मंगलवार, 21 जुलाई 2026

भंगड़ा नाले पर रेनकट बना हादसों का सबब, विभाग की अनदेखी से बढ़ी चिंता

 

रुद्रपुर, देवरिया। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते रुद्रपुर-करहकोल मार्ग पर कई स्थानों पर रेनकट हो गए हैं। इससे सड़क पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके संबंधित विभाग स्थायी मरम्मत कराने के बजाय केवल खानापूर्ति करता नजर आ रहा है।

रुद्रपुर-करहकोल मार्ग पर पिड़रा, पचलड़ी, बैदा, करहकोल सहित लगभग आधा दर्जन स्थानों पर सड़क कट चुकी है। इनमें पचलड़ी के आगे स्थित भंगड़ा नाला सबसे अधिक खतरनाक बना हुआ है। यहां सड़क किनारे गहरा रेनकट होने से भारी वाहनों के लिए हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग ने केवल मिट्टी डालकर अस्थायी मरम्मत कर दी है, लेकिन सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए कोई मजबूत एवं स्थायी कार्य नहीं कराया गया। बारिश जारी रहने से यह रेनकट और चौड़ा होता जा रहा है।

गौरतलब है कि उग्रसेन सेतु (कपरवार पुल) बंद होने के कारण बड़ी संख्या में लोडेड ट्रक और अन्य भारी वाहन इसी मार्ग से होकर बड़हलगंज की ओर आ-जा रहे हैं। ऐसे में सड़क पर बने रेनकट किसी बड़े हादसे को दावत दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले करहकोल के पास रेनकट के कारण एक ट्रक पलट गया था। हालांकि उस दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आई थीं, लेकिन घटना के बाद भी विभाग ने स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

क्षेत्रीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि भंगड़ा नाला सहित सभी क्षतिग्रस्त स्थानों पर तत्काल पिचिंग एवं अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

29 जुलाई तक हर हाल में पूरी करें ग्राम प्रधानों की जांच, नहीं तो रुकेगा जुलाई का वेतन: डीएम

स्थलीय जांच पूरी कर  आख्या रिपोर्ट अनिवार्य रूप से करना होगा प्रस्तुत 

रुद्रपुर देवरिया। ग्राम प्रधानों के खिलाफ लंबित शिकायतों की जांच में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। 

जिलाधिकारी के निर्देश पर स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि 29 जुलाई तक जांच रिपोर्ट जमा नहीं करने वाले अधिकारियों का जुलाई माह का वेतन रोक दिया जाएगा।

जनपद में इस समय ग्राम प्रधानों से संबंधित 65 शिकायतों की जांच लंबित है। इन मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कई बार निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में अब तक जांच पूरी नहीं हो सकी है। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अंतिम समयसीमा तय कर दी है।

डीएम ने सभी नामित जांच अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे 29 जुलाई तक प्रत्येक मामले की स्थलीय जांच पूरी कर अपनी आख्या अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। समयसीमा का पालन न करने वाले अधिकारियों का जुलाई माह का वेतन जांच रिपोर्ट उपलब्ध होने तक रोक दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि ग्राम प्रधानों के विरुद्ध शिकायतों की जांच पंचायती राज अधिनियम में निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाती है। शिकायतकर्ता को नोटरी से सत्यापित शपथ पत्र और संबंधित साक्ष्यों के साथ शिकायत प्रस्तुत करनी होती है। प्रारंभिक जांच के बाद प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर जिला मजिस्ट्रेट किसी अन्य जिला स्तरीय अधिकारी को औपचारिक जांच के लिए नामित करते हैं। जांच के दौरान शिकायतकर्ता और संबंधित ग्राम प्रधान दोनों को नोटिस देकर मौके पर सुनवाई और जांच की जाती है, जिसके बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाती है।

डीएम ने कहा कि ग्राम प्रधानों से जुड़ी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण पंचायत व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जांच में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शिक्षक संकुल की हुयी बैठक बीईओ ने शिक्षण गुणवत्ता पर दिया जोर

वैठक मे जुलाई माह के एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से हुयी चर्चा

