गुरुवार, 30 अप्रैल 2026

आंधी-पानी का कहर: हड़हा ताल में डूबकर लगभग छः दर्जन भेड़ों की मौत

पशु पालको ने की मुआवजे की मांग

रुद्रपुर देवरिया क्षेत्र में बुधवार की शाम अचानक आई तेज धूल भरी आंधी, बारिश और तेज हवाओं ने भारी तबाही मचा दी। हड़हा ताल के किनारे भेड़ चरा रहे पशुपालकों की करीब 75 भेड़ें ताल में डूबकर मर गईं। घटना के बाद पशुपालकों में हड़कंप मच गया और वे बदहवास नजर आए।

जानकारी के अनुसार ग्राम तिघरा निवासी श्री प्रकाश पाल व सुनील पाल तथा ग्राम बैदा के गंगाधर  पशुपालक रोज की तरह लगभग 500 भेड़ों को हड़हा ताल के किनारे चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-पानी शुरू हो गया। तेज हवा और अफरा-तफरी के कारण भेड़ें इधर-उधर भागने लगीं और कई भेड़ें ताल में गिर गईं।

शोर सुनकर प्रधान होली बलिया व अखिलेश साहनी के नेतृत्व में ग्रामीण महेंद्र, सनी, रवि साहनी और पूनमचंद देवी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर ताल में कूदकर बचाव कार्य किया और कई भेड़ों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक करीब छह दर्जन भेड़ों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है। समाजसेवी शब्बीर अहमद ने प्रशासन से प्रभावित गरीब पशुपालकों को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की है।

महिला आरक्षण के समर्थन में भाजपा महिला मोर्चा की जन आक्रोश पदयात्रा

महिला आरक्षण देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम. मण्डल अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता

रुद्रपुर, देवरिया। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से प्रस्तावित जन आक्रोश महिला पदयात्रा का आयोजन नगर क्षेत्र में किया गया। कार्यक्रम के तहत भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में महिलाओं ने पैदल मार्च निकालकर महिला आरक्षण के विरोध करने वालों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और थाना परिसर तक पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की।

पदयात्रा में भाजपा महिला जिला महामंत्री बबीता चौहान व जिला मंत्री माया विश्वकर्मा  नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा निगम, ब्लॉक प्रमुख उषा पासवान, की अगुवाई में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

इस दौसन नीलम यादव, कुसुमावती निषाद महामंत्री हरि नारायण सिंह, सभासद दिलीप जायसवाल, तेज प्रताप, राजीव गुप्ता, सुनील गुप्ता, इंजीनियर सुशील चंद, महेश वर्मा, अमरेंद्र राव, सुनील श्रीवास्तव, अनूप मद्धेशिया, शिवशरण वर्मा, दीपक जायसवाल, मुमताज अहमद समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता पदयात्रा में शामिल हुए।

इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि महिला आरक्षण देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। जो लोग महिला आरक्षण का विरोध कर रहे हैं, वे महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जन-जन तक सरकार की नीतियों और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को पहुंचाएं और समाज में सकारात्मक संदेश दें।

बुधवार, 29 अप्रैल 2026

बरहज अधिवक्ता कांड: प्रस्तावित सपा आंदोलन से पहले नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट,

सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप

रुद्रपुर देवरिया। बरहज अधिवक्ता कांड में प्रधान राजेश यादव को कथित रूप से फंसाए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित तहसील घेरो आंदोलन से पहले ही पुलिस ने सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।

सपा नेता को हाउस अरेस्ट किया पुलिस

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह को क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव, थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर सपा नेता प्रदीप यादव को उनके निवास सेमरौना से उप निरीक्षक रामनिवास सहित पुलिस वल ने आवास पर ही नजरबंद कर दिया। इसके साथ ही  अन्य कई नेताओं को भी हाउस अरेस्ट किया गया, ताकि वे प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में शामिल न हो सकें।

पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह ने इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सरकार पुलिस बल के सहारे समाजवादी पार्टी की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बरहज में प्रधान राजेश यादव को सरकार अपनी कमियों को छुपाने के लिए जबरन फंसाकर मुकदमा दर्ज करा रही है।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर सपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही नेताओं को नजरबंद कर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया है।

पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो समाजवादी पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन कदम उठाए गए हैं।

करोड़ों की लागत से बना नाला बना बेकार, दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड पर जलभराव से जनता परेशान

रुद्रपुर देवरिया। नगर पंचायत द्वारा जल निकासी की समस्या दूर करने के उद्देश्य से दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए नाले की हकीकत पहली ही बारिश में सामने आ गई। बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश के बाद दुर्गा मंदिर के पास घुटनों तक पानी भर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

बुधवार को थोड़ी सी बारिश से सड़कों पर लगा पानी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले का निर्माण सड़क से लगभग दो फीट ऊंचाई पर कर दिया गया है, जिसके कारण सड़क का पानी नाले में जा ही नहीं पा रहा है। नतीजा यह है कि थोड़ी सी बारिश में ही सड़क पर जलभराव हो जाता है और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।लोगों का कहना है कि जब तक सड़क की ऊंचाई नाले के बराबर नहीं की जाएगी, तब तक पानी की निकासी संभव नहीं है। वर्तमान स्थिति में नाला खुद ही पानी से लबालब भरा रहता है और उसमें पानी का बहाव नहीं बन पा रहा है।

बताया जाता है कि नगर पंचायत द्वारा  पेट्रोल पंप से लेकर खजुआ चौराहे तक इस नाले का निर्माण कराया था, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

 सूत्रों की मानें तो पानी को जबरन खजुआ चौराहे की नाली से जोड़ने की कोशिश की गई, जबकि खजुआ चौराहा ऊंचाई पर स्थित है और मंदिर रोड ढलान पर है। ऐसे में पानी का प्राकृतिक बहाव संभव नहीं हो पा रहा है।बारिश के बाद की स्थिति ने नगर पंचायत के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और योजना पर सवाल खड़े कर दिए हैं। .स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि आने वाले बरसात के मौसम में राहत मिल सके।

सहज जन सेवा केंद्र संचालकों के साथ एस डी एम ने की बैठक, योजनाओं का लाभ बताने के निर्देश

तहसील या सहज सेवा जन क्रेन्द पहुंचे हर व्यक्ति का पंजीकरण सुनिश्चित करें – एसडीएम

रुद्रपुर देवरिया रुद्रपुर तहसील  में बुधवार को एसडीएम अवधेश निगम ने सहज जन सेवा केंद्र संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री को लेकर विशेष जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि तहसील या केंद्र पर आने वाले हर व्यक्ति को रजिस्ट्री के लिए प्रेरित किया जाए।

एसडीएम ने कहा कि कोई भी व्यक्ति आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र या अन्य कार्य के लिए आता है, तो उसे फार्मर रजिस्ट्री के बारे में जरूर बताया जाए और उसका पंजीकरण कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है, जिससे किसानों को सीधे लाभ पहुंचाया जाना है।

उन्होंने संचालकों से कहा कि वे लोगों को रजिस्ट्री के फायदे भी समझाएं, ताकि अधिक से अधिक किसान इससे जुड़ सकें और किसी भी योजना से वंचित न रहें।

भाजपा नेता राजीव गुप्ता के कैंप कार्यालय भामाशाह की धूम धाम से मनायी गयी जयंती


 
रुद्रपुर देवरिया दानवीर भामाशाह की जयंती बुधवार को भाजपा नेता राजीव गुप्ता के कैंप कार्यालय पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने केक काटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और भामाशाह के योगदान को याद किया।कार्यक्रम में केक राजू गुप्ता द्वारा काटा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 भाजपा नेता राजीव गुप्ता ने कहा कि दानवीर भामाशाह त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष के समय अपना सर्वस्व अर्पित कर देशभक्ति की मिसाल पेश की। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में संतोष गुप्ता, गोपाल गुप्ता, रामनाथ गुप्ता, सोहन गुप्ता, रामज्ञा गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, आकाश गुप्ता, बबलू गुप्ता, ओमकार गुप्ता, रजत गुप्ता, सोनू गुप्ता, रामावतार गुप्ता, यतेंद्र राधेश्याम गांधी दिनेश गुप्ता रविंद्र गुप्ता प्रेमचंद गुप्त नागेश्वर गुप्त महेश अशोक सन्दीप सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

