश उर्फ मनीष  गुप्ता, मुन्ना साई अजय गिरी, सोनू प्रजापति सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

गायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से प्रज्ञा पुराण कथा एवं नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ में सहभागिता कर युग निर्माण आंदोलन को गति देने तथा समाज कल्याण के इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।

नकटा पुल के पास तमंचे संग दबोचा गया युवक

सुरौली पुलिस की रातभर चली चेकिंग में मिली सफलता

रुद्रपुर देवरिया। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिलने पर सुरौली थानाध्यक्ष अविनाश मौयी अपने सहयोगी उप .निरीक्षक ज्ञान सिंह पटेल हेड कांस्टेबल विजय वर्मा कांस्टेबल रतन कन्नौजिया आरक्षी गोविन्द भारद्वाज के साथ नकटा पुल से पहले स्थित तीनमुहानी के पास पहुंची। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा बरामद हुआ।

गिरफ्तार युवक की पहचान नितेश यादव (19 वर्ष) पुत्र इन्द्रदेव यादव निवासी मिश्रौलिया, थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया के रूप में हुई। वह UP 52 AZ 9440 नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से जा रहा था।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाना सुरौली में मु0अ0सं0 98/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है

 पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार, 29 मई 2026

बारिश में अस्पताल पहुंच गए डीएम, आधे कर्मचारी गायब मिले तो फटकार

 

रुद्रपुर देवरिया। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए शुक्रवार सुबह बारिश के बीच जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी अचानक भाटपाररानी पहुंच गए। सबसे पहले उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जहां बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी और संविदा कर्मचारी गायब मिले। यह देख डीएम का पारा चढ़ गया और उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। साथ ही तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।

ड्यूटी से गायब कर्मचारियों का तीन दिन के अन्दर स्पष्टीकरण तलब करने के दिया निर्देश 

सुबह करीब 8 बजे पहुंचे जिलाधिकारी ने अस्पताल की उपस्थिति पंजिका, दवा वितरण रजिस्टर, ओपीडी, वार्ड और अन्य अभिलेखों की गहन जांच की। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था भी देखी और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आरबीएसके टीम भी मौके से नदारद मिली, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगली बार लापरवाही मिली तो सख्त कार्रवाई तय मानी जाए।

इसी दौरान प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची एक गर्भवती महिला के एमसीपी कार्ड की जांच में बड़ी लापरवाही सामने आई। आशा कार्यकर्ता द्वारा प्रस्तुत मदर-चाइल्ड प्रोटेक्शन कार्ड अधूरा मिला। डीएम ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि या तो आशा कार्यकर्ताओं को सही प्रशिक्षण नहीं दिया गया है या उनकी नियमित मॉनिटरिंग नहीं हो रही है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय की जाए और अनुश्रवण व्यवस्था मजबूत बनाई जाए।

कस्तूरबा विद्यालय में टूटी टाइल्स देख भड़के, बोले- बच्चियों को मिले सुरक्षित माहौल

तत्पश्चात जिलाधिकारी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने छात्राओं से सीधे बातचीत कर पढ़ाई, भोजन, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। छात्राओं से सवाल पूछकर उन्होंने पठन-पाठन की गुणवत्ता भी परखी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में छात्राओं की उपस्थिति बेहतर बनाई जाए और नियमित रूप से अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की जाए, ताकि अभिभावकों को शिक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शौचालयों में टूटी और क्षतिग्रस्त टाइल्स देखकर जिलाधिकारी नाराज हो गए। उन्होंने तत्काल मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

गुरुवार, 28 मई 2026

अपराधियों पर पुलिस की सख्ती चार की हिस्ट्रीशीट खुली, दो पर गुंडा एक्ट

रुद्रपुर देवरिया। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों की हिस्ट्रीशीट खोली है, जबकि दो आरोपियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

थाना सुरौली पुलिस द्वारा अभियुक्त विपिन कुमार उर्फ आलोक सिंह पुत्र अमरेन्द्र सिंह निवासी सुकई परसिया, थाना सुरौली, जनपद देवरिया की हिस्ट्रीशीट खोली गई। अभियुक्त की उम्र करीब 36 वर्ष बताई गई है।

वहीं थाना भलुअनी पुलिस द्वारा तीन अभियुक्तों की हिस्ट्रीशीट खोली गई। इनमें गोविन्द कुमार उर्फ केदार पुत्र रामाश्रय, रोहित कुमार भारती पुत्र बांकेलाल तथा संदीप उर्फ बाघ पुत्र रामनवल निवासी बरौली थाना भलुअनी जनपद देवरिया शामिल हैं। तीनों अभियुक्तों की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है।

इसके अलावा थाना मदनपुर पुलिस ने रौनक यादव पुत्र धीरेन्द्र यादव तथा विवेक यादव पुत्र धीरेन्द्र यादव निवासी गायघाट थाना मदनपुर जनपद देवरिया के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की है। रौनक यादव की उम्र करीब 23 वर्ष तथा विवेक यादव की उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक ने  बताया गया कि इन सभी हिस्ट्रीशीटरों की सतत निगरानी करते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

डीएम के आदेश का दिखा असर, एसडीएम ने अवैध खनन पर की कार्रवाई

 प्रमुखता से की गई प्रकाशित खबर का हुआ असर

रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन अवैध खनन के खिलाफ सक्रिय नजर आ रहा है। खबर प्रकाशित होने के बाद उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश निगम ने क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध मिट्टी खनन पर कार्रवाई की।

मौके से ड्राइवर हुआ फरार पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को लिया कब्जे में 

कार्रवाई के दौरान गुरुवार को एसडीएम अवधेश निगम व क्षेत्राधिकार सत्येंद्र राय ने अभियान चलाकर  रुद्रपुर क्षेत्र के भभौली गांव  से मिट्टी लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ लीं लेकिन ड्राइवर मौके से फरार हो गए एसडीएम ने दोनों वाहनों को पुलिस को सुपुर्द करते हुए सीज करने का निर्देश दिया प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया।

एसडीएम अवधेश निगम ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बिना अनुमति मिट्टी खनन एवं परिवहन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

इधर पुलिस वाहन स्वामी का पता लगाकर गाड़ी सीज करने की तैयारी में लगी है

लालपुर परसिया के समीप गोर्रा नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

रुद्रपुर (देवरिया)। एकौना थाना क्षेत्र के लालपुर परसिया गांव के समीप गोरा नदी में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सन...