रुद्रपुर, देवरिया। विकासखंड रुद्रपुर के सभी 13 न्याय पंचायतों में मंगलवार को शिक्षक संकुल बैठकों का आयोजन किया गया। विभिन्न विद्यालयों में आयोजित बैठकों में संबंधित न्याय पंचायतों के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक शामिल हुए। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी जुलाई माह के एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

डाला न्याय पंचायत में आयोजित शिक्षक संकुल बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह ने प्रतिभाग किया। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही महानिदेशक, बेसिक शिक्षा द्वारा जारी 10 प्रमुख शिक्षण अभियान प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

बैठक में विद्यालयों में कैच-अप शिक्षण कार्यक्रम के प्रभावी संचालन, बच्चों में पठन संस्कृति विकसित करने तथा संदर्शिका, प्रिंट सामग्री, किट्स और निपुण तालिका जैसी शैक्षिक सामग्रियों का नियमित रूप से कक्षा शिक्षण में उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन 'डियर (Drop Everything And Read)' कार्यक्रम के तहत 30 मिनट तक समाचार पत्र एवं पुस्तकालय की पुस्तकों का पठन कराने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में पढ़ने की रुचि बढ़ेगी और भाषा दक्षता में सुधार होगा।बैठक में कक्षा पांच में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों का जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए समयबद्ध ऑनलाइन पंजीकरण कराने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर शिक्षक संकुल सत्य प्रकाश सिंह, छत्रपाल सिंह, संजय सिंह, प्रमोद यादव, सदानंद सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक उपस्थित थे

एस डी एम किया केवटलिया तटबंध का निरीक्षण .बांध पर कटानरोधी कार्य को गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश

रुद्रपुर (देवरिया) उप जिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने मंगलवार सुबह मदनपुर स्थित केवटलिया बांध का निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा तैयारियों और कटानरोधी कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता उपेंद्र कुमार के साथ करीब 2.28 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे बोल्डर पिचिंग एवं अन्य कटानरोधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया इस दौरान एसडीएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोग की जा रही सामग्री तथा कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

 उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएं, ताकि बरसात के दौरान तटबंध पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न रहे।

वाढ़ चौकी पर उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों तथा तैनात स्टाफ की स्थिति की समीक्षा

इसके बाद एसडीएम ने केवटलिया बाढ़ चौकी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लेते हुए मिट्टी से भरी बोरियां, लूज मिट्टी, उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों तथा तैनात स्टाफ की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन हर समय उपलब्ध रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता शुभम गुप्ता, राहुल चौधरी, प्रदीप मिश्रा सहित सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान योजना शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिला लाभ


रुद्रपुर, देवरिया। तहसील सभागार में मंगलवार को सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान योजना के तहत जिला समाज कल्याण विभाग, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला प्रोबेशन विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया तथा योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद एवं विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध जयप्रकाश निषाद

मुख्य अतिथि विधायक जयप्रकाश निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव और पूरी पारदर्शिता के पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, दिव्यांग, पिछड़े वर्ग एवं अल्पसंख्यक समाज के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

निषाद ने कहा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी, बैंक सखी सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, गरीबों को आवास, गांवों में सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से विकास का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का मिले लाभ एस डी एम

विशिष्ट अतिथि एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचे। उन्होंने कहा कि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) व्यवस्था से लाभार्थियों के बैंक खातों में धनराशि सीधे भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।

इस दौरान दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण तथा दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड एवं प्रमाण पत्र से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

पेंशन योजनाओं के अंतर्गत वृद्धावस्था, निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन के पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया तथा नए पात्रों के आवेदन भी प्राप्त किए गए।

शिविर में दिव्यांग अधिकारी प्रियंका चौधरी महिला कल्याण अधिकारी मीनू जयसवाल श्रम विभाग अधिकारी अश्वनी सिंह अमित उपाध्याय हरीश सिंह धीरज तिवारीआदि लोग उपस्थित थे


फार्मर आईडी और राजस्व मामलों में तेजी लाने के निर्देश, सरकारी भूमि उपलब्ध कराने पर डीएम का जोर