महिला आरक्षण बिल के समर्थन में रुद्रपुर में गुरुवार को निकलेगी जन आक्रोश महिला पदयात्रा

रुद्रपुर (देवरिया) भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से महिला आरक्षण बिल के समर्थन तथा इसके विरोध के खिलाफ गुरुवार को रुद्रपुर में जन आक्रोश महिला पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि पदयात्रा सुबह 9:00 बजे रुद्रपुर बस स्टेशन से प्रारंभ होकर थाना परिसर तक पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को मजबूती देने के उद्देश्य से यह पदयात्रा आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम के माध्यम से महिला आरक्षण बिल के समर्थन में जनजागरूकता फैलाने का भी प्रयास किया जाएगा।

नगर मंडल अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

डीएम दिव्या मित्तल ने की बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप के तैयारियों की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट:मोड पर

रुद्रपुर देवरिया  जिलाधिकारी  दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में बुधवार को  विकास भवन स्थित गांधी सभागार में बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में बाढ़ पूर्व तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के सख्त निर्देश दिए गए। 

डीएम ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ निरोधी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बाढ़ निरोधी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं डी एम

जिलाधिकारी ने तटबंधों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने, रेनकट और क्षतिग्रस्त स्थलों को चिन्हित कर प्राथमिकता से मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बाढ़ निरोधी परियोजनाएं निर्धारित समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही बोल्डर, जियोबैग समेत आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा।

उन्होंने नाव, नाविक और गोताखोरों का चिन्हांकन कर उन्हें हर परिस्थिति के लिए तैयार रखने और उनके भुगतान में कोई देरी न होने के निर्देश भी दिए। उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील स्थलों और तटबंधों का निरीक्षण करने के लिए कहा गया।

डीएम ने राहत शिविरों को पहले से चिन्हित कर उन्हें सक्रिय रखने तथा बाढ़ नियंत्रण कक्षों में कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने खराब हैंडपंपों को तत्काल ठीक कराने और उथले हैंडपंपों पर लाल निशान लगाने को कहा, ताकि दूषित जल से होने वाली बीमारियों से बचाव किया जा सके।

पशुओं के चारे के लिए भूसा और साइलेज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने नगर निकाय और पशुपालन विभाग को टेंडर प्रक्रिया में एकरूपता बनाए रखने को कहा। विद्युत विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ढीले और लटके तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को संभावित प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की सूची तैयार करने, आवश्यक दवाओं, एंटी स्नेक वेनम और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लाइफ जैकेट और राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ से पहले की गई तैयारियां ही आपदा के समय काम आती हैं, इसलिए सभी विभाग अभी से समन्वय के साथ कार्य करें।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बाढ़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और तटबंधों की निगरानी को लेकर पुलिस विभाग की तैयारियों की जानकारी दी।

अधिशासी अभियंता बाढ़ ने प्रोजेक्ट के माध्यम से दी तैयारी की जानकारी

अधिशासी अभियंता बाढ़ राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि जनपद में 12 नई बाढ़ निरोधी परियोजनाओं पर कार्य जारी है, जिन्हें 15 जून 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। जनपद में 40 तटबंध (कुल लंबाई 241.048 किमी), 56 ड्रेन (734.78 किमी) और 27 रेगुलेटर मौजूद हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मंगलवार, 28 अप्रैल 2026

सरकारी योजनाओं का फायदा पाने के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, लापरवाही पड़ सकती है भारी

रुद्रपुर देवरिया तहसील क्षेत्र में किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से एसडीएम अवधेश निगम ने फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ तभी मिल सकेगा, जब किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री समय से पूरा कर लेंगे।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री के जरिए किसानों का डेटा अपडेट किया जा रहा है, जिससे उन्हें सब्सिडी, बीमा, मुआवजा और अन्य सरकारी सुविधाएं सीधे और पारदर्शी तरीके से मिल सकें। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे नजदीकी जनसेवा केंद्र या संबंधित कार्यालय पर जाकर जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन कराएं।

उन्होंने यह भी कहा कि कई किसान अभी तक रजिस्ट्री नहीं करा पाए हैं, जिसके कारण वे योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं। इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें और समय रहते प्रक्रिया पूरी करें।

एसडीएम अवधेश निगम का किसानो को दिया संदेश

“किसान भाई अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं, ताकि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सीधे उन्हें मिल सके।”



गाँव की समस्या, गाँव में समाधान: डीएम दिव्या मित्तल की चौपाल में मौके पर निस्तारण

 गाँव की समस्या, गाँव में समाधान” के संकल्प के साथ विकास कार्यों को  मिल रही नई गति डी एम

रुद्रपुर देवरिया,। विकास खंड पथरदेवा के ग्राम पंचायत मलघोट विरैचा में आयोजित “ग्राम चौपाल (गाँव की समस्या, गाँव में समाधान)” कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर सीमा पांडेय, जिला विकास अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गयी जानकारी 

चौपाल में अलग-अलग विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जनहित में कार्यों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

गोद भराई करते जिलाधिकारी 


जिलाधिकारी ने कराया बच्चे का अन्नप्राशन

कार्यक्रम के दौरान गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी सम्पन्न कराया गया। साथ ही राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन एवं निराश्रित पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

स्कूली बच्चों ने किया सांस्कृतिक कार्यक्रम मे सरस्वती वंदना, स्वागत गीत प्रस्तुत

इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय एवं अधिकारियों ने सराहा।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित चौपालों के माध्यम से अब ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “गाँव की समस्या, गाँव में समाधान” के संकल्प के साथ विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।

चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और योजनाओं का लाभ प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया। 

राजनीति से ऊपर इंसानियत: अखिलेश यादव ने बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल से की मुलाकात

 रुद्रपुर देवरिया  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को मेदान्ता अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

गौरतलब है कि बीते दिनों महिला आरक्षण बिल के विरोध में प्रदर्शन के दौरान अनुपमा जायसवाल, अखिलेश यादव का पुतला दहन कर रही थीं। इसी दौरान आग की चपेट में आने से उनका चेहरा झुलस गया था, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मेदान्ता अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अखिलेश यादव ने अस्पताल पहुंचकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और चिकित्सकों से भी उनकी स्थिति की जानकारी ली। इस मुलाकात को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण माना जा रहा है।

घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इस मुलाकात की चर्चा तेज हो गई है।

गोर्रा नदी में डूबे युवक का शव बरामद, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

रुद्रपुर (देवरिया)। गोर्रा नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सोमवार शाम उसका शव नदी में उतराता मिला, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम विट्ठलापुर निवासी सद्दाम हुसैन रविवार को अपने दोस्त और भाई मोहम्मद हुसैन के साथ डहरौली बुजुर्ग गांव स्थित गोर्रा नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद परिजन और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन रविवार को उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

सोमवार की शाम युवक का शव नदी में उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक कृषिकांत राय मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावियों का सम्मान, डीएम ने बढ़ाया उत्साह

 

रुद्रपुर/देवरिया। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने मेधावियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह में हाईस्कूल के 17 और इंटरमीडिएट के 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान डीएम ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए निरंतर परिश्रम करना चाहिए।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. स्कन्द शुक्ल ने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारण, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच जरूरी है। उन्होंने समय के सदुपयोग पर बल देते हुए कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों के सहयोग से ही विद्यार्थी इस मुकाम तक पहुंचते हैं।

हाईस्कूल में साक्षी राय (96.50%), प्रीती यादव व श्वेता पटेल (96.33%), आकांक्षा सिंह (96.17%), श्वेता मौर्या (95.67%), सुप्रिया (95.33%), रोहित प्रजापति, अनुभव मिश्रा, अर्पिता सिंह (95.17%), अंशु यादव व नीमी प्रजापति (95%), रीधी उदयपुरिया (94.83%), आदित्य मौर्या, सुप्रिया सिंह, प्रिया गुप्ता (94.67%), सुप्रिया पटेल व सृष्टि यादव (94.50%) शामिल रहे।