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को वर्चुअल बैठक के माध्यम से सभी उपजिलाधिकारियों के साथ राजस्व कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों के लिए आवश्यक सरकारी भूमि की उपलब्धता प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएम ने कहा कि जिन विभागों को शासकीय कार्यों के लिए भूमि की आवश्यकता है, उनके लिए उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर उपलब्ध कराया जाए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने अंश निर्धारण से जुड़े लंबित मामलों को तेजी से निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही फार्मर आईडी अभियान की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर आईडी तैयार कराने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने धारा-34, धारा-24 एवं धारा-116 के अंतर्गत लंबित राजस्व प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन मामलों में जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए अधिकारी गंभीरता से कार्य करें।

बैठक के अंत में डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि राजस्व कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार, 20 जुलाई 2026

देवरिया में गोर्रा, राप्ती, घाघरा व छोटी गंडक का जलस्तर बढ़ा, फिर भी खतरे के निशान से नीचे

रुद्रपुर देवरिया जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रमुख नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि गोर्रा, राप्ती, घाघरा (सरयू) और छोटी गंडक नदियां अभी भी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। बाढ़ खंड प्रशासन ने सभी नदियों की निगरानी तेज कर दी है।

मंगलवार सुबह आठ बजे जारी बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिले में 13 मिमी वर्षा दर्ज की गई। गोर्रा नदी का जलस्तर बढ़कर 65.60 मीटर, राप्ती नदी का 67.00 मीटर, घाघरा (सरयू) नदी का 67.50 मीटर तथा छोटी गंडक नदी का 62.10 मीटर रिकॉर्ड किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार गोर्रा नदी का खतरे का निशान 66.50 मीटर, राप्ती व घाघरा का 70.50 मीटर तथा छोटी गंडक का 63.80 मीटर है। सभी नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बाढ़ विभाग ने नदी तटीय क्षेत्रों पर विशेष निगरानी बनाए रखी है।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जिले में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

देवरिया में ट्रॉमा सेंटर निर्माण पर डीएम का बड़ा एक्शन, अल्टीमेटम के बाद भी काम नहीं बढ़ा तो नियमानुसार कार्यावाही करने का दिया निर्देश

रुद्रपुर देवरिया। मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन ट्रॉमा सेंटर की सुस्त रफ्तार पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त रुख अपनाया है। पूर्व में कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य जल्द पूरा कर ट्रॉमा सेंटर हैंडओवर करने का अल्टीमेटम देने के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर डीएम ने अब बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए कार्यदायी संस्था के खिला नियमानुसार कार्यवाही करने का निर्देश दिया है

सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यकक्ष में ट्रॉमा सेंटर परियोजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।

जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य को निर्देश दिया कि कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए 


उग्रसेन सेतु बंद होने का असर: खजुआ चौराहे से बस स्टेशन तक लगा भीषण जाम, एक घंटे तक थमा यातायात


रुद्रपुर (देवरिया)। राम जानकी मार्ग पर कपरवार स्थित उग्रसेन सेतु बंद होने के बाद भारी वाहनों का दबाव लगातार रुद्रपुर-करहकोल मार्ग पर बढ़ गया है। पिछले चार दिनों से इस मार्ग पर बड़ी लोडेड ट्रेलर और ट्रकों का आवागमन होने से रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे खजुआ चौराहे से लेकर बस स्टेशन तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

व्यस्ततम चौराहों पर हो पुलिस की व्यवस्था

उग्रसेन सेतु बंद होने के कारण बड़हलगंज फोरलेन की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रुद्रपुर-करहकोल मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है। सुबह के समय ट्रेलरों और अन्य बड़े वाहनों की संख्या अधिक होने से नगर के प्रमुख मार्गों पर जाम लग गया। जाम में फंसे स्कूली वाहन, एंबुलेंस, दोपहिया सवार और पैदल राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक उग्रसेन सेतु पर आवागमन बहाल नहीं हो जाता, तब तक नगर में भारी वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने के लिए प्रत्येक प्रमुख चौराहे पर पुलिस की तैनाती की जाए। साथ ही खजुआ चौराहे से बस स्टेशन तक सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को हटाया जाए, ताकि वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह मिल सके और जाम की समस्या से राहत मिल सके।


डी एम ने भटनी के कस्तूरबा विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, छात्राओं से पढ़वाया पाठ


रुद्रपुर देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को विकासखंड भटनी के रुपई स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पठन-पाठन व्यवस्था, छात्राओं की उपस्थिति, अभिलेखों तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने डिजिटल उपस्थिति प्रणाली की समीक्षा करते हुए छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और प्रत्येक छात्रा को नियमित रूप से विद्यालय आना चाहिए।

डीएम ने कक्षा छह और आठ की छात्राओं से संवाद कर उनसे पाठ्यपुस्तक पढ़वाई तथा विषय से जुड़े प्रश्न पूछे। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षकों को निर्देश दिया कि पढ़ाई का स्तर बेहतर बनाए रखें और किसी भी छात्रा का ड्रॉपआउट न होने दें।

सीलन व जलभराव की समस्या दूर कराने के दिए निर्देश

 उन्होंने विद्यालय के रसोईघर, कक्षाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। वार्डन ने भवन में सीलन और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के समय विद्यालय के लगभग सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

जनता दर्शन की शिकायत पर डीएम की त्वरित कार्रवाई अधिकारियों के गांव पहुंचकर किया निरीक्षण

रुद्रपुर देवरिया जनता दर्शन में मिली शिकायत पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर तहसील के ग्राम सभा कुसुमौनी पहुंचकर जलभराव की समस्या का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बताते चले कि सोमवार को जनता दर्शन में ग्राम सभा कुसुमौनी निवासी आकाश शर्मा समेत अन्य ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि साइफन चोक होने और बरसात के पानी की निकासी नहीं होने से खेतों में जलभराव हो गया है। इससे फसलें प्रभावित हो रही हैं और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संभावित विकल्पों का सर्वे कराकर स्थायी समाधान के साथ जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता को तत्काल खारी नाले की सफाई कराने तथा जलभराव का पानी छोटी गंडक नदी तक पहुंचाने की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता को सड़क निर्माण के दौरान अवरुद्ध या चोक नालों और साइफनों की तत्काल सफाई कर जल निकासी सुचारु कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा बाढ़ खंड और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को वर्तमान जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान के लिए पानी को नहर में पहुंचाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया, ताकि ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।

डीएम की त्वरित पहल के बाद जल निकासी की व्यवस्था शुरू होने पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, बाढ़ खंड, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज, दो नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस


रुद्रपुर, देवरिया। कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पीड़िता की मां की तहरीर के अनुसार उनकी 16 वर्षीय पुत्री 19 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे घर से लापता हो गई। आरोप है कि गांव के ही दो युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पीड़िता की मां ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो युवक शाहिद पठान एवं सुहेल पठान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। किशोरी का पता लगाने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है तथा सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

खबर का हुआ असर: गिरजा सरोवर की हुई सफाई, मंदिर परिसर में भी चला स्वच्छता अभियान

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर के प्रमुख धार्मिक स्थल दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर स्थित गिरजा सरोवर में गंदगी और कूड़े के अंबार को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरजा सरोवर की सफाई करा दी। साथ ही मंदिर परिसर में भी विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि हाल ही में "गिरजा सरोवर में गंदगी का अंबार, सफाई की मांग" शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था। खबर में सरोवर में जमा कूड़ा-कचरा, प्रदूषित पानी तथा श्रद्धालुओं को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया था। स्थानीय लोगों ने सावन माह को देखते हुए तत्काल सफाई कराने की मांग की थी।

इस पर संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत की टीम ने गिरजा सरोवर में सफाई अभियान चलाकर कूड़ा-कचरा हटाया तथा सरोवर की साफ-सफाई कराई। इसके साथ ही दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में भी व्यापक सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि सावन माह में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिल सके।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) नितेश गौरव ने बताया कि सावन के पावन पर्व को देखते हुए गिरजा सरोवर की सफाई करा दी गई है। साथ ही मंदिर परिसर में भी नियमित सफाई कराई जा रही है। नगर पंचायत श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है।स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी गिरजा सरोवर और मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई होती रहेगी, जिससे धार्मिक स्थल की गरिमा बनी रहे।

रविवार, 19 जुलाई 2026

नागरी प्रचारिणी सभा में एसडीएम अवधेश निगम को भावभीनी विदाई

देवरिया दिलकश भी रहा, दिलदार भी रहा और मेरा दिल से इस्तकबाल भी किया गया।"