इंटरमीडिएट में सलोनी प्रजापति (93.60%), तुलिका चौरसिया (91.80%), कुमार काजल पाल (91.60%), निर्भय गौंड (91.40%), श्रुति यादव (91.20%), अनन्या सिंह (91%), अराधना कुमारी (90.20%), आशिया खातून (89.80%), शिवांगी वर्मा (89.40%), शालिनी राव (89.40%) व शालू यादव (89.20%) को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सह जिला विद्यालय निरीक्षक निलेश पांडेय, जीआईसी देवरिया के प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र, उप प्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व अभिभावक उपस्थित रहे।

सोमवार, 27 अप्रैल 2026

घर में घुसा 14 फीट का अजगर, तीन दिन बाद वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

रुद्रपुर देवरिया। एकौना थाना क्षेत्र के पचरुखा चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया जब शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे रोशन चौहान के आवासीय मकान में एक विशालकाय अजगर घुस गया। घर में अजगर दिखाई देते ही परिजनों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के चलते क्षेत्र में 10 से 14 फीट लंबे अजगरों के रिहायशी इलाकों में घुसने की घटनाएं बढ़ रही हैं। आशंका है कि भोजन और ठंडे स्थान की तलाश में ये सांप आबादी की ओर रुख कर रहे हैं।घटना की सूचना तत्काल एकौना थाना को दी गई, जिस पर थानाध्यक्ष आनंद पाण्डेय ने वन विभाग को अवगत कराया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई, लेकिन अजगर को पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब तीन दिन की निगरानी और प्रयास के बाद सोमवार रात वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया।

वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के मामलों में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत सूचना दें ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।

आस्था और करुणा की मिसाल बनीं डीएम दिव्या मित्तल धर्म के साथ पशु-प्रेम की झलक,

  सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल

रुद्रपुर देवरिया जनपद की लोकप्रिय जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि धर्म के प्रति आस्था और जानवरों के प्रति उनका स्नेह है, जिसका एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल हो रहे तस्वीर में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल धार्मिक स्थल पर श्रद्धा भाव के साथ ही  मौजूद जानवरों के प्रति भी अपनापन दिखाया, उन्हें दुलारते और उनकी देखभाल करते हुए देखा गया। उनके इस व्यवहार ने लोगों का दिल जीत लिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डीएम दिव्या मित्तल का यह रूप उनके संवेदनशील और मानवीय व्यक्तित्व को दर्शाता है। एक ओर जहां वे प्रशासनिक जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही हैं, वहीं दूसरी ओर समाज और जीव-जंतुओं के प्रति उनका प्रेम भी प्रेरणादायक है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं और उनकी सराहना करते नहीं थक रहे। लोगों का कहना है कि ऐसे अधिकारी समाज के लिए मिसाल होते हैं, जो कर्तव्य के साथ-साथ मानवीय मूल्यों को भी महत्व देते हैं।

दत्तात्रेय धाम के संस्थापक ने एसडीएम को सौंपा पत्रक पराली जलाने वालों पर कार्रवाई की उठाई मांग

 

रुद्रपुर, देवरिया। क्षेत्र के नकईल बेलूआर घाट स्थित दत्तात्रेय धाम के पास पराली जलाने से हुए नुकसान को लेकर धाम के संस्थापक स्वामी परमानंद गिरि ने एसडीएम रुद्रपुर अवधेश निगम को पत्रक सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्वामी परमानंद गिरि ने बताया कि सरकार द्वारा पराली जलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है, इसके बावजूद कुछ किसान मनमाने ढंग से पराली जला रहे हैं। इससे न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में ऐसी ही घटनाओं में एक व्यक्ति की जलकर मृत्यु भी हो चुकी है, इसके बावजूद पराली जलाने का सिलसिला थम नहीं रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दिनों उनके आश्रम के समीप किसान राजाराम गुप्ता द्वारा पराली में आग लगा दी गई, जिसकी चपेट में आकर आश्रम परिसर में लगे फलदार वृक्ष झुलस गए। इसकी सूचना प्रशासन को दी गई, जिस पर नायब तहसीलदार ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