देवरिया। नागरी प्रचारिणी सभा, देवरिया द्वारा आयोजित विदाई समारोह में रुद्रपुर के उप जिलाधिकारी अवधेश कुमार निगम को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर उन्होंने भावुक होकर कहा, "देवरिया दिलकश भी रहा, दिलदार भी रहा और मेरा दिल से इस्तकबाल भी किया गया।"

उन्होंने कहा कि नागरी प्रचारिणी सभा ने उन्हें लिखना, पढ़ना और जीना सिखाया। यहीं आकर उन्हें साहित्य का वास्तविक अर्थ समझ में आया और यह भी जाना कि एक साहित्यकार कैसा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देवरिया और यहां के लोगों से मिला स्नेह और सम्मान वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।

वरिष्ठ साहित्यकार अचल पुलस्तेय ने कहा कि साहित्यकार का कभी स्थानांतरण नहीं होता, वह अपनी रचनाओं के माध्यम से सदैव लोगों के बीच जीवित रहता है। उन्होंने कहा कि अवधेश निगम ने साहित्य के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का निर्माण किया।

सभा के सदस्य रजनीश मोहन गोरे ने कहा कि निगम जी में कभी अफसरी का अहंकार नहीं दिखा। वे हमेशा एक कवि की तरह सहज, सरल और सभी के लिए सुलभ रहे।

इस दौरान वरुण पाण्डेय, प्रार्थना राय, पार्वती देवी गौरा, सौदागर सिंह, कीर्ति त्रिपाठी, क्षमा श्रीवास्तव, योगेन्द्र तिवारी 'योगी', कौशल किशोर मणि, महेंद्र प्रसाद गोंड और लालता प्रसाद चौधरी सहित अनेक साहित्यकारों ने अपनी कविताओं के माध्यम से अवधेश निगम को भावभीनी विदाई दी।

समारोह में सुबास राय (पूर्व सभासद), उद्भव मिश्र, श्वेतांक मणि त्रिपाठी, राजेश मिश्र सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रवीन्द्र नाथ तिवारी ने की, जबकि संचालन गीतकार सरोज कुमार पाण्डेय ने किया।

टेस्टिंग में फूटी पाइपलाइन, दूसरे दिन सड़क पर फूटा पानी का फव्वारा

जल जीवन मिशन की गुणवत्ता पर उठे सवाल, लीकेज मिलने से लोगों में बढ़ी चिंता

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर पंचायत क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई नई पेयजल पाइपलाइन की टेस्टिंग के दौरान दूसरे दिन सड़क पर पानी का तेज फव्वारा फूटने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए। घटना जमुनी चौराहे के पास हुई, जहां पाइपलाइन की जांच के दौरान अचानक लीकेज होने से काफी देर तक पानी बहता रहा। इससे पहले पहले दिन गोला वार्ड में भी टेस्टिंग के दौरान पाइपलाइन में रिसाव मिला था।

नगर पंचायत द्वारा नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सभी 16 वार्डों में नई पाइपलाइन बिछाई गई है। करीब दो वर्षों से चल रहे इस कार्य के बाद अब पाइपलाइन की टेस्टिंग की जा रही है, लेकिन लगातार सामने आ रही लीकेज की घटनाओं ने योजना की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में इससे पहले भी करोड़ों रुपये खर्च कर दुग्धेश्वर नाथ वार्ड और भभौली में पानी की टंकियां बनाकर सीमेंट पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन उस समय भी टेस्टिंग के दौरान खामियां सामने आने से योजना सफल नहीं हो सकी और नगरवासियों को शुद्ध पेयजल का लाभ नहीं मिल पाया। अब नई योजना में भी शुरुआती चरण में ही पाइपलाइन फटने से लोगों में चिंता बढ़ गई है।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने बताया कि सभी वार्डों में नियमित जलापूर्ति शुरू करने से पहले पाइपलाइन की टेस्टिंग की जा रही है। जहां-जहां लीकेज मिल रहा है, वहां कार्यदायी संस्था से तत्काल मरम्मत कराई जा रही है। सभी खामियां दूर होने के बाद ही पेयजल आपूर्ति शुरू की जाएगी।

3 अगस्त को होगा नगर पंचायत के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

अध्यक्ष प्रतिनिधि छठ्ठे लाल निगम बोले— नया कार्यालय नगरवासियों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं देने में बनेगा मील का पत्थर

रुद्रपुर, देवरिया। जलकल रोड स्थित नगर पंचायत के नवनिर्मित कार्यालय के आगामी 3 अगस्त को प्रस्तावित उद्घाटन समारोह की तैयारियों को लेकर नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष प्रतिनिधि छठ्ठे लाल निगम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्घाटन समारोह की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभिन्न जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उद्घाटन के लिए तैयार नगर पंचायत का नवनिर्मित कार्यालय

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष प्रतिनिधि छठ्ठे लाल निगम ने कहा कि नगर पंचायत का नया कार्यालय नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे आम नागरिकों को एक ही स्थान पर बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह कार्यालय नगर प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान में भी सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों से उद्घाटन समारोह को गरिमामय और सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव, अवर अभियंता एस.पी. सिंह एवं रितेश कुमार, जल निगम के अवर अभियंता प्रदीप कुमार, वरिष्ठ लिपिक राम विनोद शुक्ला, सभासद मुकेश विश्वकर्मा, अंकित मणि त्रिपाठी, सुशील निगम, जय रतन चौरसिया, अनिल पांडे, सत्येंद्र रावत, राम प्रवेश भारती, तेज प्रताप गुप्ता, अजय जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में उद्घाटन समारोह की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्णय लिया गया।

22 जुलाई के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान, तैयारियों को अंतिम रूप

बैठक में विधायक जयप्रकाश निषाद ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने का किया आह्वान

रुद्रपुर, देवरिया। विधानसभा क्षेत्र रुद्रपुर में 22 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले बूथ अध्यक्ष सत्यापन एवं सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को मधुर मिलन मैरिज हॉल, रुद्रपुर में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए सभी मंडलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक जयप्रकाश निषाद ने कहा कि बूथ भाजपा संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। बूथ अध्यक्षों का सत्यापन एवं सम्मेलन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रमुखों, मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 22 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती ही आगामी चुनावों में सफलता का आधार बनेगी। सभी पदाधिकारी निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।

बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई 2026 को नाथ बाबा मंदिर, रुद्रपुर के पीछे स्थित सामुदायिक हॉल में बूथ अध्यक्ष सत्यापन एवं सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें विधानसभा क्षेत्र रुद्रपुर के सभी बूथ अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रमुख तथा उनके ऊपर के सभी पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।

बैठक में कार्यक्रम के समन्वयक रमेश सिंह एवं संगमधर द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष ऋषि कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार गुप्त, सुनील कुमार निषाद, विशाल द्विवेदी, मंडल महामंत्री कौशल किशोर सिंह, सुनील कुमार गुप्ता, जय बहादुर गौतम, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाष चंद्र मद्धेशिया सहित चारों मंडलों के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में सम्मेलन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी को आवश्यक दायित्व सौंपे गए।

शनिवार, 18 जुलाई 2026

सीडीओ ने पेयजल परियोजना व राजकीय नलकूप तथा विद्यालय का किया निरीक्षण .गुणवत्ता और संचालन पर दिया जोर

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील समाधान दिवस में शामिल होने के बाद मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह ने शनिवार को विकासखंड रुद्रपुर के विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल, सिंचाई एवं शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सबसे पहले सीडीओ ने ग्राम सभा गोनहा सुरतपुरा में संचालित हर घर जल योजना का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत एक नलकूप एवं 125 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। यह परियोजना पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित है। योजना के अंतर्गत 4.3 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है, जिससे 280 घरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसके बाद उन्होंने 2100 नवीन राजकीय नलकूप योजना के तहत ग्राम सभा पिंडरा स्थित राजकीय नलकूप संख्या-38 आईजी का निरीक्षण किया। इस परियोजना में 1.2 किलोमीटर भूमिगत पीवीसी पाइपलाइन बिछाई गई है तथा 10 कुलाबा (आउटलेट) बनाए गए हैं, जिससे क्षेत्र के लगभग 35 किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल रही है।

निरीक्षण के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने राजकीय हाई स्कूल, गोनहा सुरतपुरा का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को विद्यालय का संचालन बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने तथा आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखें और योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का किया निरीक्षण