स्वामी परमानंद गिरि ने प्रशासन से मांग की है कि पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

जनहित समस्याओं के निस्तारण को बेचनराम ने नियुक्त किया अपना प्रतिनिधि, क्षेत्र में खुशी की लहर

रुद्रपुर देवरिया। जनहित से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए मुंडेरा बाजार के पूर्व विधायक (भाजपा) व उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष बेचनराम ने रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के रामलक्षन निवासी विजय यादव को जनपद देवरिया का अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है।

इस नियुक्ति के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि अब जन समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी और आम जनता की आवाज प्रभावी ढंग से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचेगी।

विजय यादव की नियुक्ति पर अखिलेश सिंह, रमेश यादव, अमित कुमार, रामलाल निषाद, जगरोशन गुप्ता, विवेक गौतम, प्रवीण निषाद, उमेश कुमार व मुन्ना निषाद सहित कई लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।

रविवार, 26 अप्रैल 2026

बिना हेलमेट चलना पड़ा भारी: रुद्रपुर में पुलिस ने 5 वाहनों का किया ई-चालान

रुद्रपुर, देवरिया।सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत रुद्रपुर नगर के खजुहा चौराहे पर उप निरीक्षक बाल गंगाधर ने अपनी टीम के साथ वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उनके साथ वैभव प्रताप सिंह, सुरेंद्र साहनी और प्रदीप यादव भी मौजूद रहे।

चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट तीन सवारी चलते पाए जाने पर कुल पांच वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग ₹4000 का ई-चालान किया गया।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट अवश्य पहनें और सभी यातायात नियमों का पालन करें।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चालकों में हड़कंप देखा गया, वहीं जिम्मेदार नागरिकों ने इसे सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी कदम बताया।

देवरिया पुलिस लाइन्स में 17 प्लाटूनों की पासिंग आउट परेड

  485 महिला रिक्रूट्स बनीं कांस्टेबल

 

देवरिया। रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स के परेड ग्राउंड में 485 महिला रिक्रूट कांस्टेबलों की भव्य पासिंग आउट परेड गरिमामय माहौल में संपन्न हुई। 

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रिक्रूट्स हुयी सम्मानित 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी दिव्या मित्तल रहीं, जबकि पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने उनका स्वागत करते हुए परेड का निरीक्षण कराया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रिक्रूट्स को सम्मानित किया।

चयनित रिक्रूट्स मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन और प्रशिक्षण का शानदार किया प्रदर्शन

परेड में कुल 17 प्लाटूनों ने सुसंगठित एवं आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन और प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन किया। चयनित रिक्रूट्स में 185 बहराइच, 123 महाराजगंज और 177 देवरिया जनपद की शामिल रहीं।

कमांड और प्लाटून नेतृत्व

परेड की फर्स्ट-इन-कमाण्ड विभा तिवारी, सेकण्ड-इन-कमाण्ड शन्नो और थर्ड-इन-कमाण्ड किरन यादव रहीं। सभी 17 प्लाटूनों का नेतृत्व अलग-अलग महिला प्लाटून कमांडरों ने संभाला, जिन्होंने उत्कृष्ट समन्वय और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।

जिलाधिकारी ने रिक्रूट्स को कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का दिया संदेश 

परेड के दौरान सभी प्लाटूनों ने तालमेल और अनुशासन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की सराहना करते हुए रिक्रूट्स को कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया, साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और सहायता में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रिक्रूट्स को हुयी सम्मानित 

शारीरिक प्रशिक्षण: सविता यादव .शस्त्र प्रशिक्षण: स्वाति सिंहभीड़ नियंत्रण: अंकिता तिवारी सर्वांग सर्वोत्तम: रश्मि सिंह कानून विषय (बीएनएस, बीएनएसएस, साक्ष्य अधिनियम): ललिता पाल संविधान व मानवाधिकार: राधा सरोज साइबर/सीसीटीएनएस: अस्मिता पाण्डेय अंतःकक्ष परीक्षा: काजल वर्मा को सम्मानित किया

साथ ही प्रशिक्षकों में आईटीआई शशिकिरण कुशवाहा और पीटीआई मुकेश कुमार को सर्वश्रेष्ठ बाह्य प्रशिक्षक तथा निरीक्षक अरविन्द यादव को सर्वश्रेष्ठ अंतःविषय प्रशिक्षक का पुरस्कार दिया गया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

शनिवार, 25 अप्रैल 2026

होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू: पहले दिन डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

रुद्रपुर देवरिया।उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से जनपद में कड़ी निगरानी के बीच शुरू हो गई। तीन दिवसीय परीक्षा (25, 26 व 27 अप्रैल) के पहले दिन जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

केंद्र व्यवस्थापकों को दिया निर्देश कहा परीक्षा पारदर्शिता से हो

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की सुविधा, सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। साथ ही सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

जिन केंद्रों का निरीक्षण किया गया, उनमें राजकीय इंटर कॉलेज और महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज समेत अन्य केंद्र शामिल रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है।

प्रशासन के अनुसार प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य परीक्षा सहायक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए आरक्षित मजिस्ट्रेट भी नामित किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की निगरानी में परीक्षा के पहले दिन सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अगले दो दिनों के लिए भी इसी तरह सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

|

समाधान दिवस फीका: तीन थानों में 17 में से सिर्फ 3 शिकायतों का निस्तारण

 अधिकारियों की होमगार्ड परीक्षा में लगी ड्यूटी फरियादी हुए बैरंग वापस

रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर सर्किल के मदनपुर, एकौना और रुद्रपुर थानों में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस इस बार फीका नजर आया। कुल 17 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, लेकिन इनमें से केवल 3 का ही निस्तारण किया जा सका।

जानकारी के अनुसार, जिले में होमगार्ड परीक्षा में अधिकारियों की ड्यूटी लगने और जनगणना प्रशिक्षण में राजस्व कर्मियों की व्यस्तता के कारण समाधान दिवस का असर कम दिखा। कई स्थानों पर अधिकारी और कर्मचारी पूरी संख्या में मौजूद नहीं रहे, जिससे फरियादियों को निराशा हाथ लगी।

रुद्रपुर कोतवाली में तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ, जहां 6 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, लेकिन एक का भी निस्तारण नहीं हो सका।

मदनपुर थाने में नायब तहसीलदार अनिल तिवारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ, जहां कुल 2 प्रार्थना पत्र आए, लेकिन किसी का निस्तारण नहीं हो पाया।

वहीं, एकौना थाने में उपनिरीक्षक मोहम्मद इस्माइल की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 9 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 का निस्तारण किया गया।

कुल मिलाकर, अधिकारियों की अनुपस्थिति और व्यस्तता के चलते समाधान दिवस अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सका, जिससे फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा।

21 मई तक स्वगणना, 22 मई से घर-घर सर्वे; लापरवाही पर होगी FIR

प्रशिक्षण में लापरवाही पर सख्ती, होगी FIR डी एम

रुद्रपुर देवरिया जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। 7 से 21 मई तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान चलाया जाएगा, जबकि 22 मई से 20 जून तक घर-घर सर्वेक्षण (मकान सूचीकरण) का कार्य किया जाएगा। 

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने सभी विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं और अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।

डीएम ने बताया कि स्वगणना के दौरान नागरिक ऑनलाइन पोर्टल या क्यूआर कोड के माध्यम से स्वयं अपने और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क, जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षण, विद्यालयों व महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम तथा विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करें और शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करें। आमजन को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर व पंपलेट के जरिए व्यापक प्रचार पर जोर दिया गया है। शिक्षकों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों और गणमान्य लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

डीएम ने बताया कि स्वगणना के बाद 22 मई से शुरू होने वाले घर-घर सर्वेक्षण में गणनाकर्मी प्रत्येक मकान पर जाकर विवरण दर्ज करेंगे। पूरे अभियान की लगातार निगरानी और समीक्षा की जाएगी तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे सही और पूरी जानकारी देकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहयोग करें।