समय से पहले कार्य पूरा करने के निर्देश

रुद्रपुर, देवरिया। नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजकुमार गुप्ता ने शनिवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र के बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने तिघरा-मराछी बांध, एकौना, पलिया छपरा के समीप नरायणपुर में चल रही बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का जायजा लिया और कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने परियोजना के निर्माण कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के मौसम को देखते हुए सभी कार्य निर्धारित समय से पहले पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बाढ़ कंट्रोल रूम पहुंचकर तैयारी का लिया जाएगा

इसके बाद उन्होंने भेड़ी में स्थापित बाढ़ मापक गेज तथा एकौना स्थित बाढ़ चौकी का भी निरीक्षण किया। वहीं पिडरा स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर बाढ़ से निपटने की तैयारियों, संसाधनों एवं निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली।

प्रशासन बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क 

एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने कहा कि प्रशासन बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखें। बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।इस दौरान सिंचाई विभाग के अवर अभियंता प्रदीप मिश्रा, सचिन मल एवं सर्वेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

दुग्धेश्वर नाथ मंदिर के गिरजा सरोवर में गंदगी का अंबार, सफाई की मांग तेज

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर के प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ स्थल दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर स्थित गिरजा सरोवर पोखरे में इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। मंदिर के सामने स्थित इस सरोवर की दुर्दशा से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। लोगों ने नगर पंचायत से तत्काल सफाई कराने की मांग की है।

दुग्धेश्वर नाथ मंदिर भगवान शिव का प्राचीन एवं आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के सामने स्थित गिरजा सरोवर तथा पीछे स्थित विशाल पोखरा धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। गिरजा सरोवर पोखरे मे  राधा-कृष्ण मंदिर भी स्थित है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गिरजा सरोवर में लंबे समय से  कूड़ा-कचरा और अन्य गंदगी जमा होने से पानी प्रदूषित हो गया है। इसके कारण सरोवर में रहने वाली मछलियां भी मरने लगी हैं। गंदगी से दुर्गंध फैलने के साथ ही धार्मिक स्थल की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है।

नागरिकों का आरोप है कि एक ओर नगर पंचायत स्वच्छता अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रही है, वहीं दूसरी ओर नगर के प्रमुख धार्मिक स्थल का सरोवर उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सरोवर की सफाई और सौंदर्यीकरण आवश्यक है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं नगर पंचायत से मांग की है कि गिरजा सरोवर की तत्काल सफाई कराई जाए व कचरे को हटाया जाए तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके और सरोवर का प्राकृतिक एवं धार्मिक महत्व बरकरार रहे।

आरसीसी नाले के निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

समय से पहले सांचा खोलने से दीवारों में पड़ रहीं दरारें


रुद्रपुर, देवरिया। नगर में जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में आरसीसी नालों का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। लाला टोली वार्ड में निर्माणाधीन आरसीसी नाले की दीवारों में सांचा समय से पहले हटाने के कारण दरारें पड़ने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार बस स्टेशन मार्ग से दाहिनी ओर स्थित लाला टोली वार्ड में कार्यदायी संस्था द्वारा आरसीसी नाले का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले की दीवारों में लगाए गए सांचे को कंक्रीट के पूरी तरह मजबूत होने से पहले ही खोल दिया जा रहा है। इससे दीवारों में दरारें पड़ रही हैं। बाद में इन दरारों को सीमेंट का लेप लगाकर भर दिया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं दिया गया तो लाखों रुपये की लागत से बन रहा यह नाला भविष्य में क्षतिग्रस्त हो सकता है और सरकारी धन का दुरुपयोग साबित होगा। लोगों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराते हुए मानकों के अनुरूप कार्य कराने की मांग की है।

ईओ बोले— गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा

इस संबंध में अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कार्यदायी संस्था को पहले भी सीमेंट और गिट्टी के मानकों के पालन के लिए आगाह किया जा चुका है। यदि कहीं भी निर्माण में अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

तहसील समाधान दिवस में कुल 42 प्रार्थना पत्र पड़े जिसमे आठ का हुआ निस्तारण

समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करे सुनिश्चित सीडीओ

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील सभागार रुद्रपुर में शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस में कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से राजस्व विभाग के आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 18, पुलिस विभाग की 2, विकास विभाग की 2, खाद्य एवं रसद विभाग की 2 तथा अन्य विभागों की 12 शिकायतें शामिल रहीं।

समाधान दिवस में कई महत्वपूर्ण शिकायतें भी सामने आईं। करमेल बनरही निवासी रामायण राजभर ने अराजक तत्वों पर अपने आश्रय स्थल को तोड़कर कब्जा करने का आरोप लगाया। वहीं लक्ष्मीपुर निवासी आशा देवी पत्नी दिनेश शर्मा ने बताया कि वह गरीब महिला हैं, लेकिन आज तक उनका राशन कार्ड नहीं बन सका है। मटिया माफी निवासी रमेश ने शिकायत करते हुए बताया कि आराजी संख्या 130 का मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है तथा न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश भी जारी है, इसके बावजूद विपक्षी खेत में धान की रोपाई कर रहे हैं। इसके अलावा सड़क, नाली, खड़ंजा एवं अन्य राजस्व संबंधी शिकायतें भी समाधान दिवस में प्रस्तुत की गईं।

सीडीओ राजेश सिंह ने समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों से उनके कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय, तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, खंड विकास अधिकारी एजाज अहमद, खंड शिक्षा अधिकारी राजकिशोर सिंह, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव, थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर सहित राजस्व विभाग के लेखपाल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया जे.पी. निषाद आरती देवी महाविद्यालय का शुभारंभ

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर में नवनिर्मित जे.पी. निषाद आरती देवी महाविद्यालय का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद कमलेश पासवान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक जयप्रकाश निषाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सांसद कमलेश पासवान का विधायक जयप्रकाश निषाद ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक ढंग से किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।

अपने संबोधन में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षण संस्थान की स्थापना एक सराहनीय पहल है, जिससे स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह संस्थान आने वाले वर्षों में शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता का केंद्र बनेगा।

सांसद कमलेश पासवान बोले– शिक्षा से होगा क्षेत्र का समग्र विकास


सांसद कमलेश पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना से बेटियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने युवाओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और देश व समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
क्षेत्र व विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय एक बड़ी सौगात जयप्रकाश निषाद
विधायक जयप्रकाश निषाद ने कहा कि जे.पी. निषाद आरती देवी महाविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी सौगात है। यह महाविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा और क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।

कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विश्व विजय निषाद ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के सहयोग और वरिष्ठ जनों के आशीर्वाद से इस महाविद्यालय का सपना साकार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह शिक्षण संस्थान आने वाली पीढ़ियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और बेहतर भविष्य प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

समारोह में उपस्थित लोगों ने महाविद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसे ग्रामीण अंचल में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया

तहसील समाधान दिवस में सीडीओ ने की विकास कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर दिया जोर

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील समाधान दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सीडीओ ने शिक्षा विभाग से विद्यालयों में संचालित वृक्षारोपण अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा पौधरोपण से संबंधित फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

इसके बाद उन्होंने गौरी बाजार न्याय पंचायत के गांवों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। साथ ही गौरी बाजार, भलुअनी, बैतालपुर एवं रुद्रपुर क्षेत्र की सुपरवाइजरों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने ग्राम विकास अधिकारियों (वीडीओ) को निर्देशित किया कि रुद्रपुर, गौरी बाजार एवं भलुअनी क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा जाए, ताकि शासन की योजनाओं, निर्देशों एवं आवश्यक सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने एडीओ पंचायत को ग्राम सचिवालयों का नियमित निरीक्षण करने, पंचायत सहायकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने तथा जहां भी कमियां हों, उन्हें चिन्हित कर शीघ्र कायाकल्प कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लिए गए फोटोग्राफ भी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।

बैठक में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं जल निगम के अधिकारियों को अपने विभागों द्वारा कराए गए प्रमुख विकास कार्यों एवं परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं राजकीय नलकूप विभाग से वर्तमान वित्तीय वर्ष में प्राप्त बजट से कराए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत करने तथा स्थलीय निरीक्षण कराने को कहा गया।

इसके अलावा बाढ़ खंड के अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा से संबंधित परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में सीडीओ ने अंत्योदय कार्डधारक परिवारों के घरों पर दो-दो पौधे लगाने का अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण की नियमित निगरानी, सत्यापन एवं प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए, ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाया जा सके।

थाना समाधान दिवस में 21 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर निस्तारण

रुद्रपुर (देवरिया)। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को रुद्रपुर सर...