जनगणना प्रशिक्षण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने या ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले प्रगणक और सुपरवाइजर के खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कराई जाएगी। इस प्रावधान के तहत दोषी को तीन वर्ष तक की सजा, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

प्रशासन के अनुसार, सबसे पहले अनुपस्थित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी लापरवाही या कार्य से इनकार करने पर संबंधित के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026

पराली की आग आश्रम तक पहुंची, फलों के पेड़ झुलसे, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला

 

रुद्रपुर, देवरिया। शासन-प्रशासन के सख्त निर्देशों के बावजूद क्षेत्र में पराली जलाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को वेलुआर घाट स्थित दत्तात्रेय धाम आश्रम के पास खेतों में जलाई गई पराली की आग की लपटें आश्रम परिसर तक पहुंच गईं। इससे आश्रम में लगे कई फलदार पेड़ झुलस गए, हालांकि संयोगवश एक बड़ा हादसा टल गया।

आश्रम के संस्थापक स्वामी परमानंद गिरि ने बताया कि पास के खेत में किसानों द्वारा पराली में आग लगा दी गई थी। तेज हवा के कारण आग की लपटें फैलते हुए आश्रम तक पहुंच गईं। इससे आश्रम परिसर में लगे सेव, कपूर, रुद्राक्ष, केवड़ा, नाशपाती, चीकू, मौसमी, अंजीर, आलूबुखारा और संतरे के पेड़ गर्मी की तपिश से झुलस गए।

उन्होंने कहा कि बड़ी परिश्रम से आश्रम में फलों के पेड़ लगाकर आश्रम को सजाया गया था

खेतों में जली पराली के आग को बुझाते हुए फायर ब्रिगेड के कर्मचारी

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आश्रम को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। घटना की सूचना तत्काल एसडीएम रुद्रपुर को दी गई, जिसके बाद नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

स्वामी परमानंद गिरि ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बीते दिन रुद्रपुर क्षेत्र में पराली की आग से एक युवक के जिंदा जलने की घटना के बाद भी किसान सबक नहीं ले रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

देवरिया में देवनन्दन इंटर कॉलेज का जलवा, सलोनी बनीं जिला टॉपर

 कन्हैया यादव

बघौचघाट (देवरिया)। यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में देवनन्दन इंटर कॉलेज, वृक्षापट्टी-पथरदेवा के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में अपना परचम लहरा दिया। इंटरमीडिएट और हाईस्कूल दोनों ही वर्गों में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

इंटरमीडिएट परीक्षा में सलोनी प्रजापति ने 93.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद मेरिट सूची में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि सलोनी ने जेईई मेन भी क्वालीफाई किया है। इससे पहले हाईस्कूल में भी वह जिले में चौथा स्थान प्राप्त कर चुकी हैं। उनके पिता पथरदेवा बाजार में किराना दुकान चलाते हैं, जिससे उनकी सफलता और भी प्रेरणादायक बन गई है।

इसी क्रम में शालू यादव ने 89.20 प्रतिशत अंक के साथ जनपद मेरिट में दसवां स्थान प्राप्त किया। वहीं तमन्ना खातून (88.2%), सना परवीन (88%) और संजना गुप्ता (87.6%) ने भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगाए।

हाईस्कूल परीक्षा में भी छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। साक्षी राव और अंशुला यादव ने 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। आकांक्षा तिवारी (91%), रोशनी सिंह (90.6%), राकेश पासवान (90.2%) और करन गुप्ता (90%) ने भी 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।

छात्र-छात्राओं की इस सफलता पर प्रदेश कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विद्यालय के प्रबंधक ब्रह्मा यादव, प्रधानाचार्य जितेन्द्र यादव समेत समस्त शिक्षकगणों ने मेधावियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

लंगड़ा बाजार में आमने-सामने बाइक भिड़ंत, युवक गंभीर घायल

रुद्रपुर देवरिया  क्षेत्र के भलुअनी नगर पंचायत वार्ड नंबर 35 निवासी राकेश (पुत्र सुरेश प्रसाद) गुरुवार को लंगड़ा बाजार में हुई सड़क दुर्घटना...